उत्तराखंड के विकास में विश्व बैंक की मदद पर जोर, जल प्रबंधन से लेकर रोजगार तक पर हुई चर्चा
CM Dhami: उत्तराखंड के दीर्घकालिक और समग्र विकास को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और विश्व बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चीफ नॉलेज ऑफिसर पास्कल डोनोहोई के बीच बैठक हुई। सचिवालय में हुई इस मुलाकात में जलवायु परिवर्तन, जल प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, शहरीकरण और ‘उत्तराखंड@2047’ की विकास रणनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को समृद्ध, टिकाऊ और आपदा से निपटने में सक्षम राज्य बनाना है। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में नदियों के पुनर्जीवन और जल स्रोतों के संरक्षण पर काम किया जा रहा है। उन्होंने इन क्षेत्रों में विश्व बैंक से वित्तीय और तकनीकी सहयोग की मांग की।
जल संरक्षण पर फोकस
बैठक में जल संरक्षण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि आने वाले समय में पानी वैश्विक स्तर पर बड़ी चुनौती बन सकता है। ऐसे में उत्तराखंड में बारिश के पानी को बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
पलायन रोकने और रोजगार बढ़ाने की योजना
राज्य में पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। सरकार युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ जरूरत के मुताबिक रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा देने पर काम कर रही है।
शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में भी सहयोग की उम्मीद
बैठक में स्कूली और तकनीकी शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए विश्व बैंक के सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। अधिकारियों ने राज्य में ऊर्जा, वित्त और पेयजल से जुड़ी योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी भी विश्व बैंक के प्रतिनिधिमंडल को दी।
विश्व बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर पास्कल डोनोहोई ने उत्तराखंड की विकास प्राथमिकताओं को समझते हुए भविष्य में रणनीतिक और फ्लैगशिप परियोजनाओं के जरिए सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। विश्व बैंक की ओर से राज्य के विकास के लिए दीर्घकालिक सहयोग और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई गई।
बैठक में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए शहरों की भविष्य की जरूरतों, बुनियादी सुविधाओं और सतत एवं सुनियोजित विकास पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने राज्य की प्राथमिकताओं के अनुरूप विश्व बैंक के सहयोग से विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, विश्व बैंक के जोहांस जट्ट, सचिव डॉ. रणवीर सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रक्षाबंधन पर हाथों की खूबसूरती बढ़ाएंगी ये मेहंदी डिजाइन्स, सिंपल से लेकर ट्रेडिशनल तक ट्राई करें ये लेटेस्ट पैटर्न
Raksha Bandhan Mehndi Designs: रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार, विश्वास और मजबूत रिश्ते को सेलिब्रेट करने वाला खास त्योहार है. इस दिन घर में अलग ही रौनक देखने को मिलती है. बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं, भाई अपनी बहनों को तोहफे देते हैं और पूरा परिवार साथ मिलकर इस त्योहार को सेलिब्रेट करता है. रक्षाबंधन के लिए बहनें अपने कपड़ों, ज्वैलरी और मेकअप से लेकर मेहंदी तक की खास तैयारी करती हैं.
त्योहार के मौके पर हाथों में लगी मेहंदी पूरे लुक को और खूबसूरत बना देती है. खासकर रक्षाबंधन से एक रात पहले बहनों के बीच मेहंदी लगाने का क्रेज देखने को मिलता है. ऐसे में अगर आप भी इस रक्षाबंधन अपने हाथों पर कुछ खूबसूरत और ट्रेंडिंग डिजाइन लगवाने की सोच रही हैं, तो सिंपल से लेकर ट्रेडिशनल तक कई ऐसे पैटर्न हैं जिन्हें आप ट्राई कर सकती हैं. हम आपको कुछ ऐसी मेहंदी डिजाइन्स के बारे में बता रहे हैं, जो आपके रक्षाबंधन लुक में चार चांद लगा सकती हैं.
मिनिमल फ्लोरल मेहंदी डिजाइन
अगर आपको हाथों पर ज्यादा भरी हुई मेहंदी पसंद नहीं है और आप सिंपल लेकिन स्टाइलिश डिजाइन चाहती हैं, तो मिनिमल फ्लोरल मेहंदी आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इस डिजाइन में छोटे-छोटे फूल, पत्तियां और पतली बेलों का इस्तेमाल किया जाता है. आप इन बेलों को उंगलियों से शुरू करके कलाई तक ले जा सकती हैं. डिजाइन के बीच खाली जगह छोड़ने से हाथों को मॉडर्न और एलिगेंट लुक मिलता है. इस तरह की मेहंदी खासतौर पर उन लड़कियों को पसंद आ सकती है, जिन्हें हल्की और जल्दी लगने वाली मेहंदी पसंद है. ट्रेडिशनल आउटफिट के साथ भी यह डिजाइन काफी खूबसूरत लगेगी.
मेडिटेरेनियन मेहंदी डिजाइन
इन दिनों मेहंदी में अलग और मॉडर्न पैटर्न भी काफी पसंद किए जा रहे हैं. मेडिटेरेनियन स्टाइल की मेहंदी इन्हीं डिजाइन्स में से एक है. अपने फ्लोरल पैटर्न और खाली जगह के खूबसूरत इस्तेमाल के कारण ये डिजाइन हाथों पर काफी क्लासी नजर आती है. इस डिजाइन में पूरी हथेली को मेहंदी से भरने के बजाय पैटर्न को एक खास तरीके से फैलाया जाता है. हथेली से उंगलियों की तरफ जाती तिरछी लाइन और उसके आसपास बने फूल-पत्तियों के पैटर्न हाथों को बेहद आकर्षक लुक देते हैं. अगर आप रक्षाबंधन पर इंडो-वेस्टर्न या मॉडर्न आउटफिट पहनने वाली हैं, तो इस तरह की मेहंदी आपके लुक के साथ अच्छी तरह मैच कर सकती है.
मंडला मेहंदी डिजाइन
मंडला मेहंदी डिजाइन लंबे समय से महिलाओं की पसंद बनी हुई है. इसकी सबसे खास बात ये है कि हथेली के बीच में बनाया गया एक खूबसूरत मंडला पूरे हाथ के लुक को बदल देता है. मंडला के चारों तरफ एक जैसी पंखुड़ियां, छोटे डॉट्स और बारीक लाइनें बनाई जा सकती हैं. आप इसे अपनी पसंद के अनुसार सिंपल या थोड़ा डिटेल्ड रख सकती हैं. अगर आपको ऐसी मेहंदी चाहिए जो ज्यादा भरी हुई भी न लगे और हाथों को ट्रेडिशनल लुक भी दे, तो मंडला डिजाइन एक बेहतरीन विकल्प है. रक्षाबंधन के मौके पर इसे सिंपल कुर्ती, सूट या साड़ी के साथ भी कैरी किया जा सकता है.
ट्रेडिशनल इंडियन मेहंदी डिजाइन
अगर आप रक्षाबंधन पर पूरी तरह ट्रेडिशनल लुक अपनाने वाली हैं, तो ट्रेडिशनल भारतीय मेहंदी डिजाइन आपके लिए परफेक्ट रहेगी. इस तरह के पैटर्न में फूल, पत्तियां, पैस्ले, मोर, जाली और बारीक लाइनों का इस्तेमाल किया जाता है. हालांकि, रक्षाबंधन के लिए डिजाइन चुनते समय इस बात का ध्यान रखें कि मेहंदी बहुत ज्यादा ब्राइडल या भारी न हो. अगर आप हाथों को फुल कवर नहीं करना चाहतीं, तो हथेली और उंगलियों पर कुछ चुनिंदा पैटर्न बनवा सकती हैं.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation







