Explainer: 1 महीने में 16% बढ़ी चीनी की कीमत, दुनिया के सबसे बड़े एक्सपोर्टर भारत में किल्लत! क्या एथेनॉल है इसकी वजह?
Explainer: रसोई में इस्तेमाल होने वाली चीनी इन दिनों अचानक महंगी हो गई है. जुलाई से लेकर अगस्त तक चीनी की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 20 जुलाई को चीनी की कीमत लगभग 48.18 रुपये प्रति किलो थी, जो 20 अगस्त तक बढ़कर 55.70 रुपये प्रति किलो हो गई है. आसान भाषा में कहें तो चीनी की कीमतों में एक महीने में ही 16 प्रतिशत से अधिक का इजाफा हुआ है. कई शहरों की फुटकर दुकानों पर तो चीनी 65 से 70 रुपए किलो तक भी बिक रही है. चीनी की मांग को देखते हुए सरकार ने 10 लाख टन चीनी विदेशों से मंगाने का फैसला किया है.
लोगों के मन में सवाल है कि आखिर चीनी की कीमतों में इतना इजाफा कैसे हो गया? आखिर इस इजाफे की वजह क्या है? क्या सरकार द्वारा जारी किए गए 10 लाख टन चीनी के इंपोर्ट वाले आदेश से कोई फायदा होगा? आज के एक्सप्लेनर में आइये जानते हैं, ऐसे ही सभी सवालों के जवाब…
चीनी के भाव बढ़ने के कई कारण हैं, जिसमें कम उत्पादन, गन्ने की फसल पर मौसम की मार, त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग, स्टॉक और जमाखोरी, कम उत्पादन के बावजूद चीनी का एक्सपोर्ट और एथेनॉल से जुड़ी पॉलिसीज आदि. हालांकि, 21 अगस्त को सरकार ने कहा था कि चीनी के भाव में कमी आने की मुख्य वजह एथेनॉल पॉलिसीज नहीं है. सरकार का कहना है कि चीनी की कीमतें बढ़ने की वजह मौसम की मार, कम घरेलू उत्पादन, जमाखोरी और बढ़ती मांग है.
बता दें, चीनी की डिमांड हर साल अगस्त से लेकर नवंबर के बीच बढ़ती है, क्योंकि त्योहार के सीजन में मिठाईयां, प्रोसेस्ड फूड की खपत अधिक होती है. हर साल की तरह ही डिमांड इस बार भी बढ़ी लेकिन स्टॉक की कमी की वजह से कीमतें भी बढ़ गईं.
सरकार द्वारा चीनी की कीमत बढ़ने की वजह
1. चीनी का उत्पादन उम्मीद से कम: घरेलू चीनी के उत्पादन में इस साल दबाव पड़ा है. मौसम की मार की वजह से गन्ने की फसल प्रभावित हुई है.
2. त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग: अगस्त से नवंबर के बीच भारत में त्योहारों की धूम होती है, जिसमें गणेश चतुर्थी, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, दशहरा और दिवाली आदि. त्योहारों के दौरान, मिठाईयों, बेकरी उत्पाद सहित मीठी चीजों की डिमांड हाई रहती है.
3. स्टॉक और जमाखोरी का मुद्दा: स्टॉक और जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने स्टॉक सीमा लागू कर दी है. साथ ही सरकार ने बड़े थोक उपभोक्ताओं के लिए भी स्टॉक रखने की सीमा को सख्त किया. सितंबर से नवंबर के बीच 10 टन से अधिक मासिक खपत वाले बड़े उपभोक्ताओं को अधिकतम 15 दिनों की जरूरत के बराबर स्टॉक रखने की अनुमति होगी.
E20 पेट्रोल और एथेनॉल का कनेक्शन क्या है?
