Rajasthan Civic Polls: BJP ने जारी किया शहरी विकास Sankalp Patra, किए कई बड़े वादे
जयपुर, दो सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई ने आगामी निकाय चुनाव के लिए बुधवार को अपना ‘शहरी विकास संकल्प पत्र-2026’ जारी किया, जिसमें बेहतर बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, सुरक्षा, परिवहन और जनसुविधाओं के साथ शहरों के सुनियोजित एवं समग्र विकास का वादा किया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के अन्य नेताओं ने यहां संकल्प पत्र जारी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में किए गए 78 प्रतिशत वादे सत्ता में आने के 32 महीने के भीतर पूरे कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी घोषणा पत्र के बजाय ‘संकल्प पत्र’ जारी करती है, क्योंकि यह वादों को पूरा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शर्मा ने कहा कि शहरी विकास संकल्प पत्र राज्य के 309 नगरीय निकायों के लिए अगले पांच वर्षों का रोडमैप होगा। उन्होंने कहा कि इसमें नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और शहरों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में विभिन्न आय वर्गों को एक लाख आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने, सात लाख से अधिक घरों में पीएनजी कनेक्शन देने, 2,000 पिंक टॉयलेट बनाने और नए एवं बाहरी आवासीय क्षेत्रों में 15 लाख स्ट्रीट लाइट लगाने का वादा किया गया है। भाजपा ने वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र स्थापित करने तथा पंजीकृत रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, सीएनजी ऑटो-रिक्शा चालकों और टैक्सी चालकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कवर देने का भी वादा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सुरक्षित शहरों के लिए प्रत्येक नगरीय निकाय में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था विकसित करने, प्रमुख सड़कों का विकास करने और चौराहों का सौंदर्यीकरण करने का प्रस्ताव है।
भवन मानचित्रों की स्वीकृति की ऑनलाइन प्रक्रिया को सरल बनाने और आवेदनों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है।’’ उन्होंने कहा कि यातायात और पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए फ्लाईओवर, अंडरपास, पुल, बहुस्तरीय और सामुदायिक पार्किंग सुविधाओं सहित व्यापक नीति बनाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि अधिक यातायात दबाव वाले शहरों में रिंग रोड विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। भाजपा ने शहरी वन और लव-कुश वाटिका विकसित करने, ग्रीन बेल्ट बनाने तथा प्रमुख पार्कों और जलभराव वाले क्षेत्रों में वर्षाजल संचयन प्रणाली स्थापित करने का भी वादा किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संकल्प पत्र शहरी विकास के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने वादों को पूरा करती है। शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने राज्य को बदहाल स्थिति में छोड़ दिया था तथा भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति की।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने नियमों के अनुसार वार्डों के पुनर्गठन का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य के 309 नगरीय निकायों में एक साथ चुनाव कराए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने एक लाख 70 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं, जबकि एक लाख 25 हजार से अधिक पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किए गए हैं।
Indore में Rahul Gandhi का कार्यक्रम टला, 19 सितंबर को होगी छात्रों की गूंज
इंदौर (मध्यप्रदेश), दो सितंबर कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में इंदौर में 12 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तारीख जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के कारण आगे बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी गई है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के इस तर्क को खारिज करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के एक पुराने आदेश के तहत नेहरू स्टेडियम में केवल खेलकूद गतिविधियों या राज्यस्तरीय शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति है। भाजपा ने यह भी कहा कि प्रमुख विपक्षी दल राहुल गांधी के कार्यक्रम में भीड़ न जुटा पाने की अपनी नाकामी छिपाने के लिए बहानेबाजी कर रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने से इनकार किए जाने के बाद अब छात्रों की गूंज कार्यक्रम 12 सितंबर के बजाय 19 सितंबर को आयोजित होगा। पटवारी ने इंदौर में कार्यक्रम की तैयारियों से जुड़ी बैठक के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब कार्यक्रम के लिए नया आयोजन स्थल तलाश करके उसे तैयार करेगी।
कांग्रेस ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में इंदौर और आस-पास के 50,000 विद्यार्थियों को जुटाने का प्रयास कर रही है। मध्यप्रदेश के कांग्रेस मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा,‘‘भाजपा सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम से डर गई है। यही वजह है कि वह नेहरू स्टेडियम में इस कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति नहीं दे रही है।’’ भाजपा की प्रदेश इकाई के सह मीडिया प्रभारी आलोक दुबे ने कहा कि गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को विद्यार्थियों का समर्थन नहीं मिल पा रहा और अपनी कमियां छिपाने के लिए कांग्रेस सत्तारूढ़ दल पर झूठे आरोप लगा रही है।
उन्होंने कहा,‘‘हमारी सरकार नेहरू स्टेडियम के मामले में उच्च न्यायालय के एक पुराने आदेश का पालन कर रही है।’’ नेहरू स्टेडियम नगर निगम के तहत आता है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के मुताबिक नेहरू स्टेडियम में खेलकूद गतिविधियों या राज्यस्तरीय शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन की ही अनुमति दी जा सकती है। उन्होंने कहा, कांग्रेस को यह बात अच्छी तरह पता है कि वह राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों को बड़ी तादाद में जुटा नहीं पाएगी, इसलिए वह बहानेबाजी कर रही है।
गांधी के कार्यक्रम की तारीख में बदलाव की घोषणा से पहले, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर 12 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। उन्होंने पत्र में कहा था कि राहुल गांधी का कार्यक्रम कोई सामान्य राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित जनसंवाद है। ‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया विद्यार्थी-संवाद अभियान है जिसके तहत देश के अलग-अलग शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विपक्षी दल इस अभियान के जरिये प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को घेरने का प्रयास कर रहा है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









