बैंक फ्रॉड केस में बैंक अधिकारी को 7 साल की सजा, 4.30 लाख रुपये का जुर्माना
बैंक धोखाधड़ी के एक मामले में जयपुर की CBI कोर्ट ने ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के तत्कालीन स्पेशल असिस्टेंट मुरारी लाल मीणा को दोषी करार देते हुए 7 साल के कठोर कारावास (Rigorous Imprisonment) की सजा सुनाई है. कोर्ट ने दोषी पर 4 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. CBI के मुताबिक, यह मामला राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट स्थित ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की शाखा से जुड़ा है. CBI ने बैंक की शिकायत के आधार पर 20 दिसंबर 2017 को मामला दर्ज किया था.
क्या है पूरा मामला?
आरोप था कि मुरारी लाल मीणा ने बैंक में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अनधिकृत 'No Dues Certificates' जारी किए. इन प्रमाणपत्रों के जरिए बकाया कर्ज की देनदारी के बावजूद बैंक के पास गिरवी रखी गई संपत्तियों और अन्य सिक्योरिटीज को रिलीज करने में मदद की गई. CBI की जांच में सामने आया कि इस कथित अनियमितता के चलते बैंक को 83 लाख 69 हजार 495 रुपये का नुकसान हुआ. यह नुकसान 25 अलग-अलग लोन अकाउंट्स से संबंधित था.
2019 में दाखिल हुई थी चार्जशीट
मामले की जांच पूरी होने के बाद CBI ने 28 अगस्त 2019 को आरोपी मुरारी लाल मीणा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की. इसके बाद कोर्ट ने 23 जनवरी 2024 को आरोपी के खिलाफ आरोप तय किए. मामले में सुनवाई और ट्रायल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जयपुर की CBI कोर्ट ने 1 सितंबर 2026 को मुरारी लाल मीणा को दोषी ठहराया और 7 साल के कठोर कारावास के साथ 4.30 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई. CBI ने कहा कि आरोपी ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया था.
Explainer: अगर सितंबर में भी कमजोर रहा मानसून तो आपकी रसोई तक दिखेगा ये बदलाव
Explainer: मानसून का महीना भारत जैसे कृषि प्रधान देश के लिए काफी अहम होता है. मानसूनी बारिश के आधार पर ही देश की अर्थव्यवस्था का हिसाब-किताब किया होता है. लेकिन इस बार मानसून में बारिश भले ही हो रही है, लेकिन ये उम्मीद से कम हुई है. जिसका असर ग्रामीण भारत की अर्थव्यस्था से लेकर शहरी क्षेत्रों तक देखने को मिल सकता है. अगर सितंबर के महीने में भी कम बारिश हुई तो इसका आपकी किचन और थाली पर भी दिखाई देगा.
अगस्त में सामान्य से 16 फीसदी कम हुई बारिश
मौसम विभाग ने सोमवार (31 अगस्त) को बताया कि अगस्त में सामान्य से 16 फीसदी कम बारिश हुई है. ऐसे में सितंबर में भी भारत में औसत से कम मानसूनी बारिश होने की संभावना है. इससे एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में फसल की पैदावार और आर्थिक विकास को लेकर चिंता बढ़ गई है. दरअसल, सितंबर का महीना फसल पकने के लिए अहम होता है. इस दौरान कम बारिश होने से कपास, सोयाबीन, मक्का और दालों जैसी गर्मियों में बोई जाने वाली फसलों की पैदावार पर बुरा असर पड़ सकता है.
सालभर की बारिश का मानसून में 70 फीसदी हिस्सा
साथ ही, इससे गेहूं और रेपसीड जैसी सर्दियों में बोई जाने वाली फसलों के लिए जरूरी मिट्टी की नमी भी कम हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि सितंबर में बारिश लंबे समय के औसत के 91 प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है. महापात्र ने कहा कि बारिश की कमी के कारण सितंबर में औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने की उम्मीद है. मानसून से भारत में सालाना बारिश का लगभग 70 प्रतिशथ हिस्सा मिलता है और इससे जलाशयों, नदियों और भूजल का स्तर फिर से बढ़ जाता है.
अल-नीनो ने बिगाड़ा बारिश का खेल
भारत की अर्थव्यवस्था लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर की है, जहां लगभग आधी खेती वाली जमीन पर सिंचाई की सुविधा नहीं है और लगभग आधी आबादी अपनी आजीविका के लिए खेती पर निर्भर है. महापात्रा ने कहा कि अल नीनो मौसम पैटर्न, जिसकी वजह से अगस्त में कम बारिश हुई थी, और मजबूत हो गया है.
- अल नीनो की पहचान मध्य और पूर्वी इक्वेटोरियल प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह के असामान्य रूप से गर्म तापमान से होती है. यह दुनिया भर में मौसम के पैटर्न को बिगाड़ता है और अक्सर एशिया के कुछ हिस्सों में सूखे जैसे हालात पैदा करता है.
- भारत में अल नीनो वाले कई पिछले सालों में औसत से कम बारिश हुई है. कई बार इससे भयंकर सूखा पड़ा, जिससे फसलें बर्बाद हुईं और कुछ अनाजों के निर्यात पर रोक लगानी पड़ी.
- मुंबई स्थित ब्रोकरेज फर्म 'फिलिप कैपिटल इंडिया' में कमोडिटीज़ रिसर्च की वाइस प्रेसिडेंट अश्विनी बंसोड़ ने कहा कि अगस्त में औसत से कम बारिश से पहले ही प्रभावित फसलें अब फलियों के बनने और विकास के अहम दौर में हैं, जिससे पैदावार घटने का खतरा बढ़ गया है.
- बंसोड़ ने कहा, "सितंबर की बारिश सर्दियों की फसल की बुआई के लिए भी बहुत जरूरी है. अगर मिट्टी में नमी का स्तर कम होता है, तो गेहूं, चना और रेपसीड की बुआई में दिक्कतें आ सकती हैं."
खरीफ की फसल के लिए अहम है सितंबर में होने वाली बारिश
बता दें कि खरीफ के मौसम में भारत में खासतौर पर कपास, सोयाबीन, मक्का और अरहस जैसी दलहन की फसलें होती हैं. जो सितंबर के महीने में अपने विकास के चरण में होती हैं. ऐसे में अगर सितंबर के महीने में बारिश कम होती है उससे उनकी पैदावार भी कम हो जाती है.
- सितंबर के महीने में जहां मक्का की फसल पककर तैयार हो जाती है तो वहीं अरहर की फसल में फली बनने और पकने जैसे अहम चरण होते हैं. ऐसे में कम बारिश होने से पैदावार के प्रभावित होने का भी खतरा बढ़ जाता है.
- इसका मतलब है कि अगर सितंबर के महीने में बारिश नहीं होती या कम होती तो इसका असर फसल की पैदावार पर होता है. इससे सबसे ज्यादा नुकसान उन किसानों को ज्यादा होता है जिनके पास अपनी फसलों की सिंचाई की सुविधा नहीं होती.
- लेकिन जिनके पास सिंचाई का इंतजाम होता है उनकी कुछ हद तक भरपाई हो सकती है. बावजूद इसके बारिश की सभी को जरूरत रहती है.
रबी की फसल पर भी होगा इसका असर
सितंबर में होने वाली बारिश का असर खरीफ की फसलों पर ही नहीं बल्कि ये रबी की फसलों को भी प्रभावित करता है. क्योंकि ये बारिश मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी होती है. जो अक्टूबर और नवंबर में बोई जाने वाली रबी की फसलों के लिए बेहद जरूरी होता है.
- बता दें कि गेहूं, चना और सरसों और मटर जैसी रबी फसलों की बुवाई के समय अगर खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होती तो किसानों को सिंचाई पर ज्यादा निर्भर रहना पड़ता है. इसका मतलब है कि अगर सितंबर में बारिश कम होती है तो उसका असर सिर्फ खरीफ की फसलों पर ही नहीं होता बल्कि इससे रबी की फसलें भी प्रभावित होती हैं.
आपके थाली को कैसे प्रभावित करती है बारिश?
अब चलिए जानते हैं बारिश का असर आपकी थाली पर कैसे पड़ता है और इससे आपकी किचन से लेकर देश की अर्थव्यवस्था कैसे प्रभावित होती है. दरअसल, अगर बारिश कम होती तो उस सीजन में फसल भी कमजोरी होती है, ऐसे में बाजार में उस फसल की उपलब्धता भी कम होगी. ऐसे में उस फसल की कीमतों में उछाल होने की भी संभावना होती है हालांकि इस बात की पूरी गारंटी नहीं होती कि कीमतें बढ़ेंगी.
ये भी पढ़ें: Explainer: हिमालय में जलवायु संकट को दूर करेगा भारत? नेपाली सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज ने की ये खास मांग
कम बारिश का असर दालों, तिलहनों और कुछ सब्जियों पर भी दिखाई देता है. अगर ये महंगी होती हैं तो इससे आपकी किचन और थाली भी प्रभावित होती है. हालांकि किसान की फसल सिंचाई के आधार पर बढ़ती है और पैदावार भी कम होती तो ग्रामीण आय पर इसका दोहरा प्रभाव पड़ता है. क्योंकि सिंचाई के खर्च के साथ फसल का कम उत्पादन किसानों की आमदनी को प्रभावित करता है.
ये भी पढ़ें: Explainer: होर्मुज संकट और महंगे तेल के बीच भी भारत की GDP 7.8%, आखिर कैसे अर्थव्यवस्था ने शानदार प्रदर्शन किया?
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation






