क्या अगले साल भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान में खेलेंगे?:पाकिस्तान में होंगे 2027 साउथ एशियन गेम्स; रिपोर्ट- भारत ने भागीदारी पर हामी भरी
भारत ने पाकिस्तान में होने वाले 2027 साउथ एशियन फेडरेशन (SAF) गेम्स में अपना दल भेजने पर सहमति दे दी है। पाकिस्तानी मीडिया 'द न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, साउथ एशियन ओलिंपिक एसोसिएशन की मीटिंग में भारत के प्रतिनिधियों ने मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट में शामिल होने का न्योता स्वीकार किया है। पाकिस्तान ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव खालिद महमूद ने कहा- ‘भारत ने क्षेत्रीय खेल स्तर पर अपनी मंजूरी दे दी है।’ हालांकि भारतीय दल में कौन-कौन से एथलीट शामिल होंगे, इसकी लिस्ट जनवरी 2027 में जारी की जाएगी। पाकिस्तान के तीन शहरों 20 खेल होंगे, क्रिकेट भी शामिल 2027 के इस टूर्नामेंट में 28 खेलों में मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट के आयोजन को तीन शहरों में बांटा गया है। इसमें इस्लामाबाद स्क्वैश, टेनिस और मार्शल आर्ट्स समेत 15 खेलों की मेजबानी करेगा। लाहौर में क्रिकेट, हॉकी और स्विमिंग सहित 10 खेलों के मुकाबले होंगे। वहीं पेशावर को 3 खेलों के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि भारतीय क्रिकेटरों ने आखिरी बार 2008 में पाकिस्तान का दौरा किया था। साथ ही भारत ने पिछले दो पुरुष और एक महिला साउथ एशियन गेम्स में अपनी क्रिकेट टीम नहीं भेजी थी। साल 2008 से लेकर 2026 के बीच, इन मुख्य खेलों की भारतीय टीमों ने पाकिस्तान में जाकर मैच या टूर्नामेंट खेले हैं: 1. टेनिस (डेविस कप- फरवरी 2024) 60 साल बाद भारतीय टेनिस टीम ने पाकिस्तान का दौरा किया। इस्लामाबाद में खेले गए 'डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप-1 प्ले-ऑफ' में युकी भांबरी, रामकुमार रामनाथन, साकेत माइनेनी और श्रीराम बालाजी शामिल हुए। भारत 4-0 से जीता। 2. ब्रिज (BFAME चैंपियनशिप- मई 2023) भारत की 30 सदस्यीय ब्रिज टीम ने लाहौर में आयोजित 22वीं 'ब्रिज फेडरेशन ऑफ एशिया एंड मिडिल ईस्ट' चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। भारतीय दल ने ओपन, मिक्स्ड, महिला और सीनियर- सभी 4 कैटेगरीज में गोल्ड मेडल जीते। 3. एथलेटिक्स (एशियन क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप- नवंबर 2024) भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन ने इस्लामाबाद में आयोजित एशियन क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप के लिए अपनी आधिकारिक टीम पाकिस्तान भेजी, जहां भारतीय एथलीटों ने हिस्सा लिया। पाकिस्तान में 23 साल बाद SAF गेम्स की वापसी पाकिस्तान 23 साल बाद मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट SAF गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। इससे पहले पाकिस्तान ने 2004 में इस्लामाबाद में इन खेलों की मेजबानी की थी। भारत से सहमति मिलने के बाद पाकिस्तान में तैयारियां तेज हो गई हैं। पाकिस्तान के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री इशाक डार ने तैयारियों की समीक्षा की है। उन्होंने अधिकारियों को इंटरनेशनल लेवल की सुविधाएं, सुरक्षा, लॉजिस्टिक्स और मेडिकल सपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। ------------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… क्या अब मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेगा भारत:इंडियन विमेंस टीम एशिया कप जीतने की दावेदार; पिछले साल कप्तान सूर्या ने किया था इनकार एशिया कप का फाइनल मुकाबला। दुबई का ग्राउंड। भारतीय टीम चैंपियन बनती है। लेकिन ट्रॉफी नहीं लेती। कारण- जो शख्स ट्रॉफी देने वाला था, वह पाकिस्तानी था। यह घटना करीब एक साल पहले दुबई में हुई थी। अब 13 सितंबर को दुबई के उसी ग्राउंड पर एक बार फिर यही घटना रिपीट हो सकती है। अंतर इतना है कि दो साल पहले वाकया पुरुष एशिया कप का था इस बार मामला महिला एशिया कप का है। पूरी खबर पढ़ें…
पाकिस्तान क्रिकेट ने खिलाड़ियों के व्यवहार पर जांच शुरु की:दूसरे टेस्ट के बाद 7 प्लेयर्स को निकाला था, प्लेयर्स के फोन भी जब्त किए
