Hartalika Teej Mehndi Designs: तीज पर हाथों में रचाएं खूबसूरती, ये 7 ट्रेंडी मेहंदी डिजाइंस हैं खास
Hartalika Teej Mehndi Designs: विवाहित महिलाओं के लिए हरतालिका तीज का पर्व बहुत मायने रखता है। इस दिन वे खूब सजती-संवरती हैं। लेकिन साज-श्रंगार तब तक अधूरा लगता है, जब तक हाथों में मेहंदी न रची हो। वैसे तो पहले लगभग एक जैसी ही डिजाइन की मेहंदी ही महिलाएं अपने हाथों पर रचवाती थीं लेकिन समय के साथ-साथ मेहंदी के डिजाइन में भी काफी परिवर्तन हुआ है।
पहले जहां महिलाएं हरी मेहंदी को पीसकर सलाई और सींक से लगाया करती थीं, वहीं आज बाजार में रेडीमेड कोन उपलब्ध हैं। साथ ही मेहंदी लगाने वाले आर्टिस्ट भी बड़ी आसानी से मिल जाते हैं।
पहले के भरे-भरे डिजाइन की अपेक्षा आजकल मेहंदी के मिनिमलिस्टिक डिजाइन और टैटू स्टाइल के डिजाइन सबसे ज्यादा ट्रेंड में हैं। अधिकतर महिलाएं साफ, खुले और क्लासी पैटर्न में मेहंदी लगवाना पसंद कर रही हैं। यहां आपको मेहंदी के कुछ ट्रेंडी डिजाइंस के बारे में बता रहे हैं।
1.ट्रेडिशनल फुल हैंड मेहंदी: सदियों से चली आ रही यह शैली आज भी महिलाओं की पहली पसंद है। इस पैटर्न में हथेली से लेकर कलाई और बाजू तक पूरे हाथ को बारीक और आर्टिस्टिक डिजाइनों से सजाया जाता है। इसमें बेल-बूटे, फूल-पत्तियां, मोर, कमल, कलश और जालीदार पैटर्न बनाए जाते हैं। चूंकि यह बहुत बारीक डिजाइन होती है इसलिए इसमें बहुत समय लगता है और लगवाने के लिए बहुत धैर्य की आवश्यकता होती है।
2.मांडला डिजाइन: मांडला डिजाइन में हथेली के बीचों-बीच में एक बड़ा और गहरा गोल चक्र बनाया जाता है, जिसे फूल, पत्तियों, ज्यामितीय आकृतियों से सजाया जाता है। अंगुलियों को या तो खाली रखा जाता है या फिर उन पर बहुत हल्का डिजाइन बनाया जाता है। यह देखने में तो सुंदर लगती ही है, साथ ही बन भी बहुत जल्दी जाती है।
3.इंडो अरेबिक डिजाइन: इस पैटर्न की शुरुआत मध्य पूर्व देशों से हुई लेकिन अपनी खूबसूरती के कारण यह भारत में भी बहुत लोकप्रिय है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसकी बोल्ड आउटलाइन, बड़े फूल, पत्तियां और बेलनुमा पैटर्न हैं।
ट्रेडिशनल भारतीय मेहंदी की तरह इसमें हाथों को पूरा भरा नहीं जाता बल्कि हथेली और अंगुलियों पर खुली जगह छोड़ते हुए सुंदर डिजाइस बनाए जाते हैं। अरेबिक डिजाइन को हथेली के एक तरफ से शुरू होकर तिरछी बेल बनाई जाती है, जो दिखने में बहुत आकर्षक लगती है।
4.मिनिमलिस्ट-नेगेटिव स्पेस डिजाइन: मिनिमलिस्ट स्टाइल का चलन आजकल बहुत तेजी से बढ़ा है। यह पैटर्न उन महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय है, जो भारी भरकम मेहंदी के बजाय हल्के, साफ-सुथरे और आधुनिक डिजाइन पसंद करती हैं।
