Bhadohi में बेटे को ट्रेन से बचाते समय मां शिव कुमारी की मौत हो गई
भदोही में शराब के लिए पैसे न मिलने पर ट्रेन के आगे आकर जान देने जा रहे 20 वर्षीय बेटे को बचाने के प्रयास में उसकी मां की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई और बेटा घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र में इंदिरा मिल रेलवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार देर शाम हुआ।
उसने बताया कि महिला की पहचान शिव कुमारी (46) के रूप में हुई है। उसने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और उसके घायल बेटे विशाल राजभर (20) को जिला अस्पताल से वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। चौरी थाना प्रभारी शैलेश कुमार राय ने बताया कि चकभुंइधर गांव की रहने वाली शिव कुमारी आशा कार्यकर्ता थी।
उन्होंने बताया कि शिव कुमारी अपनी बड़ी बेटी पुष्पा राजभर के मां बनने की सूचना मिलने पर उससे मिलने शहर के एक निजी नर्सिंग होम आई थी और उसके साथ उसका बेटा विशाल भी आया था। पुलिस के अनुसार, नर्सिंग होम में ही विशाल ने अपनी मां से पैसे मांगे, जिसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। उसने बताया कि विशाल ने पहले से शराब पी रखी थी तथा वह अपनी मां से और पैसे मांग रहा था लेकिन शिव कुमारी ने जब पैसे देने से इनकार कर दिया तो विशाल ने कहा कि वह ट्रेन के आगे आकर जान दे देगा और यह कहकर वह नर्सिंग होम से तेजी से बाहर निकल गया।
पुलिस ने बताया कि शिव कुमारी अपने बेटे को रोकने के लिए उसके पीछे दौड़ी। थाना प्रभारी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि विशाल रेलवे पटरी पर आ रही ट्रेन के सामने खड़ा हो गया और तभी दौड़कर वहां पहुंची शिव कुमारी ने उसे धक्का देकर पटरी से हटा दिया, लेकिन वह खुद ट्रेन की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि विशाल इस घटना में घायल हो गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ED ने Odisha के कारोबारी रतिकांत राउत को किया गिरफ्तार, 2020 का है मामला
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े एक मामले में कारोबारी रतिकांत राउत को भुवनेश्वर में गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कलाराहंगा निवासी राउत ढेंकनाल में पत्थर खदान और क्रशर से जुड़ा कारोबार करता है।
प्रवर्तन निदेशालय ने 2020 में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘राउत को बृहस्पतिवार को भुवनेश्वर स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किया गया।’’ यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब राज्य में ईडी के एक पूर्व अधिकारी से जुड़ा रिश्वत का मामला सामने आया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने ओडिशा में ईडी के तत्कालीन उप निदेशक चिंतन रघुवंशी को राउत से कथित तौर पर 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
आरोप है कि रघुवंशी ने मामले में राहत देने के एवज में यह रिश्वत ली थी। ईडी अधिकारी ने कारोबारी से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की मांग की थी। सीबीआई ने कथित रिश्वत का भुगतान किए जाने के बाद पिछले साल मई में रघुवंशी को एक बिचौलिए के साथ गिरफ्तार किया था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









