एआई दौर में भारतीय संगीत और भाषाएं बचाने के लिए विशेष प्रयास जरूरी: प्रसून जोशी
नयी दिल्ली, एक सितंबर प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के बीच भारत की सांस्कृतिक विरासत, संगीत और विलुप्त हो रही भाषाओं को बचाने व सुरक्षित रखने को लेकर मंगलवार को गहरी चिंता जताई। जोशी ने संगीत ऐप ‘स्पॉटिफाई’ की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, हमारी सभ्यता से जुड़ी कुछ भाषाओं, कुछ रचनाओं को बचाने व सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे। एआई की दुनिया में हमें यह भी नहीं भूलना चाहिए कि कला नहीं बच पाएगी, हालांकि कलाकारों को कुछ अवसर जरूर मिलेंगे।
जोशी ने कहा कि मनुष्य एआई के साथ मिलकर काम करेंगे और दोनों के बीच कोई ऊंच-नीच या श्रेष्ठता का संबंध नहीं होगा। जोशी ने कहा, मैं एआई को कृत्रिम बुद्धिमत्ता नहीं मानता। इसमें कुछ भी कृत्रिम नहीं है।
यह पूरी तरह मनुष्यों से मिली सूचनाओं और उनके अनुभवों से जुड़ा है।” कार्यक्रम से इतर जोशी ने कहा कि वह संगीत समेत भारत की सांस्कृतिक विरासत को बचाने व सुरक्षित रखने को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा, सिनेमा और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े एक समूह का मैं नेतृत्व कर रहा हूं। एआई, रचनात्मक क्षेत्र से जुड़ी अर्थव्यवस्था, भविष्य में रचनात्मकता किस दिशा में जाएगी और इसमें सरकार तथा निजी कंपनियां किस तरह मिलकर काम कर सकती हैं, इन सभी मुद्दों पर चर्चा जारी है।
गुजरात के खेड़ा में मारपीट के बाद प्रशासन की कार्रवाई, राज्य राजमार्ग से हटाए गए 50 अवैध ढांचे
खेड़ा, एक सितंबर गुजरात के खेड़ा जिले के महुधा कस्बे में ऑटो-रिक्शा चालक से कहासुनी होने पर एक कार चालक की कथित तौर पर पिटाई किए जाने के एक दिन बाद मंगलवार को प्रशासन ने राज्य राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण कर बनाए गये करीब 50 ढांचों को हटा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का उद्देश्य वाहनों की आवाजाही सुचारू करना था।
खेड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय पटेल ने बताया कि सोमवार शाम फीनव भागोल इलाके में घटनास्थल के निकट अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 250 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। पटेल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘महुधा के फीनव भागोल इलाके में सोमवार शाम कार चालक जिग्नेशभाई पटेल का एक ऑटो-रिक्शा चालक से विवाद हो गया था।
इसके बाद रिक्शा चालक ने अपने रिश्तेदारों को बुलाया और जिग्नेशभाई पर हमला किया।’’ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमले में जिग्नेशभाई पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। महुधा थाने में मारपीट के संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गये हैं। पटेल ने बताया कि मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 250 पुलिसकर्मियों और 25 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