देश में एक धड़ा ऐसा भी है, जो E20 को चीनी की कीमत बढ़ने की वजह मानता है. भारत ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की नीति को बढ़ावा दिया है, जिस वजह से एथेनॉल का उत्पादन गन्ने से निकलने वाले विभिन्न उत्पादों के साथ-साथ अन्य फीडस्टॉक से भी किया जाता है. ICRA के मुताबिक, 2025-26 में चीनी के टोटल प्रोडक्शन का अनुमान लगभग 3.1 करोड़ टन था, लेकिन चीनी का नेट प्रोडक्शन 2.8 करोड़ टन ही हो पाया. जबकि देश में चीनी की अनुमानित खपत 2.83 करोड़ टन है. ऐसा इसलिए क्योंकि करीब 31 लाख टन चीनी के बराबर गन्ने का शीरा एथेनॉल बनाने में खप गया. कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स, CAIT के अधिकारी शंकर ठक्कर का कहना है कि 3 साल से हमारा कहना था कि गन्ने का एथेनॉल में इस्तेमाल मुश्किलें खड़ी करेगा. अब वही समय आ गया है.
चीनी के एक्सपोर्ट की वजह से भी घटी डिमांड
केंद्र सरकार ने नवंबर 2025 में 15 लाख टन और फरवरी 2026 में अतिरिक्त 5 लाख टन चीनी के निर्यात (एक्सपोर्ट) की अनुमति दी थी. हालांकि, कीमतें बढ़ते देख मई 2026 में इसके निर्यात पर रोक लगा दी गई, लेकिन तब तक 8 लाख टन चीनी देश से बाहर भेजी जा चुकी थी. नतीजतन, चीनी का स्टॉक 47 लाख टन से घटकर महज 39 लाख टन रह गया, जिससे घरेलू बाजार में चीनी की किल्लत पैदा हो गई.
चीनी उद्योग से जुड़े एक विशेषज्ञ के अनुसार, "मिलों से सप्लाई का संकट मार्च 2026 में ही गहराने लगा था, लेकिन सरकार ने निर्यात पर रोक लगाने में दो महीने की देरी कर दी. इससे साफ जाहिर होता है कि सिस्टम को यह गलत जानकारी दी जा रही थी कि चीनी का स्टॉक पर्याप्त है, जबकि हकीकत में कुल उत्पादन घरेलू खपत को पूरा करने के लिए भी काफी नहीं था."
सरकार ने चीनी आयात का रास्ता क्यों खोला?
बढ़ती कीमतों में तेजी को कंट्रोल करने के लिए सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी है. यह कदम करीब एक दशक बाद भारत के चीनी आयात बाजार में बड़ी वापसी के तौर पर देखा जा रहा है. आयात की अनुमति 31 अक्टूबर 2026 तक है. सरकार की उम्मीद है कि विदेशी चीनी आने से घरेलू बाजार में उपलब्धता बढ़ेगी और कीमतों पर दबाव कम होगा. इसके अलावा पोर्ट आधारित रिफाइनरियों के जरिए लगभग 3 लाख टन रिफाइंड चीनी घरेलू बाजार में उपलब्ध कराने की संभावना भी जताई गई है.
क्या चीनी की कीमत और बढ़ सकती है?
यह कई बातों पर निर्भर करेगा. जैसे-
- घरेलू चीनी उत्पादन कितना रहता है
- त्योहारी सीजन में मांग कितनी बढ़ती है
- आयातित चीनी बाजार में कब पहुंचती है
- जमाखोरी और सट्टेबाजी पर सरकार की कार्रवाई कितनी प्रभावी रहती है
- वैश्विक चीनी बाजार में सप्लाई कैसी रहती है
- चीनी मिलों की बिक्री और स्टॉक की स्थिति क्या रहती है
अगर आयात और सरकारी नियंत्रण से बाजार में सप्लाई बढ़ती है तो कीमतों में राहत आ सकती है. दूसरी ओर, अगर मांग लगातार बढ़ती रही और घरेलू उत्पादन कमजोर रहा तो कीमतों पर दबाव बना रह सकता है.
आम आदमी पर क्या असर पड़ेगा?
चीनी की कीमत बढ़ने का असर सिर्फ चाय या मिठाई तक सीमित नहीं रहता. इसका प्रभाव कई खाद्य उत्पादों पर पड़ सकता है. संभावित असर...
- मिठाई और कन्फेक्शनरी महंगी हो सकती है.
- बिस्किट और बेकरी उत्पादों की लागत बढ़ सकती है.
- आइसक्रीम और मीठे पेय पदार्थों की लागत प्रभावित हो सकती है.
- होटल और रेस्टोरेंट की लागत बढ़ सकती है.
- त्योहारों के दौरान मिठाइयों के दाम बढ़ सकते हैं.
- बड़े खाद्य निर्माताओं की उत्पादन लागत पर दबाव आ सकता है.
हालांकि, हर उत्पाद की कीमत में चीनी का हिस्सा अलग होता है, इसलिए चीनी की कीमत बढ़ने का पूरा बोझ सीधे ग्राहक पर पड़े, यह जरूरी नहीं है.
आज का पंचांग 22 अगस्त 2026: तिथि, शुभ मुहूर्त, राहुकाल, चौघड़िया, सूर्योदय-सूर्यास्त
आज की तिथि क्या है?: आज श्रावण माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि है, जो रात 11:00 बजे तक रहेगी। इसके बाद एकादशी तिथि शुरू हो जाएगी। यहां जानें ज्योतिषाचार्य डॉक्टर मनीष गौतम जी महाराज से आज के दिन का पंचांग, सूर्य, चंद्रमा की स्थिति और शुभ-अशुभ समय।
- वार: शनिवार
- नक्षत्र: ज्येष्ठा, दोपहर 02:41 बजे तक
- योग: विष्कंभ, 03:13 बजे तक
- करण: तैतिल, 12:48 बजे तक; इसके बाद गर, 2:00 बजे तक
शुभ मुहूर्त
- अभिजीत मुहूर्त: 11:54 AM-12:46 PM
- ब्रह्म मुहूर्त: लगभग 04:19 AM-05:07 AM
- अमृत काल: लगभग 07:25 AM-08:55 AM
- विजय मुहूर्त: लगभग 02:48 PM-03:40 PM
अशुभ समय
- राहुकाल: 09:07 AM-10:44 AM
- यमगण्ड: 01:56 PM-03:33 PM
- गुलिक काल: 05:55 AM-07:31 AM
- दुर्मुहूर्त: लगभग 07:35 AM-08:27 AM और 08:53 AM-09:45 AM
सूर्योदय और चंद्र समय
- सूर्योदय: 05:55 AM
- सूर्यास्त: 06:45 PM
- चंद्रोदय: 02:55 PM
- चंद्रास्त: 12:13 AM, 23 अगस्त
- चंद्र राशि: वृश्चिक
आज के व्रत
22 अगस्त को कोई प्रमुख सार्वदेशिक एकादशी या बड़ा व्रत नहीं है। श्रावण शुक्ल दशमी होने के कारण भगवान शिव की पूजा, जलाभिषेक और मंत्र-जप करना शुभ माना जाता है। अगले दिन 23 अगस्त को श्रावण पुत्रदा एकादशी का व्रत है।
आज का पर्व
आज 22 अगस्त को कोई प्रमुख अखिल भारतीय हिंदू पर्व नहीं है। श्रावण मास के कारण शिव-पूजन और सात्त्विक धार्मिक साधना के लिए दिन विशेष माना जा सकता है।
आज का धार्मिक महत्व
श्रावण शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि भगवान शिव की आराधना के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। शनिवार होने के कारण आज शनि देव की पूजा, पीपल के वृक्ष की सेवा तथा जरूरतमंदों को दान करने की धार्मिक परंपरा भी प्रचलित है। ज्येष्ठा नक्षत्र और वृश्चिक राशि में चंद्रमा होने से आज पूजा-पाठ, ध्यान, मंत्र-जप और आत्मचिंतन जैसे कार्य किए जा सकते हैं। शुभ कार्य के लिए मुहूर्त देखते समय राहुकाल, यमगण्ड और दुर्मुहूर्त से बचना उचित माना जाता है।
आज राहुकाल कब है?: आज राहुकाल सुबह 09:07 बजे से 10:44 बजे तक रहेगा। इस अवधि में शुभ कार्य शुरू करने से बचने की परंपरा है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation
Haribhoomi










