मेसी का इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास:इंस्टाग्राम पर हाथ से लिखा नोट पोस्ट किया, लिखा- सब कुछ दे दिया, अब कुछ बाकी नहीं
हाथ से लिखा 230 शब्दों का एक नोट... और एक ऐसा फैसला, जिसका इंतजार शायद कोई फुटबॉल फैन नहीं कर रहा था। दुनिया के सबसे सेलिब्रेटेड सॉकर प्लेयर लियोनेल मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह दिया है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया पर संन्यास का ऐलान किया। हाथ से लिखा यह नोट सिर्फ इंटरनेशनल फुटबॉल छोड़ने का ऐलान नहीं था, बल्कि उस सफर का आखिरी पन्ना था, जो 2005 में शुरू हुआ था। ये अर्जेंटीना की उस जर्सी को अलविदा कहने का ऐलान भी था, जिसके लिए मेसी ने कहा था- मैने इसके लिए अपना सब कुछ दे दिया। लेकिन, 39 साल के मेसी के लिए यह फैसला अचानक नहीं था। वर्ल्ड कप फाइनल के दो दिन बाद, 21 जुलाई को ही उन्होंने संन्यास का फैसला लिखकर रख लिया था। इस मुकाबले में अर्जेंटीना को स्पेन से हार मिली थी। मेसी अर्जेंटीना के लिए आखिरी बार इसी मैच में खेले थे। मेसी ने लिखा कि यह फैसला लेना तकलीफदेह था। मैदान से हटने की बाद उनके दिल के अंदर तक दुख देती है, लेकिन लगता है कि अब ऐसा करने का समय आ गया है। ‘नेशनल टीम का चैप्टर खत्म, अपना सब कुछ दे चुका’ मेसी ने उस जर्सी को याद किया, जिसके लिए उन्होंने हमेशा संघर्ष किया। उन्होंने लिखा कि समय कम बचा है। हर चैप्टर खत्म होता है और नेशनल टीम का चैप्टर भी अब खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना कीटीम का हिस्सा बनना उन्हें पसंद था, पसंद है और हमेशा रहेगा। फिर उन्होंने वह बात लिखी, जो शायद इस फैसले की सबसे बड़ी वजह है। मेसी ने कहा कि मैंने अपने पास मौजूद सब कुछ दे दिया है। अब मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं बचा है। मेसी ने अर्जेंटीना की टीम में जगह बना रहे युवा खिलाड़ियों का जिक्र भी किया, उनके मुताबिक, ये खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के हकदार हैं। पिता के निधन के बाद लिया रिटायरमेंट का फैसला वर्ल्डकप में अपनी टीम अर्जेंटीना की हार के बाद मेसी के सामने सवाल था कि क्या अब अर्जेंटीना की जर्सी में उनका सफर जारी रहना चाहिए? इसका जवाब उन्होंने अपने पिता जॉर्ज मेसी की मौत के बाद तय किया। पिता की मौत के बाद मेसी ने अपने भविष्य को लेकर संदेह जताया था। उन्होंने कहा था कि नहीं पता कि वे अर्जेंटीना के लिए ज्यादा समय तक खेल पाएंगे या नहीं। स्पेन के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल के बाद उन्होंने अपनी शारीरिक स्थिति का भी जिक्र किया। मेसी ने कहा कि उनके पैर आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। उन्होंने अपनी शारीरिक सीमाओं से आगे जाने की कोशिश की। लेकिन इस बार वह ऐसा नहीं कर सके। शायद यहीं से फुटबॉल के मैदान पर मेसी के सफर का आखिरी पन्ना लिखा जाने लगा था। ‘मैदान से आपकी आवाज सुनना बहुत याद आएगा’ मेसी ने फैंस को 20 साल के प्यार के लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने लिखा, ‘मुझे मैदान से आपकी आवाज सुनना बहुत याद आएगा। अब मैं आप ही में से एक रहूंगा और बाहर से टीम का समर्थन करूंगा, अच्छे समय में और खासकर बुरे समय में।’ मेसी ने अपने परिवार, हर कोच, साथी खिलाड़ियों और अधिकारियों को धन्यवाद दिया, जिनके साथ उन्होंने यह सफर तय किया। उन्होंने लिखा कि वे अपने साथ कभी न भूलने वाली यादें और पल लेकर जा रहे हैं। अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा मैच, सबसे ज्यादा गोल 2005 में अर्जेंटीना के लिए डेब्यू करने वाले मेसी ने छह वर्ल्ड कप खेले। वे अर्जेंटीना के सबसे ज्यादा गोल करने वाले और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उनके सफर में सबसे बड़ा टर्न 2022 में आया, जब उन्होेंने कतर में अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप जिताया। अर्जेंटीना ने तीसरी बार यह ट्रॉफी जीती और 36 साल का इंतजार खत्म किया। इससे पहले 2021 में मेसी ने अर्जेंटीना को कोपा अमेरिका जिताया था। इस जीत के साथ टीम का 28 साल का ट्रॉफी सूखा खत्म हुआ था। यानी, जिन ट्रॉफी के लिए अर्जेंटीना दशकों से इंतजार कर रहा था, मेसी ने अपने खेल से टीम को वे ट्रॉफी दिलाईं। अर्जेंटीना की जर्सी छोड़ी, लेकिन क्लब के लिए खेलते रहेंगे मेसी अब अर्जेंटीना के लिए मैदान पर नहीं उतरेंगे। लेकिन क्लब फुटबॉल में उनका सफर जारी रहेगा। वे इंटर मियामी क्लब से खेलते हैं। ------------------------------------------ मेसी से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… मेसी इवेंट के 33 हजार दर्शकों का पैसा लौटेगा; बंगाल CM बोले- स्पोर्ट्स बजट से होगा रिफंड पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने लियोनेल मेसी के कोलकाता इवेंट में पहुंचे करीब 33 हजार दर्शकों को टिकट का पैसा लौटाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भुगतान राज्य के स्पोर्ट्स बजट से किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर
PCB ने कोच समेत 7 प्लेयर्स को वापस बुलाया:इंग्लैंड से 2 टेस्ट हारने के बाद फैसला; 9 सितंबर से बर्मिंघम में तीसरा मैच
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सोमवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट से पहले अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया। बोर्ड ने 7 खिलाड़ियों को घर वापस बुला लिया है। उनकी जगह सात नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। PCB ने मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, मुहम्मद अवैस जफर और खुर्रम शहजाद को रिलीज किया है। ये बदलाव लीड्स और लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान के हारने के बाद हुए हैं। टीम 3 मैचों की सीरीज में 2-0 से पीछे है। तीसरा और आखिरी मैच 9 सितंबर से शुरू होगा। रंधावा, रजाउल्लाह को पहली बार मौका सात नए खिलाड़ियों में सैम अयूब, अब्दुल्ला फजल, अराफात मिन्हास, साद बैग, मुहम्मद रंधावा, रजाउल्लाह और मुहम्मद इमरान जूनियर शामिल हैं। इनमें से पांच प्लेयर इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं। जबकि, मुहम्मद रंधावा और रजाउल्लाह ने कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। ये सभी प्लेयर्स तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान की टीम से जुड़ेंगे। सैम अयूब ने आठ टेस्ट और अब्दुल्ला फजल ने दो टेस्ट खेले हैं। लेफ्टी स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर अराफात मिन्हास पाकिस्तान के लिए तीन वनडे और चार टी-20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं। सरफराज और गुल को भी रिलीज किया पाकिस्तानी बोर्ड ने मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी रिलीज कर दिया है। अब माइक हेसन को मुख्य कोच और एशले नॉफ्के को गेंदबाजी कोच बनाया गया है। बर्मिंघम टेस्ट के लिए पाकिस्तान की अपडेटेड टीम बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मुहम्मद इमरान, मोहम्मद इमरान जूनियर, मुहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), रजाउल्लाह, साद बैग (विकेटकीपर), सैम अयूब, साजिद खान, सऊद शकील, शान मसूद और उबैद शाह। ---------------------------------------- पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… बाबर बोले– लॉर्ड्स टेस्ट बायकॉट की चर्चा नहीं हुई; दावा था- इमरान के बेटों का इंटरव्यू से PCB नाराज पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान के बायकॉट की खबरों को एक सिरे से खारिज किया है। रविवार को BBC ने बाबर से पूछा गया कि क्या लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन लंच के बाद पाकिस्तान के मैदान पर नहीं उतरने की बात हुई थी। इस पर बाबर ने कहा, 'नहीं, मैंने ऐसी कोई बात नहीं सुनी।' पढ़ें पूरी खबर
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 