इस पैटर्न में पूरे हाथ को भरने के स्थान पर केवल हथेली के एक हिस्से, कलाई या अंगुलियों पर छोटे-छोटे डिजाइन बनाए जाते हैं और खाली स्पेस में मेहंदी से बारीक आउटलाइन बनाई जाती है। इस डिजाइन में पर्याप्त खाली जगह छोड़ी जाती है ताकि इसकी सुंदरता और अधिक निखर सके। चूंकि यह बहुत जल्दी बन जाती है। इसलिए महिलाएं इसे काफी पसंद करती हैं।
5.शिव-पार्वती थीम मेहंदी: हरतालिका तीज भगवान शिव-देवी पार्वती को ही समर्पित पर्व है। इसलिए इस दिन आप अपने हाथों में शिवजी और माता पार्वती की मनमोहक आकृतियों के साथ त्रिशूल, डमरू, चंद्रमा, ओम, नंदी, रुद्राक्ष, शिवलिंग, कमल और बेलपत्र जैसे पवित्र प्रतीकों को भी बनवा सकती हैं।
6.फिंगर-बैक हैंड मेहंदी: इसमें पूरे हाथ को भरने के स्थान पर केवल अंगुलियों और हाथ के बैक पर कलात्मक डिजाइन बनाए जाते हैं। महीन रेखाएं, छोटे फूल, पत्तियां, जाली, डॉट्स, बेलें और ज्यामितीय पैटर्न इसकी मुख्य विशेषताएं हैं। हाथों पर टेटू या फिर मिनिमल डिजाइन बनाई जाती हैं। जो इंडो-वेस्टर्न दोनों ही लुक पर अच्छी लगती हैं।
7.ट्रेंडी ब्रेसलेट-ज्वेलरी डिजाइन: आजकल यह सबसे ट्रेंडी डिजाइन है। इसकी खासियत है कि इसमें मेहंदी से ऐसे डिजाइन बनाए जाते हैं, जो देखने में हाथों में पहने गए कंगन, ब्रेसलेट, अंगूठी, चेन और हाथ फूल जैसे गहनों का काम करते हैं।
इसीलिए इस डिजाइन को मेहंदी ज्वेलरी डिजाइन भी कहा जाता है। इसमें कलाई पर पतली बेलों, मोतियों जैसी आकृतियों, जालीदार डिजाइन और फूल-पत्तियों से सजाया जाता है।
प्रतिभा अग्निहोत्री
यह भी पढ़ें: तीज का व्रत खोलने के लिए बनाएं ये 6 स्वादिष्ट व्यंजन, परिवार के साथ लें जायके का मजा
Apple Event 2026: आज होगा बड़ा धमाका, iPhone 18 से Foldable iPhone तक ये डिवाइस होंगे लॉन्च, जानें समय
Apple के प्रशंसकों का इंतजार आज खत्म होने वाला है। कंपनी 9 सितंबर 2026 को साल का अपना सबसे बड़ा लॉन्च इवेंट आयोजित करने जा रही है। इस खास इवेंट को ‘Surprise and Shine’ नाम दिया गया है। कार्यक्रम का आयोजन क्यूपर्टिनो स्थित Apple Park में होगा। इस बार Apple के इवेंट पर खास नजर इसलिए है क्योंकि कंपनी से iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और अपने पहले फोल्डेबल iPhone को पेश करने की उम्मीद है। यह नए CEO John Ternus के नेतृत्व में Apple का पहला बड़ा iPhone लॉन्च भी होगा।
भारत में कितने बजे शुरू होगा Apple Event 2026?
