कोहली के 2027 वर्ल्डकप पर कोच बोले- चर्चा ही क्यों:रोहित को बताया मैच विनर; DDCA बोला- दिल्ली के लिए जरूर खेलेंगे
विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा का मानना है कि वर्ल्ड कप में विराट की जगह पर चर्चा करना ही नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि कोहली मैदान पर अपने प्रदर्शन और फिटनेस से खुद जवाब दे रहे हैं। वहीं, रोहित शर्मा को लेकर राजकुमार ने कहा कि वह अब भी शानदार खिलाड़ी और मैच विनर हैं। दूसरी ओर, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने भी साफ किया है कि कोहली जब भी फ्री होंगे, दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट जरूर खेलेंगे। रोहित और कोहली 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेलते दिखेंगे। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेलेगा। राजकुमार बोले- बहस करने की कोई बात नहीं राजकुमार शर्मा ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि कोहली ने हाल के मैचों में जिस तरह प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए 2027 वर्ल्ड कप में उनकी जगह को लेकर बहस नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोहली को अपनी क्षमता पर जबरदस्त भरोसा है और उनकी मेहनत वर्क एथिक उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है। राजकुमार के मुताबिक, कोहली ने सिर्फ भारतीय क्रिकेटरों को ही नहीं, बल्कि पूरे देश को फिटनेस के प्रति जागरूक किया है। राजकुमार ने कोहली के लिए कहा कि भगवान ने उन्हें क्रिकेट के लिए बनाया है और उनकी मेहनत ने उन्हें इतना बड़ा खिलाड़ी बनाया। रोहित भी मैच विनर, लेकिन भविष्य पर सवाल रोहित शर्मा को लेकर राजकुमार ने कहा कि उन्हें उनकी उम्र या भविष्य की चर्चा से ज्यादा उनके खेल को देखना चाहिए। उन्होंने रोहित को शानदार खिलाड़ी बताते हुए कहा कि अपने दिन पर वह अकेले मैच का रुख बदल सकते हैं। रोहित के भविष्य को लेकर इस समय चर्चा इसलिए ज्यादा है क्योंकि 2027 वर्ल्ड कप में अभी करीब एक साल से ज्यादा समय है और चयनकर्ता टीम में अगली पीढ़ी को भी तैयार कर रहे हैं। मई में रिपोर्ट सामने आई थी कि चयन समिति ने रोहित और कोहली को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए आराम देने पर चर्चा की थी, लेकिन अंत में दोनों को टीम में बनाए रखा गया। चयनकर्ताओं का रुख था कि दोनों अब सिर्फ वनडे खेलते हैं, इसलिए उन्हें मैच प्रैक्टिस देना जरूरी है। साथ ही साफ किया गया था कि वर्ल्ड कप से पहले किसी खिलाड़ी की जगह स्थायी नहीं है और चयन फॉर्म व फिटनेस के आधार पर होगा। रोहित-कोहली को लेकर गिल ने भी दिया था संकेत 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी को लेकर कप्तान शुभमन गिल ने भी जुलाई में कहा था कि विराट कोहली टीम की भविष्य की योजना में शामिल हैं। गिल के मुताबिक, कोहली टीम मैनेजमेंट के साथ साउथ अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप के कॉम्बिनेशन पर चर्चा कर रहे थे और ऐसे खिलाड़ियों के बारे में भी बात कर रहे थे, जिन्हें टीम में आजमाया जा सकता है। गिल ने उस समय रोहित और कोहली को भारतीय बल्लेबाजी का पिछले एक दशक का आधार बताया था। हालांकि BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने जून में कहा था कि 2027 वर्ल्ड कप की टीम और खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़ी बातचीत बोर्डरूम का मामला है और इसे सार्वजनिक रूप से चर्चा का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। कोहली-रोहित अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं कोहली और रोहित अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। दोनों ने टेस्ट क्रिकेट से 2025 में संन्यास लिया था और 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद इस फॉर्मट से रिटायरमेंट ले लिया था। कोहली घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए फिर खेलेंगे इसी बीच DDCA अध्यक्ष रोहन जेटली ने विराट कोहली को लेकर एक और बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि कोहली जब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच उपलब्ध होंगे, दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट जरूर खेलेंगे। कोहली ने 2025 में करीब 13 साल बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी की थी। उन्होंने दिल्ली के लिए रेलवे के खिलाफ मुकाबला खेला था। इसके बाद उसी साल उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में भी दिल्ली के लिए मैच खेले। ----------------- पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… पाकिस्तानी एजेंसी का क्रिकेटर रिजवान-इमाम को समन:ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक करने का आरोप; साइबर क्राइम ब्रांच पूछताछ करेगी पाकिस्तान के क्रिकेटर मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक को कथित टीम लीक मामले में नोटिस भेजा गया है। नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने उन्हें शुक्रवार को लाहौर स्थित कार्यालय में पेश होने को कहा है। पूरी खबर पढ़ें…
ईशान किशन ने वैभव सूर्यवंशी को बताया 'फ्यूचर कैप्टन':बोले-DRS का क्रेडिट ले गया लड़का, कमेंटेटर भी बोले कि रिव्यू के लिए वैभव के पास जाएं
दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताब जीतने के बाद ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन और उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी की शानदार बॉन्डिंग का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ईशान ने 15 वर्षीय वैभव को 'फ्यूचर कैप्टन' बताते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता की तारीफ की। ईशान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पूरे टूर्नामेंट में DRS का सारा क्रेडिट ये लड़का ले गया। सोशल मीडिया पर रिव्यू का पूरा क्रेडिट वैभव को मिलने लगा। रिव्यू का सारा क्रेडिट वैभव ले गया ईशान ने कहा, “जब मैं डीआरएस लेने वाला होता था, वैभव हमेशा सही जगह पर मौजूद रहता था। मैं पहले ही रिव्यू लेने का फैसला कर चुका होता था, लेकिन वह कैमरे के सामने आकर कहता था कि रिव्यू लेना चाहिए। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग कहने लगे कि वैभव ने रिव्यू लिया है।” इस पर वैभव ने तुरंत चुटकी लेते हुए पूछा, “जब आप मैदान से बाहर गए थे, तब रिव्यू कौन ले रहा था? यह भी बता दीजिए।” वैभव के इस सवाल पर ईशान ने हंसते हुए स्वीकार किया कि जब वह मैदान से बाहर थे, तब रिव्यू लेने का फैसला वास्तव में वैभव ही कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने कहा, “हां, वह वैभव ही था, फ्यूचर कैप्टन।" ईशान ने वैभव की नेतृत्व क्षमता की तारीफ की ईशान ने कहा कि टीम में वैभव का होना बहुत अच्छा है। वह सिर्फ अच्छे खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि बहुत अच्छे इंसान भी हैं। वह टीम के हर खिलाड़ी का ध्यान रखते हैं और जूनियर से लेकर सीनियर तक सभी के साथ मिलकर रहते हैं। उन्होंने कहा कि वैभव में नेतृत्व करने की स्वाभाविक क्षमता दिखाई देती है। ईशान को उम्मीद है कि वैभव आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे और कई बड़ी टीमों का हिस्सा बनेंगे। वैभव ने ईशान की बल्लेबाजी को बताया शानदार वैभव सूर्यवंशी ने भी ईशान किशन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘टीम का माहौल मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह शानदार था। फाइनल की पहली पारी में ईशान की 270 रन की पारी ने पूरे मैच का रुख बदल दिया।’ ईस्ट जोन ने फाइनल में साउथ जोन को पहली पारी में 372 रन की बड़ी बढ़त के आधार पर हराकर 13 साल बाद दिलीप ट्रॉफी का खिताब जीता। ईशान ने फाइनल में 270 और 80 रन की पारियां खेलीं, जबकि वैभव ने भी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। ईशान के चोटिल होने पर वैभव ने संभाली थी कमान टूर्नामेंट के दौरान ईशान के चोटिल होकर मैदान से बाहर जाने पर वैभव ने उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाते हुए टीम की रणनीतिक फैसलों में अहम भूमिका निभाई थी। इसी दौरान उन्होंने सफल डीआरएस फैसले लेकर सभी का ध्यान खींचा। फाइनल में भी वैभव रिव्यू लेने के फैसलों में ईशान की मदद करते रहे। इसी वजह से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह ईशान को रिव्यू लेने के लिए मनाते नजर आए थे। अगर रिव्यू लेना है तो वैभव सूर्यवंशी के पास जाना चाहिए ईशान ने कहा कि वैभव अभी कम उम्र के हैं, लेकिन उनमें सीखने और जिम्मेदारी लेने की शानदार क्षमता है। उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि कमेंटेटर तक कहने लगे थे कि अगर रिव्यू लेना है तो वैभव सूर्यवंशी के पास जाना चाहिए। ईशान ने कहा, “वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन उससे भी बड़ी बात यह है कि वह बहुत अच्छे इंसान हैं। वह टीम के हर सदस्य का ध्यान रखते हैं। मुझे उनकी यही खूबी सबसे ज्यादा पसंद है। उम्मीद है कि वह आने वाले समय में इससे भी ज्यादा खतरनाक खिलाड़ी बनेंगे।” वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद शमी को दिया खास तोहफा ईस्ट जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी जीती। यह मुकाबला ईस्ट जोन के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के लिए बेहद खास रहा। शमी का ये 100वां फर्स्ट क्लास मैच था और इस खिताबी जीत ने इसे और यादगार बना दिया। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ईस्ट जोन की ओर से मोहम्मद शमी को खास तोहफा देकर उनके 100वें फर्स्ट क्लास मैच की उपलब्धि का सम्मान किया। वैभव ने शमी को एक जर्सी भेंट की, जिसमें ईस्ट जोन के खिलाड़ियों के साइन थे। जितनी वैभव की उम्र है उतना तो मेरा क्रिकेट करियर जर्सी पाने के बाद मोहम्मद शमी ने वैभव की जमकर तारीफ की। उन्होंने मज़ाक करते हुए कहा कि जितनी वैभव की उम्र है उतना तो मेरा क्रिकेट करियर है। शमी के मुताबिक, वैभव सूर्यवंशी में कम उम्र के बावजूद चीजों को समझने और सीखने की गजब क्षमता है। उसमें युवाओं वाली मासूमियत है, उसे मजाक करना पसंद है और वह चीजों को बहुत जल्दी सीखता है। ईस्ट जोन तीसरी बार दलीप ट्रॉफी चैंपियन बना ईस्ट जोन तीसरी बार दलीप ट्रॉफी चैंपियन बना है। चेन्नई में साउथ जोन के खिलाफ फाइनल ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी में बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया गया। ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 708 रन बनाए थे। कप्तान ईशान किशन ने दोहरा शतक लगाया। जवाब में साउथ जोन की टीम 336 रन पर ऑलआउट हो गई। ईस्ट जोन को पहली पारी में 372 रन की बढ़त मिली। इसके बाद ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में 7 विकेट पर 388 रन बनाए और कुल बढ़त 760 रन तक पहुंचाई। दूसरी पारी में भी कप्तान ईशान किशन ने 80 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। ईशान-वैभव ने हाथ में स्टांप लेकर किया विक्ट्री डांस इस जीत के बाद ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी का विक्ट्री डांस सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। दोनों खिलाड़ी हाथ में स्टंप लेकर नाचते नजर आए। दोनों खिलाड़ियों की बॉन्डिंग देखकर फैंस काफी खुश नजर आए। दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 3 मैचों में 409 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 270 रन रहा। वहीं, वैभव ने पहली पारी में 44 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में वे मात्र 8 रन पर आउट हो गए।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others










