BRICS समिट पर कांग्रेस में मतभेद:चिदंबरम ने पूछा- देश को क्या मिला; थरूर बोले- 11 देश के नेताओं को एक मंच पर लाना भारत की ताकत
भारत में BRICS समिट को लेकर कांग्रेस के दो सीनियर नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने पूछा था, ‘इस BRICS से भारत को क्या फायदा हुआ।’ देश में 2012, 2016 और 2021 में भी समिट हो चुके हैं। उधर, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने समिट के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि भारत में सम्मेलन होना देश की कूटनीतिक ताकत को दिखाता है। 11 देशों के बड़े नेताओं का भारत आना और उन्हें एक मंच पर लाना भारत की दूसरे देशों को साथ लाने की क्षमता को दर्शाता है। 18वें BRICS समिट का आयोजन 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होगा। इसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के शी जिनपिंग समेत 11 सदस्य देशों के शीर्ष नेता शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, टेक्नोलॉजी और एनर्जी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। चिदंबरम ने कहा था- इन संगठनों की सदस्यता पर विचार हो चिदंबरम ने बुधवार को सवाल किया था कि भारत BRICS के अलावा G20, QUAD और शंघाई सहयोग संगठन (SCO) जैसे कई बहुपक्षीय संगठनों का हिस्सा है, लेकिन इन संगठनों से देश को वास्तव में क्या ठोस लाभ मिला है, इस पर विचार होना चाहिए। थरूर ने कहा- BRICS को ग्लोबल साउथ के लिए जरूरी मंच थरूर ने शनिवार को BRICS को ग्लोबल साउथ के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ में 100 से ज्यादा देश हैं, लेकिन BRICS में शामिल 11 प्रमुख देश दुनिया की बड़ी आबादी और करीब 41% वैश्विक GDP का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में इस समूह को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। थरूर बोले- BRICS के सामने कई चुनौतियां भी; 5 पॉइंट्स 1. BRICS में मतभेद: सभी सदस्य देशों की विदेश नीति और हित एक जैसे नहीं हैं। इसलिए बड़े वैश्विक मुद्दों पर सहमति बनाना मुश्किल है। 2. ईरान-इजराइल और रूस-यूक्रेन मुद्दा: मई में BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में इन मुद्दों पर मतभेद सामने आए। साझा बयान जारी नहीं हो सका। 3. भारत की चेयर डिक्लेरेशन: संयुक्त बयान की जगह भारत ने BRICS अध्यक्ष के तौर पर अपनी ओर से चेयर डिक्लेरेशन जारी किया। 4. आगामी सम्मेलन की चुनौती: अगर बड़े मुद्दों पर फिर सहमति नहीं बनी तो BRICS की एकजुटता पर सवाल उठ सकते हैं। इसे भारत के लिए कूटनीतिक चुनौती माना जाएगा। 5. व्यापार घाटा भी चिंता: BRICS देशों को भारत का निर्यात कम है, जबकि वहां से आयात ज्यादा है। यानी भारत BRICS देशों से ज्यादा सामान खरीद रहा है। BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना चिदंबरम के बयान के बाद BJP प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने थरूर के बयान को चिदंबरम की टिप्पणी के विपरीत बताते हुए कांग्रेस में मतभेद होने का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा- थरूर का BRICS समिट को भारत के लिए बड़ी प्रतिष्ठा बताना कांग्रेस के भीतर अलग-अलग राय को दिखाता है। BJP ने इसी विरोधाभास को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक हमला किया। BRICS समिट की अध्यक्षता कर रहा है भारत इस साल BRICS की कमान भारत के पास है। BRICS दुनिया की बड़ी उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसमें भारत, रूस, चीन, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के साथ मिस्र, ईरान, इथियोपिया, UAE, सऊदी अरब और इंडोनेशिया भी शामिल हैं। भारत का फोकस ग्लोबल साउथ की आवाज मजबूत करने, आर्थिक सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक, आतंकवाद से निपटने और सप्लाई चेन मजबूत करने पर है। यानी BRICS को सिर्फ राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि व्यापार, निवेश और विकास के बड़े मंच के तौर पर आगे बढ़ाने की कोशिश है। ------------------------------ ये खबर भी पढ़ें… पुतिन BRICS समिट के लिए दिल्ली पहुंचे, भारत-रूस के बीच Su-57 फाइटर जेट डील संभव भारत और रूस के बीच Su-57 फाइटर जेट की डील पर आज समझौता हो सकता है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन BRICS समिट के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी के साथ उनकी बैठक होगी। बातचीत में रूस की तरफ से भारत में Su-57 के प्रोडक्शन और जरूरी तकनीक साझा करने की पेशकश पर चर्चा हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
