J&K Encounter: उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकवादी ढेर; सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार देर रात सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। दोनों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने मजालता इलाके के दूरदराज के ब्राटेल सोअन और खुब्बन क्षेत्रों में बुधवार रात करीब 9 बजे संयुक्त अभियान शुरू किया था।
देर रात आतंकियों से हुआ संपर्क
सुरक्षाबलों की टीम संदिग्ध आतंकियों की तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में अभियान चला रही थी। इसी दौरान देर रात आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच संपर्क स्थापित हुआ और मुठभेड़ शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है। इलाके में किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के SOG ने सेना के साथ मिलकर यह एंटी-टेरर ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है।
जंगल में सुनाई दी फायरिंग और धमाकों की आवाज
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, ऑपरेशन शुरू होने के कुछ समय बाद जंगल के इलाके से कुछ राउंड फायरिंग और धमाकों की आवाज सुनाई दी। बताया गया कि सुरक्षाबलों ने संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाते हुए कार्रवाई की थी।
फिलहाल सुरक्षा बल पूरे इलाके की तलाशी ले रहे हैं। मारे गए दोनों आतंकियों की पहचान और उनके संगठन से जुड़े होने की जानकारी की पुष्टि की जा रही है।
इस महीने बडगाम में भी मारा गया था लश्कर कमांडर
इससे पहले सितंबर में जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में पाकिस्तान का रहने वाला लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर यासिर मारा गया था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, यासिर की तलाश में सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन अशदर चलाया था। इसके तहत स्पेशल फोर्सेज और 53 राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था।
रिपोर्टों के अनुसार, यासिर लश्कर-ए-तैयबा के सुलैमान मूसा ग्रुप से जुड़ा रहा था। बाद में वह इस ग्रुप से अलग हो गया था और अलग तरीके से सक्रिय था। सुरक्षा एजेंसियां बडगाम के यूसमर्ग इलाके में उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।
उधमपुर में ताजा मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान जारी रखा है। अधिकारियों का फोकस यह पता लगाने पर है कि जंगल में कोई अन्य आतंकी मौजूद है या नहीं।
Hair Care Tips: बालों को कमजोर और डैमेज कर रही हैं ये 6 छोटी गलतियां? एक्सपर्ट से जानें कैसे रखें बालों को हेल्दी
Hair Care Tips: घने और मजबूत बालों की चाहत सभी महिलाओं को होती है। इसके लिए वे हर संभव उपाय करती हैं। बालों के लिए वे ब्रांडेड प्रोडक्ट के यूज से लेकर अनेक घरेलू नुस्खे आजमाती हैं। इसके बाद भी अगर बाल झड़ते और डैमेज होते हैं तो इसके पीछे के कारण हमारी ही जाने-अनजाने में की गई कुछ छोटी-छोटी गलतियां होती हैं।
जिससे बालों की सेहत बिगड़ती है और बालों का झड़ना, रूखापन, दो-मुंहे बाल और डैंड्रफ जैसी अनेक समस्याएं होती हैं आइए जानते हैं बालों से जुड़ी ऐसी गलतियों के बारे में, जिन्हें न करके बालों को हेल्दी और डैमेज फ्री बनाया जा सकता है।
1.गीले बालों में कंघी करना
बाल जब गीले होते हैं, तब वे सबसे ज्यादा कमजोर होते हैं, ऐसे में गीले बालों में जोर-जोर से कंघी करने से जड़ों से कमजोर होते हैं और आसानी से टूटते हैं। इसके अलावा गीले बालों को तुरंत कसकर बांध लेने या जूड़ा बना लेने से उनमें नमी फंसी रह जाती है, जिससे फंगल इंफेक्शन और बाल टूटने की समस्या बढ़ जाती है।
इसलिए बालों को हेल्दी रखने के लिए बालों को पहले हल्का सूखने दें, फिर चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें। बालों को बार-बार कंघी करने से बचें, क्योंकि ज्यादा कंघी करने से न सिर्फ बाल कमजोर होते हैं, बल्कि ऑयली भी होते हैं। साथ ही उलझे हुए बालों को सुलझाने के लिए चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें।
2. गर्म पानी से बाल धोना
बालों को धोने के लिए बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल करने से बचें क्योंकि गर्म पानी का इस्तेमाल स्कैल्प के नेचुरल ऑयल को कम कर देता है और इससे बालों के रूखे होने और जड़ों से कमजोर होने की समस्या बढ़ सकती है।
इसके अलावा, स्कैल्प में ड्रायनेस होने और खुजली होने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए बालों को हेल्दी रखने के लिए नॉर्मल या गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें।
3. बालों को कसकर बांधना
बालों की टाइट पोनीटेल, जूड़ा या चोटी बनाना भी बालों के सेहत खराब करता है क्योंकि इससे बालों की जड़ों पर लगातार खिंचाव पड़ता है और बाल टूटने या हेयरलाइन पीछे जाने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इसलिए बालों को हेल्दी रखने के लिए बालों को बहुत कसकर न बांधें और समय-समय पर हेयर स्टाइल को बदलती रहें, जिससे एक ही जगह पर लगातार प्रेशर न पड़े।
4. हीट स्टाइलिंग टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल
महिलाएं बालों को जल्दी सुखाने या उनको स्टाइल करने के लिए हेयर स्ट्रेटनर, कर्लर और ब्लो ड्रायर का इस्तेमाल करती हैं। ऐसा करने से बचें, क्योंकि स्टाइलिंग टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल करने से इनकी गर्मी बालों के प्रोटीन (किरेटिन) को नुकसान पहुंचाती है।
अगर इनका लगातार इस्तेमाल किया जाए, तो बाल पतले और बेजान होकर दोमुंहे होने लगते हैं। अगर कभी-भी इन टूल्स का उपयोग करना पड़े तो हीट प्रोटेक्टेंट स्प्रे लगाना न भूलें।
5. शैंपू का गलत इस्तेमाल
केमिकल बेस्ड शैंपू का इस्तेमाल करने और बालों को ज्यादा वाश करने से बचें, क्योंकि ऐसा करने से स्कैल्प में नेचुरल ऑयल का प्रोडक्शन ज्यादा होने लगता है, जिसके कारण स्कैल्प से जुड़ी कई परेशानियां जैसे- बालों में रूखापन, उनके कमजोर होने और झड़ने की समस्याएं हो सकती हैं।
इसके अलावा, शैंपू को सीधे बालों की लेंथ पर रगड़ने की गलती न करें और कंडीशनर को स्कैल्प पर लगाने के बजाय केवल बालों की लंबाई पर लगाना चाहिए।
6. हेल्दी डाइट न लेना
बालों की हेल्थ सिर्फ उनकी बाहरी देखभाल पर ही नहीं, अंदरूनी पोषण यानी खान-पान पर भी निर्भर करती है। अनहेल्दी खाना खाने से भी बाल कमजोर होते हैं और झड़ते हैं। इसलिए डाइट में प्रोटीन, जिंक, आयरन और विटामिन के लिए डाइट में दालें, फल, हरी सब्जियों, ड्राई फ्रूट्स और सीड्स जैसे फूड्स को शामिल करें।
(ब्यूटी एक्सपर्ट रेनू माहेश्वरी से बातचीत पर आधारित)
विधि गोयल
यह भी पढ़ें: आइब्रो को घना और खूबसूरत बनाने के लिए आजमाएं रोजमेरी ऑयल, जानें लगाने का सही तरीका
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi








/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)

