MP News : आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से लेकर अधिकारी तक सबकी समस्या का होगा निराकरण, महीने में दो बार लगेंगे शिविर
महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी कर्मचारियों और अधिकारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निराकरण के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। महिला एवं बाल विकास के आयुक्त संदीप जीआर के निर्देश पर अब संभाग एवं जिला स्तर पर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय बुधवार को समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
इन शिविरों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका से लेकर जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तक अपनी सेवा संबंधी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों की सुनवाई कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नियुक्ति से पेंशन तक के मामलों की होगी सुनवाई
समस्या निवारण शिविर में नियुक्ति, समयमान वेतनमान, पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति, सेवानिवृत्ति उपरांत पेंशन तथा अन्य देय स्वत्वों से संबंधित प्रकरणों पर सुनवाई की जाएगी। प्रत्येक प्राप्त प्रकरण का अभिलेख संधारित किया जाएगा जिससे उसके निराकरण की स्थिति की नियमित निगरानी की जा सके।
पहली तारीख को वेतन भुगतान के निर्देश
आयुक्त संदीप जीआर ने कर्मचारियों को उनके अधिकारों और लाभ के लिए अनावश्यक कठिनाइयों से बचाने के साथ विभागीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने पर जोर दिया है। इसके तहत कर्मचारियों के वेतन का भुगतान प्रत्येक माह की पहली तारीख को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय के साथ विभागीय कर्मचारियों के चिकित्सा देयक, यात्रा भत्ता एवं अन्य लाभ का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नियमित होगी प्रकरणों की समीक्षा
आयुक्त ने कहा विभाग द्वारा समस्या निवारण शिविरों की जानकारी सभी अधिकारियों-कर्मचारियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। शिविरों में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण की नियमित समीक्षा और रिपोर्टिंग भी की जाएगी। विभाग का उद्देश्य कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान उनके निकटतम स्तर पर, पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से और निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करना है।
PM मोदी के जन्मदिन पर दीयों से जगमगाया MP, उज्जैन में 33.27 लाख दीप जलाकर बना वर्ल्ड रिकॉर्ड; CM मोहन यादव ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’
उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार शाम मध्य प्रदेश एक साथ करोड़ों दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। उज्जैन में शिप्रा के घाटों से लेकर श्री महाकाल महालोक तक 33 लाख 27 हजार दीये एक साथ प्रज्ज्वलित कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। इसी के साथ प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई।
उज्जैन के रामघाट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंघी के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया। शाम 7 बजे सायरन बजते ही शिप्रा के अलग-अलग घाटों और महाकाल महालोक में एक साथ दीप जलने शुरू हुए।
रामघाट से महाकाल महालोक तक 33.27 लाख दीये
रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, भूखी माता घाट और महाकाल महालोक में दीप प्रज्ज्वलन किया गया। आयोजन में 25 हजार से ज्यादा वॉलंटियर्स के साथ श्रद्धालु और शहरवासी शामिल हुए। कुछ ही देर में शिप्रा के घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठे।
CM डॉ. मोहन यादव और नितिन नबीन सहित अन्य नेता शिप्रा आरती में भी शामिल हुए। उन्होंने मां शिप्रा की आराधना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरे MP में 3.55 करोड़ दीये जलाने का दावा
आयोजकों के मुताबिक उज्जैन तक ही आयोजन सीमित नहीं रहा। मध्य प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन किया गया और प्रदेशभर में कुल 3 करोड़ 55 लाख दीये जलाए गए। इसके लिए अलग-अलग जिलों में 845 प्रमुख स्थानों का चयन किया गया था।
ग्वालियर में 11, शिवपुरी में 11, गुना में 10, अशोकनगर में 11, दतिया में 14, भिंड में 10 और मुरैना में 18 प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन किया गया। सबसे ज्यादा 144 स्थान बैतूल में बताए गए, जबकि श्योपुर में 80 स्थानों को इस आयोजन में शामिल किया गया।
PM मोदी के जन्मदिन से सेवा संकल्प अभियान शुरू
यह आयोजन प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है। उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दीप प्रज्ज्वलन के जरिए अभियान की शुरुआत की।
दिन में इंदौर में भी नितिन नबीन और CM डॉ. मोहन यादव सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां स्वामित्व अधिकार योजना के तहत मध्य प्रदेश में 50 लाख ग्रामीण संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री के अभियान की शुरुआत की गई।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News







