ICC T20I Rankings: एशिया कप जीतने के बाद चमकीं भारतीय खिलाड़ी, दीप्ति शर्मा ने लगाई लंबी छलांग, शैफाली को भी फायदा
ICC T20I Rankings: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। अच्छे प्रदर्शन का असर ICC की ताजा T20I रैंकिंग में भी देखने को मिला है। भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजों की रैंकिंग में चार पायदान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, विस्फोटक बल्लेबाज शैफाली वर्मा एक स्थान चढ़कर छठे पायदान पर पहुंच गई हैं।
एशिया कप में दीप्ति शर्मा भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 14 विकेट अपने नाम किए और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने रैंकिंग में भी बड़ा फायदा पहुंचाया है।
गेंदबाजों की रैंकिंग में भारत की ही बाएं हाथ की स्पिनर एन श्री चरानी शीर्ष पर बनी हुई हैं। चरानी ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 804 रेटिंग पॉइंट्स हासिल कर लिए हैं। यह किसी भारतीय महिला गेंदबाज के सबसे ज्यादा रेटिंग पॉइंट्स हैं। उन्होंने 2011 में मिताली राज के 780 पॉइंट्स के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। चरानी अब मेगन शट के ऑलटाइम रिकॉर्ड से सिर्फ दो पॉइंट पीछे हैं। शट ने 2018 में 806 पॉइंट्स हासिल किए थे।
बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी शैफाली वर्मा को फायदा हुआ है। एशिया कप में उन्होंने बल्ले से जमकर रन बरसाए और 236 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले। शैफाली ने पूरे टूर्नामेंट में 171.01 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
शैफाली अब T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में छठे स्थान पर हैं। पांचवें नंबर पर मौजूद भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना और शैफाली के बीच सिर्फ चार रेटिंग पॉइंट्स का अंतर है। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में शैफाली के पास मंधाना को पीछे छोड़ने का मौका भी होगा।
भारत ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका को 72 रन से हराकर एशिया कप का खिताब जीता। यह भारत का आठवां एशिया कप खिताब है।
वहीं, श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने भी रैंकिंग में अपनी स्थिति मजबूत की है। इंडोनेशिया के खिलाफ उन्होंने सिर्फ पांच रन देकर सात विकेट चटकाए थे। वह T20I ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि गेंदबाजों की रैंकिंग में 27वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
Vishnupad Temple Corridor और नदी जोड़ समेत Bihar Cabinet ने 17 प्रस्तावों को दी मंजूरी
बिहार मंत्रिमंडल ने मंगलवार को गया जी के विष्णुपद मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास, सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना और जलस्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति, 2026 समेत 17 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विष्णुपद मंदिर क्षेत्र का विकास काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर किया जाएगा, जिसके लिए 2,520 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत मंदिर परिसर का पुनर्विकास, मल्टीलेवल पार्किंग, एलीवेटेड पथ, घाट, डोरमेट्री, कैंटीन, पैदल पुल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। चौधरी ने बताया कि सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना के लिए 996.05 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं और इसके तहत सोन नदी का पानी उत्तर कोयल नहर के जरिए फल्गु नदी तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मोरहर नदी पर करीब 10 मिलियन घन मीटर क्षमता का कृत्रिम जलाशय भी बनाया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण अनियमित वर्षा और औसत वर्षापात में कमी को देखते हुए सरकार ने बिहार जलस्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति, 2026 को मंजूरी दी। नीति के तहत नदियों, बराजों और जलाशयों से गाद निकालकर उनकी जलधारण और जलवहन क्षमता बहाल की जाएगी। उन्होंने बताया कि निकाली गई गाद का इस्तेमाल सड़क, रेलवे, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और भवन निर्माण कार्यों में भराई के लिए किया जाएगा, जिससे उपजाऊ मिट्टी के उपयोग में कमी आएगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi
prabhasakshi









