Responsive Scrollable Menu

Tirupati Laddu Prasadam: मिलावटी घी मामले में ED ने सुकृति फूड्स के मालिक कैलाश चंद मंगला को पकड़ा

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन के आरोप में घी बनाने वाली कंपनी के प्रवर्तक को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को कहा कि तिरुपति लड्डू प्रसाद तैयार करने में इस्तेमाल किया गया घी कथित तौर पर रिफाइंड पाम ऑयल, पामोलीन और विभिन्न रसायनों से बनाया गया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के घी में मिलावट मामले में हैदराबाद स्थित ईडी कार्यालय ने सुकृति फूड्स के कैलाश चंद मंगला को 17 सितंबर को हिरासत में लिया। एजेंसी ने कहा कि मंगला को विशाखापत्तनम की धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

ईडी ने दावा किया कि उसकी जांच में पता चला कि मिलावटी घी (जिसका इस्तेमाल तिरुपति लड्डू प्रसाद तैयार करने में किया गया) कथित तौर पर रिफाइंड पाम ऑयल, पाम कर्नेल ऑयल, पामोलीन और एमजी-90, मोनोग्लिसराइड्स, मायवेसिट सॉफ्ट 400 तथा एसिटिक एसिड एस्टर समेत विभिन्न रसायनों का इस्तेमाल कर तैयार किया गया था। इसके बाद इसे टीटीडी को आपूर्ति के लिए एगमार्क स्पेशल ग्रेड गाय घी के रूप में भेजा गया। एजेंसी ने दावा किया कि 2019-2024 के दौरान टीटीडी को इस तरह के घी की आपूर्ति का मूल्य 230 करोड़ रुपये था और इसमें से 96 करोड़ रुपये का मिलावटी घी मंगला द्वारा तैयार किया गया था।

एजेंसी ने कहा कि मंगला इस मामले में सह-साजिशकर्ताओं में से एक था। उसने मिलावट वाले पदार्थों की खरीद में मदद की और अपनी फैक्टरी परिसर में मिलावटी घी तैयार किया। ईडी ने कहा, ‘‘उसने श्री वैष्णवी डेयरी स्पेशलिटीज, मालगंगा मिल्क एंड एग्रो प्रोडक्ट्स और ए.आर. डेयरी फूड्स समेत विभिन्न छद्म कंपनियों के जरिए मिलावटी घी की आपूर्ति का समन्वय भी किया।’’ ईडी ने आरोप लगाया, ‘‘मंगला ने घी और रिफाइंड पाम ऑयल की बिक्री तथा खरीद से संबंधित फर्जी रिकॉर्ड तैयार किए।

इसका उद्देश्य मिलावट वाले पदार्थों के वास्तविक इस्तेमाल को छिपाना और असली गाय के घी के वैध उत्पादन एवं आपूर्ति का दिखावा करना था।’’ एजेंसी ने इससे पहले इसी तरह के आरोपों में भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी मिल्क नामक कंपनी के प्रवर्तक और निदेशक विपिन जैन को गिरफ्तार किया था।

Continue reading on the app

TMC चुनाव चिह्न विवाद पर BJP का हमला, Rahul Gandhi को याद दिलाया सरकारों को गिराने का इतिहास

तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न विवाद को लेकर सत्तारूढ़ दल पर ‘‘सरकार चोरी’’ और ‘‘पार्टी चोरी’’ का आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार किया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस नेता को पहले अपनी पार्टी का इतिहास देखना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उसने किस तरह विपक्षी दलों को ‘‘खत्म’’ किया और उनकी सरकारों को ‘‘गिराया’’। गांधी के आरोप को खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, न कि कांग्रेस की तरह ‘‘गंदे खेल’’ खेलकर।

रीजीजू ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है। यह किसी एक परिवार विशेष के व्यक्ति की पार्टी नहीं है। यहां जो नेता सबसे बड़ी सफलता हासिल करते हैं, वे अपनी दूरदृष्टि के साथ आगे बढ़ते हैं और नेतृत्व की भूमिका निभाते हैं।

पार्टी का अध्यक्ष भी सामान्य कार्यकर्ताओं में से ही उभरकर आता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी के आरोप उन पर और उनकी पार्टी पर ही लागू होते हैं। कांग्रेस को हमारे राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) पर उंगली उठाने की कोई जरूरत नहीं है।’’ भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अचानक समर्थन वापस लेकर एच डी देवेगौड़ा, चौधरी चरण सिंह, चंद्रशेखर और आई. के. गुजराल के नेतृत्व वाली सरकारों को गिरा दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा पर आरोप लगाने से पहले राहुल गांधी को अपनी ही पार्टी का इतिहास देखना चाहिए।