थार-फॉर्च्यूनर्स लेकर सड़क पर ‘भाईगिरी’ नहीं चलेगी:दमन में सैकड़ों मालिकों ने ली शपथ; हाथों में पोस्टर- गुंडागर्दी दिखाने की गाड़ी नहीं; VIDEO वायरल
दमन के जिला कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा को लेकर थार और फॉर्च्यूनर के मालिकों से सुरक्षित तरीके से गाड़ी चलाने का संकल्प दिलाया। अभियान के दौरान दमन के एक खुले मैदान में सैकड़ों थार और फॉर्च्यूनर को कतार में खड़ा कराया गया। उनके मालिकों और ड्राइवरों को गाड़ियों के सामने लाइन में खड़ा किया गया। गाड़ी मालिकों और ड्राइवरों ने हाथों में रोड सेफ्टी के संदेश वाले पोस्टर लेकर मैदान का चक्कर लगाया। इसके बाद सभी ने हिंदी में सड़क सुरक्षा की शपथ ली। यह अभियान 9 सितंबर की शाम को चलाया गया था। अभियान की 4 तस्वीरें… ड्राइवर और मालिकों ने ली शपथ, 4 मुख्य बातें… कलेक्टर ने सभी को सोशल मीडिया पर इस अभियान को शेयर करने को कहा कलेक्टर मिश्रा ने थार मालिकों से सोशल मीडिया पर इस अभियान को शेयर करने और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा को टैग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिंद्रा को भी इस पहल से प्रेरणा लेकर देशभर में थार के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चलाना चाहिए। दमन के डिप्टी कलेक्टर प्रियंशु सिंह ने बताया कि दमन आरटीओ में रजिस्टर्ड सभी थार और फॉर्च्यूनर मालिकों को संकल्प यात्रा में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। लोगों से विंडशील्ड या बदले हुए टायर और साउंड सिस्टम जैसी चीजें हटाने को कहा गया। थार से जुड़े 7 वायरल मामले, गोवा में रेंटल थार पर रोक की मांग दिल्ली, अगस्त 2025: 2 लोगों की मौत- चाणक्यपुरी में कथित तौर पर तेज रफ्तार रेंटेड थार ने 2 पैदल यात्रियों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। बाद में इस मामले में आरोपी की जमानत पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। गोवा, फरवरी 2026: 65 साल के व्यक्ति की मौत- उत्तरी गोवा के असगांव में एक रेंटेड थार की हुंडई i20 से टक्कर हुई। हादसे में 65 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना के बाद गोवा में रेंटल थार और सड़क सुरक्षा को लेकर बहस तेज हुई। गुरुग्राम, मार्च 2026: दादा और 2 पोते की मौत- पटौदी के खोड़ गांव में कथित तौर पर तेज रफ्तार Thar ने सड़क पर जा रहे 52 वर्षीय व्यक्ति और उनके दो नाबालिग पोतों को पीछे से टक्कर मार दी। तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया। लखीमपुर खीरी, अप्रैल 2026: दंपती की मौत- शादी से लौट रहे तीन लोगों की बाइक को तेज रफ्तार थार ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी की मौत हुई, जबकि तीसरी महिला गंभीर रूप से घायल हुई। मुंबई, जुलाई 2026: दो बाइक सवारों को टक्कर- वायरल वीडियो में हरियाणा नंबर की थार को 2 बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद रुकने के बजाय आगे जाते हुए दिखाया गया। मामले में मुंबई पुलिस ने FIR दर्ज की। भोपाल, सितंबर 2026: कॉलोनी में थार का उत्पात- भोपाल की एक कॉलोनी में थार ने कई खड़ी कारों को टक्कर मारी, गेट तोड़ा और बाहर भी वाहनों को टक्कर मारी। घटना के बाद करीब 150 निवासी पुलिस थाने पहुंचे। नोएडा, जून 2025: सड़क पर व्यक्ति को टक्कर- एक वायरल वीडियो में थार से एक व्यक्ति को पीछे से टक्कर लगती दिखी, जिसके बाद वह सड़क किनारे नाले में जा गिरा। पुलिस ने रैश ड्राइविंग समेत धाराओं में केस दर्ज किया। ----------------- ये खबर भी पढ़ें… महाराष्ट्र- ट्रक-बोलेरो की भिड़ंत, 3 बच्चों समेत 8 की मौत:SUV को जेसीबी-क्रेन की मदद से निकाला; रायपुर से नागपुर जाते वक्त हादसा महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार को ट्रक और बोलेरो की टक्कर में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 4 बजे नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास हुआ। पूरी खबर पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 






