LPG Latest Update: e-KYC नहीं कराया तो महंगा पड़ सकता है सिलेंडर! Indane, Bharat Gas और HP Gas ग्राहक जान लें पूरी बात
LPG e-KYC Deadline: अगर आपके घर में Indane Gas, Bharat Gas या HP Gas का घरेलू कनेक्शन है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आधार आधारित e-KYC को लेकर तेल कंपनियों की ओर से ग्राहकों को लगातार संदेश भेजे जा रहे हैं। जिन ग्राहकों का आधार आधारित सत्यापन अभी तक पूरा नहीं हुआ है, उन्हें समय रहते e-KYC करा लेना चाहिए। मौजूदा समयसीमा 16 अगस्त 2026 बताई जा रही है।
e-KYC की प्रक्रिया मोबाइल से घर बैठे पूरी की जा सकती है। इसके लिए संबंधित गैस कंपनी का आधिकारिक ऐप और आधार आधारित चेहरा सत्यापन की सुविधा इस्तेमाल की जा सकती है।
LPG e-KYC क्यों जरूरी है?
LPG e-KYC के जरिए गैस कनेक्शन की पहचान आधार से सत्यापित की जाती है। इसका उद्देश्य वास्तविक ग्राहक की पहचान सुनिश्चित करना, फर्जी या गलत कनेक्शन पर रोक लगाना और सरकारी लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचाना है।
अगर आपका आधार सत्यापन अभी तक नहीं हुआ है, तो आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द e-KYC पूरी कर लेना बेहतर है।
e-KYC नहीं कराया तो क्या हो सकता है?
यही सवाल इस समय सबसे ज्यादा पूछा जा रहा है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि केवल e-KYC लंबित होने की वजह से LPG रिफिल की आपूर्ति अपने आप बंद नहीं होती। यानी यह मान लेना सही नहीं है कि e-KYC नहीं कराने पर तुरंत गैस सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा।
हालांकि, जिन ग्राहकों का आधार आधारित सत्यापन अभी बाकी है, उन्हें e-KYC जल्द पूरा कर लेना चाहिए। सत्यापन लंबित रहने पर भविष्य में घरेलू LPG दर, सरकारी लाभ या कनेक्शन से जुड़ी सुविधाओं पर असर पड़ने की स्थिति बन सकती है। इसी वजह से तेल कंपनियां ग्राहकों को e-KYC पूरा करने के लिए लगातार सूचना दे रही हैं।
क्या सभी LPG ग्राहकों को e-KYC करानी होगी?
अगर आपका आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन पहले ही पूरा हो चुका है, तो आम तौर पर दोबारा e-KYC कराने की जरूरत नहीं है। जिन ग्राहकों का सत्यापन अभी तक नहीं हुआ है, उन्हें अपनी e-KYC स्थिति जांच लेनी चाहिए।
उज्ज्वला योजना के ग्राहकों के लिए आधार प्रमाणीकरण से जुड़े नियम अलग हैं, इसलिए PMUY ग्राहक भी अपनी e-KYC और सब्सिडी की स्थिति जरूर जांच लें।
Indane Gas की e-KYC कैसे करें?
Indane ग्राहकों के लिए e-KYC घर बैठे की जा सकती है। इसके लिए IndianOil ONE ऐप और Aadhaar FaceRD ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
आसान तरीका
- स्टेप 1: मोबाइल में IndianOil ONE ऐप डाउनलोड करें।
- स्टेप 2: अपने गैस कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर से ऐप में पंजीकरण या लॉगिन करें।
- स्टेप 3: अपनी LPG जानकारी जांचें। जरूरत होने पर अपनी 16 अंकों की LPG ID जोड़ें।
- स्टेप 4: अब My Profile में जाएं और LPG से जुड़ा e-KYC या Re-KYC विकल्प देखें।
- स्टेप 5: दिए गए निर्देशों को पढ़कर सहमति दें।
- स्टेप 6: Face Authentication का विकल्प चुनें।
- स्टेप 7: Aadhaar FaceRD ऐप की मदद से अपना चेहरा स्कैन कराएं।
- स्टेप 8: सत्यापन पूरा होने के बाद e-KYC की स्थिति जांच लें।
अगर मोबाइल से e-KYC नहीं हो पा रही है, तो Indane गैस वितरक से संपर्क किया जा सकता है।
Bharat Gas की e-KYC कैसे करें?