अगर राहुल गांधी अपनी पार्टी का इतिहास नहीं जानते हैं तो वह अपनी पार्टी का नेता बने रहने के भी योग्य नहीं हैं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बने रहने की बात तो दूर है।’’ त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसमें कभी भी ‘‘बड़ा विभाजन’’ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस ने लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला किया, तब भाजपा और भारतीय जनसंघ भी उनकी रक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहे। कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न के इस्तेमाल पर रोक लगाए जाने को शुक्रवार को ‘‘पार्टी चोरी’’ करार दिया और कहा कि यह लड़ाई सिर्फ पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नहीं, बल्कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव चाहने वाले हर राजनीतिक दल और मतदाता की है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर राजनीतिक दलों को तोड़ने तथा उनके चुनाव चिह्न छीनने का आरोप लगाया। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए गांधी ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ ममता बनर्जी की नहीं है, बल्कि यह हर राजनीतिक दल, हर मतदाता की लड़ाई है, जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहता है। भाजपा महासचिव स्मृति ईरानी ने गांधी की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग को बदनाम करने और सत्तारूढ़ दल पर हमला करने का एक और प्रयास करके उन्होंने ‘‘कांग्रेस के कलंकित इतिहास’’ को उजागर कर दिया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने एक वीडियो संदेश में पूछा, ‘‘राहुल गांधी निर्वाचन आयोग पर हमला करने पर क्यों अड़े रहते हैं, जबकि दुनिया भर में इस आयोग की तारीफ लोकतंत्र के वाहक के तौर पर की जाती है। इसे एक ऐसे आयोग के रूप में भी सराहा जाता है, जिसने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके यह सुनिश्चित किया है कि हर वोट की गिनती हो।’’ ईरानी ने सवाल किया, ‘‘निर्वाचन आयोग पर लगातार हमला जारी रखकर वह किसके एजेंडे को पूरा कर रहे हैं?’’ गांधी पर निशाना साधते हुए त्रिवेदी ने कहा, ‘‘1997 तक अपने शासन के दौरान कांग्रेस ने किसी अन्य दल की निर्वाचित सरकार को अपना कार्यकाल पूरा नहीं करने दिया, जब उसके पास ऐसा करने की शक्ति थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने केरल में ई. एम. एस. नंबूदरीपाद सरकार को (1959 में) बर्खास्त कर दिया। उसने 1963 में प्रजा सोशलिस्ट पार्टी को खत्म कर दिया।

1984 में कांग्रेस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस में विभाजन कराया, जिससे पार्टी में दरार पैदा हुई। जब तेलुगु देशम पार्टी के नेता एन. टी. रामा राव इलाज के लिए बाहर गए थे, तब कांग्रेस ने उनकी सरकार को गिरा दिया। कांग्रेस ने बिहार में कर्पूरी ठाकुर की लोक दल पार्टी में भी विभाजन कराया।’’ राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि केंद्र की कांग्रेस सरकार ने 1989 में कर्नाटक की एस. आर. बोम्मई सरकार को बर्खास्त कर दिया था, जबकि उनकी पार्टी जनता दल के पास राज्य विधानसभा में स्पष्ट बहुमत था।

उन्होंने आरोप लगाया कि 1980 में कांग्रेस के केंद्र की सत्ता में आने के बाद उसने नौ राज्यों में विपक्षी दलों के नेतृत्व वाली सरकारों को यह कहते हुए बर्खास्त कर दिया था कि इन दलों ने लोकसभा चुनाव में हार के बाद सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है। त्रिवेदी ने कहा, ‘‘गांधी का आज आया बयान भारतीय राजनीति और अपनी ही पार्टी के बारे में उनकी अज्ञानता, साथ ही भाजपा के प्रति उनकी दुर्भावना का एक और उदाहरण है।’’ गांधी की टिप्पणियों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और तृणमूल कांग्रेस का जिक्र किए जाने पर तंज कसते हुए त्रिवेदी ने कहा कि वह यह याद करने में विफल रहे कि दोनों दलों के शीर्ष नेता कभी कांग्रेस के साथ थे। भाजपा नेता ने कहा कि शरद पवार ने ‘‘विदेशी मूल’’ के नेतृत्व के मुद्दे पर 1999 में कांग्रेस से अलग होकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का गठन किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘फिर भी, उसी विदेशी मूल के वारिस राहुल गांधी को अपनी ही पार्टी की जड़ों के बारे में पता नहीं है।’’ भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो उसने न सिर्फ़ विपक्षी पार्टियों को तोड़ा और उनकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकारों को गिराया, बल्कि अपने ही नेताओं को भी ‘राजनीतिक रूप से कमजोर’ कर दिया। उन्होंने गुलाम नबी आजाद (जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री), अमरिंदर सिंह (पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री), विजय बहुगुणा (उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री) और एस. एम. कृष्णा (कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री) का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अगर राहुल गांधी को पुरानी बातें याद नहीं हैं, तो वे अपने ही कार्यकाल पर नज़र डाल सकते हैं और देख सकते हैं कि उनकी अपनी पार्टी के कितने मुख्यमंत्री (राजनीतिक रूप से) खत्म हो गए।’’ भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता संबित पात्रा ने गांधी पर ‘‘दिमागी नक्सल’’ टिप्पणी को लेकर निशाना साधा और उनसे अपनी टिप्पणियों के लिए लोगों से माफी मांगने की मांग की।

Continue reading on the app

  Sports

'दोनों ट्रॉफी भारत आएंगी', नकवी से एशिया कप ट्रॉफी लेने से इनकार के बाद बीसीसीआई का दावा

BCCI assured Asia Cup Trophies: बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया है कि भारतीय पुरुष और महिला टीमों द्वारा जीती गई एशिया कप की ट्रॉफियां आखिरकार बीसीसीआई मुख्यालय जरूर पहुंचेंगी. दोनों टीमों ने एसीसी अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था. Fri, 18 Sep 2026 22:44:02 +0530

  Videos
See all

Fighter Jet India | मिला तेजस.. भारतीय वायुसेना की बढ़ी ताकत #ytshorts #shorts #tejas #tejasmk1a #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-18T17:42:01+00:00

Iran America War Update: क्या है रूस-ईरान प्रतिबंध बिल, खुली ट्रंप की पोल? | US imposes Tariff |N18G #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-18T17:40:39+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers