Delhi Police ने 83 करोड़ रुपये की Cyber Fraud करने वाले गिरोह के छह लोगों को पकड़ा
नयी दिल्ली, चार सितंबर दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे साइबर जालसाज गिरोह का भंड़ाफोड़ किया है जो ठगी के पैसों को ठिकाने लगाने के लिए फर्जी खातों और कंपनियों का इस्तेमाल करता था। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का संबंध 83 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की 89 शिकायतें से पाया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान सगरना चेतन सहरावत, शक्ति गुर्जर, धर्मेंद्र कुमार, तरुण, दीपक और गौरव कादियान के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के एक मामले की जांच के तहत एक संदिग्ध बैंक खाते का पता चला और जिसे लेकर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।
इस खाते का इस्तेमाल तेलंगाना, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से धोखाधड़ी के पैसे प्राप्त करने में किया गया था। जांच में पता चला कि भोले-भाले लोगों को नौकरी या वेतन देने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए गए। बाद में इन खातों का इस्तेमाल ठगी से मिले पैसों को इधर-उधर करने के लिए किया गया।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सहरावत गिरोह का सरगना है, जिसके तहत अन्य लोग काम करते हैं। आरोपियों ने धोखाधड़ी के पैसे प्राप्त करने, स्थानांतरित करने और निकालने के लिए अलग-अलग नामों से बैंक खाते और कंपनियां खोलीं।’’ पुलिस ने बताया कि लगभग 83.23 करोड़ रुपये की कुल 89 शिकायतें गिरोह से जुड़ी पाई गईं, जबकि समय पर कानूनी कार्रवाई करके 1.14 करोड़ रुपये की राशि निकालने पर रोक लगवाई गई। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सहरावत कथित तौर पर थाईलैंड भाग गया और बाद में दुबई चला गया, जिसके बाद उसके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया।
अधिकारी ने बताया कि उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया। तरुण ने भी कथित तौर पर दुबई भागने का प्रयास किया था और उसे एलओसी की मदद से मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन, 109 चेक बुक, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, कंपनियों के पंजीकरण कागजात, पैन और अन्य पहचान दस्तावेज एवं नकद जमा करने वाली पर्चियां जब्त कीं।
Delhi में अचानक बदला मौसम, घने बादल और तेज बारिश से मिली राहत; जानें अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 4 और 5 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
हालांकि, बारिश के चलते ऑफिस टाइम के दौरान दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है। इससे कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ने की आशंका है।
दिल्ली में आज कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 सितंबर को दिल्ली में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और शाम तक कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सुबह दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर तापमान में भी अंतर देखने को मिला। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री, लोधी रोड में 27.6 डिग्री, आया नगर में 27 डिग्री, पालम में 25.5 डिग्री और रिज में 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
5 सितंबर को भी बारिश और बादलों का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, 6 सितंबर से मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिलेगा। 7 से 9 सितंबर के बीच तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें: CJP Protest Case In Delhi | पुलिस ने FIR में जोड़ा SC/ST एक्ट, इन्फ्लुएंसर Swantantra Bhardwaj की जल्द होगी गिरफ्तारी
बारिश से दिल्ली-एनसीआर की हवा भी हुई साफ
बारिश और तेज हवाओं का असर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला है। बारिश ने हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद की है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत AQI 74 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है।
दिल्ली के आया नगर में AQI 49 और मथुरा रोड पर 47 दर्ज किया गया। वहीं, गाजियाबाद के इंदिरापुरम में AQI 36 और नोएडा के सेक्टर-62 में 50 रहा। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता 'अच्छी' श्रेणी में रही। हालांकि, कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर 'मध्यम' श्रेणी में रहा। अशोक विहार, बवाना, लोनी और नोएडा सेक्टर-125 में AQI 100 के आसपास या इससे थोड़ा ऊपर दर्ज किया गया।
कुल मिलाकर बारिश और तेज हवाओं से दिल्ली-NCR के मौसम में ठंडक आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने से मौसम सुहावना बने रहने की उम्मीद है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







