गुजरात के खेड़ा में मारपीट के बाद प्रशासन की कार्रवाई, राज्य राजमार्ग से हटाए गए 50 अवैध ढांचे
खेड़ा, एक सितंबर गुजरात के खेड़ा जिले के महुधा कस्बे में ऑटो-रिक्शा चालक से कहासुनी होने पर एक कार चालक की कथित तौर पर पिटाई किए जाने के एक दिन बाद मंगलवार को प्रशासन ने राज्य राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण कर बनाए गये करीब 50 ढांचों को हटा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का उद्देश्य वाहनों की आवाजाही सुचारू करना था।
खेड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय पटेल ने बताया कि सोमवार शाम फीनव भागोल इलाके में घटनास्थल के निकट अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 250 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। पटेल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘महुधा के फीनव भागोल इलाके में सोमवार शाम कार चालक जिग्नेशभाई पटेल का एक ऑटो-रिक्शा चालक से विवाद हो गया था।
इसके बाद रिक्शा चालक ने अपने रिश्तेदारों को बुलाया और जिग्नेशभाई पर हमला किया।’’ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमले में जिग्नेशभाई पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। महुधा थाने में मारपीट के संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गये हैं। पटेल ने बताया कि मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 250 पुलिसकर्मियों और 25 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया।
बिहार में खुलेगा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय का परिसर, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
पटना, एक सितंबर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) परिसर की स्थापना के लिए मंजूरी दे दी है, जिससे राज्य की समृद्ध रंगमंच और मंचीय कला की परंपराओं को बढ़ावा मिलेगा। चौधरी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही रंगमंच कला के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए बिहार संगीत नाटक अकादमी की स्थापना कर चुकी है, ऐसे में एनएसडी परिसर इन प्रयासों को और मजबूती देगी।
चौधरी ने कहा, ‘‘राज्य सरकार परिसर के लिए उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराने और स्वीकृत निर्माण लागत का 50 प्रतिशत हिस्सा वहन करने के लिए कदम उठा रही है।’’ उन्होंने एनएसडी परिसर को बिहार की सांस्कृतिक विरासत, युवा प्रतिभाओं और आधुनिक रंगमंच के भविष्य में निवेश बताया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच साझेदारी से राष्ट्रीय रंगमंच के क्षेत्र में राज्य की पहचान और मजबूत होगी। दिल्ली स्थित एनएसडी देश के प्रमुख रंगमंच प्रशिक्षण संस्थानों में से एक है।
इसकी स्थापना संगीत नाटक अकादमी ने 1959 में अपनी एक इकाई के रूप में की थी। 1975 में यह एक स्वतंत्र इकाई बन गयी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