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंग्लैंड दौरे पर मौजूद खिलाड़ियों के अनुशासन और व्यवहार को लेकर इंटरनल जांच शुरू कर दी है। PCB प्रवक्ता आमिर मीर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीडिया में आ रही खबरों को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान ने 7 खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया था। हेडकोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी हटा दिया गया था। उनकी जगह व्हाइट बॉल टीम के कोच माइक हेसन और एश्ले नॉफके को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। इसके बाद से टीम का इंग्लैंड दौरा लगातार विवादों में है। इससे पहले यह खबर आई थी कि पाकिस्तान ने सभी खिलाड़ियों के फोन भी जब्त कर लिए हैं। एंटी-करप्शन एंगल की बात अभी सामने नहीं आई PCB के प्रवक्ता ने कहा- ‘इंग्लैंड दौरे पर मीडिया में हमारे खिलाड़ियों के अनुशासन और व्यवहार को लेकर आई खबरों को गंभीरता से लेते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इन सभी मामलों की अंदरूनी स्तर पर समीक्षा की जा रही है।’ सोशल मीडिया पर जारी आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया है कि यह केवल एक अनुशासनात्मक प्रक्रिया है। इसके जरिए खिलाड़ियों के आचरण और अनुशासन से जुड़े पहलुओं को जांचा जा रहा है। हालांकि मामले में किसी एंटी-करप्शन एंगल की बात अभी तक सामने नहीं आई है। मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच की बात आमिर ने कहा- ‘PCB ऐसे मामलों को अपनी तय प्रक्रिया के मुताबिक संभालता है। यह प्रक्रिया PCB के नियमों के तहत की जा रही है और इसमें सभी संबंधित लोगों को उचित मौका दिया जा रहा है।’ बताया जा रहा है कि खिलाड़ियों के मोबाइल फोन मीडिया में जानकारी लीक होने के आरोपों की फोरेंसिक जांच के लिए लिए गए थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। PCB ने खिलाड़ियों के फोन जब्त किए थे इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कुछ खिलाड़ियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। टेस्ट मैच खत्म होने तक ये फोन बोर्ड के कब्जे में ही रहेंगे। PCB ने अभी तक यह नहीं बताया है कि किन खिलाड़ियों के फोन लिए गए हैं और इस कार्रवाई की वजह क्या है। हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट का मैच फिक्सिंग से पुराना नाता रहा है। इसमें 2010 के इंग्लैंड दौरे का स्पॉट फिक्सिंग मामला भी शामिल है। इस मामले में तीन खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया गया था। 7 खिलाड़ी और 2 कोच पहले ही हटाए गए पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद PCB ने तीसरे टेस्ट से पहले टीम में बड़ा फेरबदल किया है। बोर्ड ने मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा समेत 7 खिलाड़ियों को टीम से रिलीज कर दिया। उनकी जगह नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा हेड कोच सफराज अहमद को हटा दिया गया और उनकी जगह माइक हेसन को तीसरे टेस्ट के लिए जिम्मेदारी दी गई। बॉलिंग कोच उमर गुल की जगह एश्ले नॉफके को भी लाया गया है। पाकिस्तान ने पहला टेस्ट पारी और 103 रन से और दूसरा टेस्ट 194 रन से गंवाया था। अब सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट 9 सितंबर से बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाएगा। ऐसे में खिलाड़ियों के फोन PCB की कस्टडी में लिए जाने की रिपोर्ट ने टीम के भीतर चल रही उथल-पुथल को और बढ़ा दिया है। -------------------------- पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… शोएब अख्तर बोले- पाकिस्तान क्रिकेट वेंटिलेटर पर:मौजूदा टीम से कोई उम्मीद नहीं; मिस्बाह ने भी सिस्टम पर सवाल उठाए पाकिस्तान क्रिकेट 'वेंटिलेटर पर' है और मौजूदा टीम से कोई उम्मीद नहीं बची है। इंग्लैंड दौरे पर लगातार खराब प्रदर्शन के बीच पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने PCB और टीम की मौजूदा स्थिति पर तीखी टिप्पणी की है। पूरी खबर पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 