Apple का मुख्य कीनोट 9 सितंबर को सुबह 10 बजे Pacific Time पर शुरू होगा। भारत में इसका सीधा प्रसारण रात 10:30 बजे से शुरू होगा। भारतीय यूजर्स इस इवेंट को Apple की आधिकारिक वेबसाइट और Apple TV ऐप के जरिए लाइव देख सकेंगे। इसके अलावा कंपनी के आधिकारिक YouTube चैनल पर भी इवेंट की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।
iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max पर रहेंगी नजरें
इस साल Apple के सितंबर लॉन्च इवेंट में प्रीमियम iPhone मॉडल्स पर खास फोकस रहने की उम्मीद है। कंपनी iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को पेश कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सामान्य iPhone 18, iPhone 18e और दूसरी पीढ़ी का iPhone Air सितंबर के इस इवेंट में लॉन्च नहीं किए जाएंगे। इन मॉडल्स को 2027 के वसंत में पेश किए जाने की संभावना है। इसका मतलब है कि इस बार सितंबर इवेंट में Apple का फोकस प्रीमियम Pro मॉडल्स और लंबे समय से चर्चा में रहे फोल्डेबल iPhone पर रह सकता है।
iPhone 18 Pro में मिल सकता है 6.3 इंच का डिस्प्ले
रिपोर्ट्स के अनुसार, iPhone 18 Pro में 6.3 इंच का डिस्प्ले दिया जा सकता है। वहीं, बड़े मॉडल यानी iPhone 18 Pro Max में 6.9 इंच का डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। दोनों मॉडल्स में Apple की अगली पीढ़ी का A20 Pro चिपसेट मिलने की बात कही जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चिप 2nm तकनीक पर आधारित हो सकती है।
कैमरे में भी मिल सकता है बड़ा अपग्रेड
iPhone 18 Pro सीरीज में कैमरा अपग्रेड भी देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स में दोनों Pro मॉडल्स में बेहतर 48 मेगापिक्सल कैमरा सेंसर दिए जाने की बात कही गई है। वहीं, iPhone 18 Pro Max में वेरिएबल अपर्चर वाला मुख्य कैमरा मिलने की संभावना है। यह फीचर कैमरे में आने वाली रोशनी और डेप्थ ऑफ फील्ड पर ज्यादा कंट्रोल दे सकता है। इसके अलावा नए Pro मॉडल्स में छोटा Dynamic Island और पहले की तुलना में बड़ी बैटरी मिलने की भी चर्चा है।
Apple का पहला फोल्डेबल iPhone होगा सबसे बड़ा आकर्षण
आज के Apple इवेंट का सबसे बड़ा सरप्राइज कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone हो सकता है। Apple के इस डिवाइस का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है और रिपोर्ट्स में इसे iPhone Ultra या iPhone Duo नाम से लिस्ट किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोल्डेबल iPhone में 5.5 इंच का बाहरी डिस्प्ले और खुलने के बाद 7.8 इंच की अंदरूनी स्क्रीन मिल सकती है। दोनों डिस्प्ले में 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। फोल्डेबल iPhone में भी A20 Pro चिपसेट दिए जाने की बात कही जा रही है। इसके साथ 12GB रैम मिलने की उम्मीद है। स्टोरेज के लिए 256GB से लेकर 2TB तक के विकल्प दिए जा सकते हैं।
फोल्डेबल iPhone में Face ID की जगह मिल सकता है Touch ID
फोल्डेबल iPhone के डिजाइन को लेकर भी कई तरह की रिपोर्ट्स सामने आई हैं। फोन को पतला रखने के लिए Apple इसमें Face ID की जगह Touch ID का इस्तेमाल कर सकती है। हालांकि, यह जानकारी अभी आधिकारिक नहीं है। Apple की ओर से फोल्डेबल iPhone के नाम, डिजाइन, स्पेसिफिकेशन और बायोमेट्रिक सिस्टम की पुष्टि नहीं की गई है।
iPhone 18 Pro की संभावित कीमत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में iPhone 18 Pro की कीमत 1,44,900 रुपये से शुरू हो सकती है। वहीं, iPhone 18 Pro Max की कीमत करीब 1,59,900 रुपये होने की संभावना है। दूसरी ओर, Apple के पहले फोल्डेबल iPhone यानी संभावित iPhone Ultra या iPhone Duo की कीमत करीब 2,49,900 रुपये बताई जा रही है। हालांकि, इन कीमतों को अभी आधिकारिक नहीं माना जा सकता। लॉन्च इवेंट में Apple की ओर से कीमतों की घोषणा के बाद ही सही जानकारी सामने आएगी।
आज के इवेंट में क्या होगा खास?
Apple Event 2026 में सबसे ज्यादा ध्यान तीन डिवाइस पर रहने की उम्मीद है- iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और पहला फोल्डेबल iPhone। iPhone 18 Pro सीरीज में जहां बेहतर कैमरा, नया A20 Pro चिपसेट, बड़ी बैटरी और छोटे Dynamic Island जैसे बदलाव देखने को मिल सकते हैं, वहीं फोल्डेबल iPhone Apple के लिए बिल्कुल नई कैटेगरी में एंट्री होगी। फोल्डेबल फोन बाजार में Samsung, Google और Motorola जैसी कंपनियां पहले से मौजूद हैं। Apple के इस सेगमेंट में आने से बाजार में प्रतिस्पर्धा और तेज होने की उम्मीद है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi






