दायरा के ट्रेलर लॉन्च से पहले मेघना गुलज़ार ने लिखी दिल छू लेने वाली बात, जानिए कब दिखेगी फिल्म की बड़ी झलक
Meghna Gulzar Trailer launch on August 31: बहुप्रतीक्षित फिल्म दायरा का ट्रेलर 31 अगस्त को सामने आएगा, जबकि फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. जैसे जैसे फिल्म बड़े पर्दे की ओर बढ़ रही है, नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर मेघना गुलज़ार ने अपने दिल की बात कागज पर उतारी है और दायरा तक पहुंचाने वाले अपने सफर की एक खास झलक दर्शकों के साथ साझा की है.
फिल्म के बारे में कही ये बात
उनकी इस दिल से लिखी बात के केंद्र में एक ऐसा विचार है, जो लंबे समय से उनकी कहानी कहने की शैली का हिस्सा रहा है, जिंदगी शायद ही कभी सिर्फ काले और सफेद में बंटी होती है. दायरा के साथ मेघना इसी सोच को एक कदम आगे ले जाती हैं. वह फिल्म के बारे में कहती हैं कि यह “सिर्फ उस ग्रे एरिया को एक्सप्लोर नहीं करती, बल्कि उसमें उतरती है और उसे तोड़कर देखने की कोशिश करती है.”
मेघना ने फिल्म की उस ड्यूलिटी पर भी बात की है, जो दायरा के केंद्र में है. साथ ही उन्होंने करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की कास्टिंग पर भी अपने विचार साझा किए हैं, जिनके किरदार एक ही उलझी हुई दुनिया में दो बिल्कुल अलग ताकतों का प्रतिनिधित्व करते हैं.
मूवी फिल्ममेकर को करीब से जानने का एक मौका देती है
उनकी यह बात उन जगहों, कहानियों और सवालों के सफर को समेटती है, जिन्होंने वक्त के साथ उनके भीतर अपनी जगह बनाई और आखिरकार उन्हें दायरा तक ले आए. मेमोरी, फिल्ममेकिंग, एक्सपीरियंस और एक्सप्लोरेशन के बीच घूमती मेघना की यह खास बात दर्शकों को कहानी के पीछे की फिल्ममेकर को करीब से जानने का एक दुर्लभ मौका देती है.
18 सितंबर को होगी दायरा रिलीज
ट्रू इवेंट्स से इंस्पायर्ड दायरा का डायरेक्शन मेघना गुलज़ार ने किया है. फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन लीड रोल्स में नजर आएंगे. फिल्म को यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलज़ार ने लिखा है. दायरा का प्रोडक्शन जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गड़ा की पेन स्टूडियोज ने किया है, जबकि इसका डिस्ट्रीब्यूशन पेन मरुधर द्वारा किया जाएगा. दायरा 18 सितंबर को रिलीज होगी.
उत्तराखंड के विकास में विश्व बैंक की मदद पर जोर, जल प्रबंधन से लेकर रोजगार तक पर हुई चर्चा
CM Dhami: उत्तराखंड के दीर्घकालिक और समग्र विकास को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और विश्व बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चीफ नॉलेज ऑफिसर पास्कल डोनोहोई के बीच बैठक हुई। सचिवालय में हुई इस मुलाकात में जलवायु परिवर्तन, जल प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, शहरीकरण और ‘उत्तराखंड@2047’ की विकास रणनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को समृद्ध, टिकाऊ और आपदा से निपटने में सक्षम राज्य बनाना है। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में नदियों के पुनर्जीवन और जल स्रोतों के संरक्षण पर काम किया जा रहा है। उन्होंने इन क्षेत्रों में विश्व बैंक से वित्तीय और तकनीकी सहयोग की मांग की।
जल संरक्षण पर फोकस
बैठक में जल संरक्षण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि आने वाले समय में पानी वैश्विक स्तर पर बड़ी चुनौती बन सकता है। ऐसे में उत्तराखंड में बारिश के पानी को बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
पलायन रोकने और रोजगार बढ़ाने की योजना
राज्य में पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। सरकार युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ जरूरत के मुताबिक रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा देने पर काम कर रही है।
शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में भी सहयोग की उम्मीद
बैठक में स्कूली और तकनीकी शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए विश्व बैंक के सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। अधिकारियों ने राज्य में ऊर्जा, वित्त और पेयजल से जुड़ी योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी भी विश्व बैंक के प्रतिनिधिमंडल को दी।
विश्व बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर पास्कल डोनोहोई ने उत्तराखंड की विकास प्राथमिकताओं को समझते हुए भविष्य में रणनीतिक और फ्लैगशिप परियोजनाओं के जरिए सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। विश्व बैंक की ओर से राज्य के विकास के लिए दीर्घकालिक सहयोग और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई गई।
बैठक में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए शहरों की भविष्य की जरूरतों, बुनियादी सुविधाओं और सतत एवं सुनियोजित विकास पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने राज्य की प्राथमिकताओं के अनुरूप विश्व बैंक के सहयोग से विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, विश्व बैंक के जोहांस जट्ट, सचिव डॉ. रणवीर सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation










