सीतापुर में बारिश से कच्ची दीवार ढहने पर बच्ची और चाचा की मौत, एक अन्य घायल
सीतापुर, एक सितंबर उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार शाम मिट्टी की दीवार गिरने से एक बच्ची समेत दो लोगों की दबकर मौत हो गई जबकि एक बच्चा घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कमलापुर थाना क्षेत्र के गौरा गांव में हुए इस हादसे में नेकराम (32) और उनकी पांच वर्षीय भतीजी लक्ष्मी की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल आठ वर्षीय मोहित का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मिट्टी से बने घर का ढांचा कमजोर हो गया था और मंगलवार देर शाम बारिश के दौरान घर की दीवार अचानक ढह गई, जिससे नेकराम, लक्ष्मी और मोहित मलबे में दब गए। कमलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया तथा तीनों लोगों को बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों के शव कसमंडा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रखे गए हैं और बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जाएगा। चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हैदराबाद में सड़क हादसे में राहगीर की मौत, कला निर्देशक आनंद साई का बेटा संदीप गिरफ्तार
हैदराबाद, दो सितंबर जाने-माने कला निर्देशक आनंद साई के बेटे संदीप को हैदराबाद में हुई एक सड़क दुर्घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में 31 वर्षीय एक राहगीर की मौत हो गई थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना 31 अगस्त की सुबह रायदुर्गम थाना क्षेत्र में हुई जब बिहार का एक प्रवासी मजदूर सड़क पार कर रहा था और एक एमपीवी की टक्कर से घायल हो गया। हादसे के बाद एमपीवी चालक एक अन्य कैब चालक के साथ मिलकर घायल व्यक्ति को निकटवर्ती अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहा था तभी संदीप की गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि पेड़ की शाखाओं की वजह से उन्हें ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था।
संदीप की कार को पीछे से एक और कार ने भी टक्कर मारी। पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘इस घटना में पहले से घायल राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घायल एमपीवी चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ ‘आर्किटेक्ट’ के तौर पर काम करने वाले संदीप जब अपने एक साथी के साथ कार से कार्यालय से लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि दोनों मौके से भाग गए थे।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस ने गाड़ी का पता लगाया और संदीप को पकड़ा जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। रायदुर्गम थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले में जांच जारी है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











