Mahindra SUV: ग्राहकों को मिलीं महिंद्रा की 70 हजार XUV 7XO, जानें कीमत और फीचर
Mahindra SUV: महिंद्रा XUV 7XO ने भारतीय एसयूवी बाजार में एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। महिंद्रा ने लॉन्च के महज सात महीनों में एक्सयूवी 7एक्सओ की 70 हजार यूनिट्स ग्राहकों तक पहुंचाई हैं। कंपनी ने इस एसयूवी में दमदार इंजन के साथ कई एडवांस फीचर्स भी शामिल किए हैं। आइए जानते हैं, इसकी कीमत और खासियतों की पूरी जानकारी।
70 हजार यूनिट्स की हुई डिलीवरी
महिंद्रा एक्सयूवी 7एक्सओ की डिलीवरी 14 जनवरी 2026 से शुरू की गई थी। कंपनी के मुताबिक, लॉन्च के बाद से अब तक इसकी 70 हजार यूनिट्स की डिलीवरी हो चुकी है। इस तरह एसयूवी ने सिर्फ सात महीनों में यह आंकड़ा हासिल कर बिक्री के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है।
कैसे हैं फीचर्स?
महिंद्रा एक्सयूवी 7एक्सओ में कंपनी ने कई प्रीमियम और एडवांस फीचर्स दिए हैं। इसमें हरमन कार्डन ऑडियो सिस्टम, 540-डिग्री कैमरा, लेवल-2 एडीएएस, लेन डिपार्चर सिस्टम और पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स मिलते हैं।
इसके अलावा एसयूवी में बॉस मोड, रियर सीट के लिए स्क्रीन और एड्रेनॉक्स कनेक्टेड टेक्नोलॉजी के साथ फ्रंट में ट्रिपल स्क्रीन सेटअप दिया गया है। एक्सयूवी 7एक्सओ में पहली बार एलेक्सा और चैटजीपीटी इंटीग्रेशन भी दिया गया है। इससे एसयूवी में स्मार्ट कनेक्टिविटी और वॉयस कमांड का अनुभव बेहतर होता है।
कितना दमदार है इंजन?
महिंद्रा एक्सयूवी 7एक्सओ को पेट्रोल और डीजल इंजन के विकल्पों के साथ पेश किया गया है। इसमें 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 200 हॉर्सपावर की पावर जनरेट करता है। इसके अलावा एसयूवी में 2.2 लीटर टर्बो डीजल इंजन का विकल्प भी दिया गया है।
ट्रांसमिशन की बात करें तो इसमें 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिलते हैं। ग्राहक अपनी जरूरत और ड्राइविंग पसंद के हिसाब से वेरिएंट का चुनाव कर सकते हैं।
कितनी है कीमत?
महिंद्रा एक्सयूवी 7एक्सओ को कंपनी ने 13.99 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया था। वहीं, इसके टॉप वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 25.79 लाख रुपये तक जाती है। एसयूवी की कीमत वेरिएंट और इंजन-ट्रांसमिशन कॉम्बिनेशन के आधार पर अलग-अलग है।
(मंजू कुमारी)
New Bike: कावासाकी वर्सिस 650 का नया मॉडल लॉन्च, जानें क्या मिलेगा खास?
New Bike: अगर आप प्रीमियम और स्पोर्टी बाइक खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो कावासाकी इंडिया ने 2027 वर्सिस 650 को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 8.63 लाख रुपये रखी गई है। नए मॉडल ईयर के साथ बाइक में सिर्फ नए ‘कैंडी लाइम ग्रीन’ पेंट स्कीम का अपडेट किया गया है। इसके अलावा बाइक के डिजाइन, इंजन, चेसिस और फीचर्स में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। नई बाइक की डिलीवरी अगस्त के आखिर तक शुरू होने की उम्मीद है।
नया कलर ऑप्शन
2027 कावासाकी वर्सिस 650 को नए ‘कैंडी लाइम ग्रीन’ कलर में पेश किया गया है। यह कलर पिछले मॉडल में दिए गए कलर की जगह लेगा। नए पेंट के साथ बाइक में कावासाकी की पारंपरिक हरे रंग वाली पहचान बरकरार रखी गई है। हालांकि, बाइक की बाकी डिजाइन और स्टाइलिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इसके अलावा बाइक के इंजन, चेसिस, इलेक्ट्रॉनिक्स और फीचर्स में भी कोई अपग्रेड नहीं किया गया है। कंपनी ने इसकी कीमत भी 8.63 लाख रुपये एक्स-शोरूम ही रखी है। ऐसे में 2027 मॉडल का मुख्य अपडेट नया मॉडल ईयर और नई कलर स्कीम है।
कावासाकी वर्सिस 650: इंजन और मैकेनिक्स
2027 कावासाकी वर्सिस 650 में पहले वाला ही 649 सीसी, लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। यह इंजन 8,500 आरपीएम पर 67 हॉर्सपावर की पावर और 7,000 आरपीएम पर 61 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है।
इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। इसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच भी स्टैंडर्ड फीचर के तौर पर मिलता है।
बाइक को ट्यूबलर डायमंड फ्रेम पर तैयार किया गया है। सस्पेंशन के लिए इसमें आगे 150 मिमी ट्रैवल के साथ 41 मिमी टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे 145 मिमी ट्रैवल वाला मोनोशॉक दिया गया है। रियर सस्पेंशन में रिमोट प्रीलोड एडजस्टर भी मिलता है। यह फीचर सामान या पीछे बैठने वाले यात्री के साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले राइडर्स के लिए उपयोगी है।
फीचर्स
कावासाकी वर्सिस 650 में कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। इसमें एडजस्टेबल विंडस्क्रीन, फुल-एलईडी लाइटिंग, ट्रैक्शन कंट्रोल और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ 4.3 इंच का टीएफटी कलर डिस्प्ले मिलता है।
बाइक में 21 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक दिया गया है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बार-बार ईंधन भरवाने की जरूरत कम हो सकती है। फ्यूल टैंक फुल होने पर बाइक का वजन 220 किलोग्राम है।
राइडिंग के लिहाज से इसकी सीट हाइट 845 मिमी है, जो कम कद वाले राइडर्स के लिए थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। वहीं, 170 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस खराब सड़कों, स्पीड ब्रेकर और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर बाइक चलाने में मदद करता है।
किससे है मुकाबला?
अपडेटेड कावासाकी वर्सिस 650 भारतीय मिडिलवेट टूरिंग बाइक सेगमेंट में अपनी अलग जगह रखती है। बाजार में इसका मुकाबला होंडा एनएक्स500 जैसी बाइक्स से होता है। होंडा एनएक्स500 की एक्स-शोरूम कीमत 7.44 लाख रुपये है।
हालांकि, होंडा एनएक्स500 में कम क्षमता वाला इंजन दिया गया है और इसका फोकस एडवेंचर राइडिंग पर ज्यादा है, जबकि वर्सिस 650 को मुख्य रूप से स्पोर्ट-टूरिंग के लिए तैयार किया गया है।
(मंजू कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi








