Gold-Silver Rate 9 September : सोने में आई गिरावट, चांदी के भी भाव गिरे, जानिए भोपाल से दिल्ली तक का लेटेस्ट रेट
अंतरराष्ट्रीय तनाव, कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव और डॉलर इंडेक्स के बदलते रुख के बीच बुधवार को सोने की कीमतों में नरमी देखी गई है, वहीं चांदी के भाव में भी गिरावट आई है। 9 सितंबर को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट शुद्ध सोने का भाव गिरकर 1,52,497 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, वहीं चांदी लुढ़ककर 2,39,429 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है।
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 2.31 लाख रुपये प्रति किलो पर बना हुआ है। इसके अलावा गुडरिटर्न्स पर आज 24 कैरेट सोने का भाव 1,54,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज किया गया है, वहीं चांदी की कीमत 2,50,000 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है।
अमेरिकी डॉलर सूचकांक में मजबूती के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बुलियन मार्केट पर दबाव बना हुआ है। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया ₹94.82 से ₹94.82 के दायरे में ट्रेड कर रहा है। वैश्विक स्तर पर स्पॉट गोल्ड 4,410.90 डॉलर प्रति औंस और सिल्वर रेट 66.195 डॉलर प्रति औन्स के आसपास कारोबार कर रहा है है।
इसके अलावा मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति में रुकावट की आशंका से क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी बरकरार है। इससे वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ने का खतरा बढ़ने लगा है।
अमेरिका फेडरल रिजर्व में ब्याज दरों को लेकर आने वाले फैसलों से पहले निवेशक सतर्क है, जो सोने की कीमतों को प्रभावित कर रही है। हालांकि इस अनिश्चितता के माहौल में सोना सुरक्षित विकल्प के रुप में निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका के महंगाई डेटा (CPI) जारी होने तक सोने-चांदी की चाल सीमित दायरे में बनी रह सकती है। फिलहाल निवेशकों को सतर्कता के साथ निवेश की ओर बढ़ना चाहिए।
भोपाल-इंदौर में बुधवार का सोने-चांदी का ताजा भाव
भोपाल और इंदौर में 24 कैरेट सोने का भाव 1,54,460 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है। गहने बनाने में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला 22 कैरेट सोना 1,41,600 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि 18 कैरेट सोना 1,15,880 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रहा है। चांदी का भाव करीब 2,49,900 रुपये प्रति किलो बताया जा रहा है।
दिल्ली-लखनऊ समेत बड़े शहरों में क्या है रेट?
- दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़ और लखनऊ जैसे शहरों में 24 कैरेट सोने का भाव 1,54,360 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है। 22 कैरेट सोना 1,41,500 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,15,780 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब चल रहा है।
- मुंबई, पुणे, नागपुर, जयपुर, दिल्ली और लखनऊ में चांदी का भाव करीब 2,49,900 रुपये प्रति किलो है। वहीं चेन्नई, हैदराबाद, विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और केरल में एक किलो चांदी की कीमत करीब 2,54,900 रुपये बताई जा रही है।
सोना खरीदने से पहले जान लें ये बातें
- शनिवार, रविवार और केंद्र सरकार द्वारा घोषित अवकाश के दिनों में नए भाव जारी नहीं किए जाते हैं, इस दौरान बाजार बंद रहता है। शुक्रवार शाम को बंद हुए रेट ही शनिवार-रविवार को मान्य होते हैं।
- सोना खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क और HUID कोड जरूर जांचें।
- हॉलमार्क के निशान में BIS लोगो, कैरेट/शुद्धता, HUID नंबर और सेंटर मार्क होता है।
- 24 कैरेट सोने के आभूषण पर 999, 22 कैरेट पर 916 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है।
- 24 कैरेट गोल्ड 99.9% शुद्ध होता है और 22 कैरेट में 91.6% शुद्धता ( 8.4% अन्य धातु जैसे तांबा, चांदी, जिंक) होती है।
नोट- ऊपर दी गई सोने-चांदी की कीमतों में जीएसटी, टीसीएस और मेकिंग चार्ज जैसे अन्य शुल्क शामिल नहीं हैं, इसलिए शोरूम या स्थानीय बाजार से आभूषण खरीदते समय कीमतों में अंतर देखने को मिल सकता है। सटीक दरों के लिए अपने स्थानीय जौहरी या ज्वैलर्स शॉप से संपर्क करें।
पहले दौड़ में फेल, फिर नई पहचान बनाकर लौटा, रेटिना स्कैन ने बिगाड़ दिया पूरा खेल, ऐसे पकड़ाया फर्जी अभ्यर्थी
रतलाम में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ग्रुप-D (लेवल-1) शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के दौरान पहचान सत्यापन प्रणाली ने बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया। बिहार के मुंगेर जिले का रहने वाला अजीत कुमार दूसरे अभ्यर्थियों की जगह दौड़ लगाने के लिए रतलाम पहुंचा था। वहीं पहली बार असफल होने के बाद भी उसने दोबारा कोशिश की लेकिन दूसरी बार बायोमेट्रिक और रेटिना स्कैन में उसकी पहचान सामने आ गई।
जीआरपी के अनुसार आरोपी ने यह काम 30 हजार रुपये के सौदे में किया था। उसे 10 हजार रुपये एडवांस मिले थे। कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी अजीत कुमार और मूल परीक्षार्थी निरंजन कुमार को जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे अभ्यर्थी कुंदन कुमार की तलाश जारी है।
इंदौर से फ्लाइट लेकर दिल्ली गया
दरअसल जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार के मुताबिक अजीत कुमार 2 सितंबर को बिहार के अभ्यर्थी निरंजन कुमार की जगह दौड़ लगाने पहुंचा था। लेकिन वह पहली दौड़ में सफल नहीं हो पाया। इसके बाद उसने रतलाम छोड़ दिया और टैक्सी से इंदौर पहुंचा। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इंदौर से उसने फ्लाइट लेकर दिल्ली की यात्रा की। वहां वह किसी व्यक्ति से मिला और फिर वापस रतलाम लौट आया। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दिल्ली में उसकी मुलाकात किससे हुई और क्या इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है। इसके बाद 6 सितंबर को वह फिर रतलाम पहुंचा, लेकिन इस बार उसने एक नए अभ्यर्थी कुंदन कुमार की पहचान का इस्तेमाल किया। उसे लगा कि पहचान बदलने से वह बच जाएगा, लेकिन तकनीकी जांच ने उसकी योजना नाकाम कर दी।
अब दूसरे आरोपी की तलाश
वहीं 6 सितंबर को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक और रेटिना मैचिंग की प्रक्रिया हुई। इसी दौरान सिस्टम ने दिखाया कि यही व्यक्ति पहले भी परीक्षा दे चुका है। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत उसे रोक लिया और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जीआरपी को सूचना दी। जांच में पता चला कि जिस कुंदन कुमार के नाम पर वह दूसरी बार परीक्षा देने आया था, वह खुद रतलाम पहुंचा ही नहीं था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कुंदन और अजीत के बीच संपर्क कैसे हुआ और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। जरूरत पड़ने पर जांच टीम बिहार जाकर भी पूछताछ करेगी। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ पश्चिम रेलवे मुंबई के कार्यालय अधीक्षक राजेश्वर तिवारी की शिकायत पर धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बैंक लेनदेन, कॉल रिकॉर्ड और यात्रा के पूरे रूट की जांच कर रही है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News







