भास्कर अपडेट्स:महाराष्ट्र के ठाणे में डेंगू से 17 साल के लड़के की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गुरुवार को 17 साल के लड़के युग धामने की डेंगू से मौत हो गई। उसका कल्याण पश्चिम स्थित फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था। युग को 12 सितंबर को तेज बुखार हुआ था। परिवार उसे स्थानीय फैमिली डॉक्टर के पास ले गया, जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 13 सितंबर को उसे उल्हासनगर के गांधी नगर रोड स्थित गूंगी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर 15 सितंबर को कल्याण पश्चिम स्थित फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया था। आज की अन्य बड़ी खबरें... मुंबई पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय OTP फार्मिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया, 3 गिरफ्तार मुंबई पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो OTP फार्मिंग के जरिए भारतीय मोबाइल नंबर और WhatsApp अकाउंट विदेशी साइबर ठगों को तक पहुंचाता था। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 669 एक्टिव सिम कार्ड और 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई मुंबई क्राइम ब्रांच की पश्चिम क्षेत्र साइबर पुलिस ने की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार उर्फ बिपिन, धर्मेंद्र गुप्ता और राजीव कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग से 1.12 करोड़ की ठगी, IIT ग्रेजुएट और बैंक मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार मुंबई साइबर पुलिस ने 68 साल के एक बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर 1.12 करोड़ रुपए ठगने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में IIT दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका एक वेब डेवलपर और एक निजी बैंक का ऑपरेशंस मैनेजर भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारिक मोमिन, राकेश जैन, चिंतन देसाई, शंकर त्यागी, जी. गोहेल और अजय शर्मा के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि गोहेल IIT दिल्ली से BE डिग्री प्राप्त वेब डेवलपर है। उसके खिलाफ 2021 में धोखाधड़ी का एक मामला भी दर्ज हो चुका है। पीड़ित दहिसर के रहने वाले सेवानिवृत्त कारोबारी हैं। ठगों ने उन्हें करीब दो सप्ताह तक जुलाई और अगस्त के बीच उनके घर में डिजिटल अरेस्ट रखा था।
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के लिए आज वोटिंग:यह देश का सबसे बड़ा स्टूडेंट इलेक्शन; पिछली बार ABVP ने 4 में से 3 पोस्ट जीती थीं
दिल्ली यूनिवर्सिटी में आज छात्र संघ (DUSU) चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। डे कॉलेज के स्टूडेंट्स के लिए वोटिंग का समय सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक है। वहीं, इवनिंग शिफ्ट के छात्रों के लिए वोटिंग दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक होगी। नतीजे 19 सितंबर को आएंगे। करीब 2.75 लाख छात्र ही इस चुनाव में वोटिंग के लिए एलिजिबल हैं। यह देश का सबसे बड़ा स्टूडेंट इलेक्शन है। 2025 के चुनाव में ABVP ने 4 में से 3 पोस्ट जीती थीं। दिल्ली यूनिवर्सिटी में 2 कैंपस, इनमें 91 कॉलेज, चुनाव 52 में दिल्ली यूनिवर्सिटी में दो कैंपस हैं। साउथ और नॉर्थ कैंपस लगभग 15 किमी की दूरी पर बने हैं। दोनों कैंपस मिलाकर DU में 91 कॉलेज आते हैं, लेकिन DUSU के चुनावों में DU के सभी कॉलेज वोट नहीं कर सकते हैं। DUSU में सिर्फ 52 कॉलेज और फैकल्टी ही सीधे तौर पर वोटिंग में हिस्सा लेते हैं। सेंट स्टीफंस, लेडी श्री राम और जीसस एंड मैरी जैसे कुछ बड़े कॉलेज भी DUSU का हिस्सा नहीं हैं। अरुण जेटली समेत कई चर्चित नेता DUSU के प्रेसिडेंट रह चुके हैं अरुण जेटली: 1974 में DUSU अध्यक्ष रहे और आगे चलकर केंद्र सरकार में देश के वित्त एवं रक्षा मंत्री बने (BJP)। विजय गोयल: 1977 में DUSU अध्यक्ष रहे और आगे चलकर केंद्र सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री बने (BJP)। अजय माकन: 1985 में DUSU अध्यक्ष रहे और आगे चलकर केंद्र सरकार में आवास एवं शहरी गरीबी उपशमन मंत्री बने (INC)। अलका लांबा: 1995 में DUSU अध्यक्ष रहीं और आगे चलकर दिल्ली विधानसभा में विधायक तथा महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं (INC)। मुद्दे जो स्टूडेंट्स के बीच चर्चा में… दिल्ली हाईकोर्ट ने DUSU चुनाव हिंसा पर नाराजगी जताई दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनावों के दौरान हो रही हिंसा पर नाराजगी जताई। कोर्ट ने कहा- लोकतंत्र को अपराधियों का समाज नहीं बनाया जा सकता। अदालत ने इस मामले में डीयू प्रशासन, दिल्ली पुलिस और सरकार से कल तक रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट ने यह चेतावनी भी दी है कि अगर उठाए गए कदमों से वह संतुष्ट नहीं हुआ, तो वोटों की गिनती और नतीजों के ऐलान पर रोक लगा दी जाएगी। कोर्ट ने ये टिप्पणी DUSU चुनाव प्रचार के दौरान हुई हिंसा और गुंडागर्दी से जुड़ी जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान की। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव से पहले बुधवार रात नॉर्थ कैंपस में छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। ABVP और NSUI ने एक-दूसरे से जुड़े लोगों पर अलग-अलग जगहों पर हमला करने के आरोप लगाए। ----------------------------- ये खबर पढ़ें… DU छात्र संघ चुनाव-CJP प्रोटेस्ट के बाद पहला जेन-जी इलेक्शन:सत्य निकेतन हॉस्टल हादसा बड़ा मुद्दा; स्टूडेंट्स बोले- हॉस्टल और छात्राओं की सुरक्षा सबसे जरूरी लग्जरी गाड़ियों का काफिला नारेबाजी के साथ आता है। उसमें से उतरते ही नेताजी के गले में मालाओं का ढेर लग जाता है। बैकग्राउंड में पटाखे छूट रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