Bharat Gas ग्राहक Hello BPCL ऐप के जरिए e-KYC की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
आसान तरीका
- स्टेप 1: मोबाइल में Hello BPCL ऐप डाउनलोड करें।
- स्टेप 2: अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से ऐप में पंजीकरण करें।
- स्टेप 3: होम पेज पर दिए गए e-KYC विकल्प को चुनें।
- स्टेप 4: मोबाइल पर आए ओटीपी से सत्यापन करें।
- स्टेप 5: नियम और शर्तों को पढ़कर सहमति दें।
- स्टेप 6: आगे बढ़ने के विकल्प पर क्लिक करें।
- स्टेप 7: इसके बाद मांगी गई पहचान और चेहरे के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें।
- स्टेप 8: प्रक्रिया पूरी होने के बाद e-KYC की स्थिति जांच लें।
अगर ऐप में कोई परेशानी आती है, तो अपनी Bharat Gas एजेंसी से संपर्क करें।
HP Gas की e-KYC कैसे करें?
HP Gas ग्राहक HP Pay ऐप के जरिए e-KYC कर सकते हैं। चेहरे के सत्यापन के लिए Aadhaar FaceRD ऐप की जरूरत पड़ सकती है।
आसान तरीका
- स्टेप 1: मोबाइल में HP Pay ऐप डाउनलोड करें।
- स्टेप 2: गैस कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें।
- स्टेप 3: मोबाइल पर आए ओटीपी से सत्यापन करें।
- स्टेप 4: ऐप में लॉगिन करें और My HP सेक्शन में जाएं।
- स्टेप 5: यहां LPG विकल्प चुनें।
- स्टेप 6: e-KYC विकल्प पर क्लिक करें।
- स्टेप 7: जरूरी निर्देश पढ़कर अपनी सहमति दें।
- स्टेप 8: Face Capture विकल्प चुनें।
- स्टेप 9: Aadhaar FaceRD ऐप खुलेगा। स्क्रीन पर दिए निर्देशों के अनुसार चेहरे का सत्यापन पूरा करें।
- स्टेप 10: प्रक्रिया पूरी होने के बाद e-KYC की स्थिति जांच लें।
e-KYC कराने के लिए किन बातों का ध्यान रखें?
- e-KYC के लिए केवल संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक ऐप का इस्तेमाल करें।
- Aadhaar FaceRD ऐप भी आधिकारिक स्रोत से ही डाउनलोड करें।
- चेहरे का सत्यापन करते समय कमरे में पर्याप्त रोशनी रखें।
- कैमरे के सामने चेहरा साफ दिखाई देना चाहिए।
- मोबाइल पर आने वाला ओटीपी किसी दूसरे व्यक्ति को न बताएं।
- किसी अनजान लिंक पर क्लिक करके e-KYC न करें।
- अगर ऐप में परेशानी आ रही है तो गैस एजेंसी या अधिकृत वितरक से संपर्क करें।
- e-KYC पहले ही पूरी हो चुकी है तो दोबारा प्रक्रिया शुरू करने से पहले उसकी स्थिति जांच लें।
क्या e-KYC के लिए पैसे देने पड़ेंगे?
नहीं। आधार आधारित LPG e-KYC की प्रक्रिया निःशुल्क है। अगर कोई व्यक्ति e-KYC कराने के नाम पर पैसे मांगता है, तो सावधान रहें।
घर बैठे नहीं हो रही e-KYC तो क्या करें?
अगर मोबाइल ऐप में तकनीकी समस्या आ रही है, आधार सत्यापन नहीं हो रहा है या Face Authentication बार-बार विफल हो रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है।
आप अपनी Indane, Bharat Gas या HP Gas एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। वहां e-KYC से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कराने में मदद ली जा सकती है।
LPG ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह
अगर आपको अपनी गैस कंपनी की ओर से e-KYC पूरा करने का संदेश मिला है, तो इसे नजरअंदाज न करें। पहले यह जांच लें कि आपकी e-KYC पहले से पूरी है या नहीं। अगर सत्यापन बाकी है, तो 16 अगस्त 2026 की मौजूदा समयसीमा को ध्यान में रखते हुए इसे जल्द पूरा कर लें।
e-KYC पूरी करने में कुछ ही मिनट लग सकते हैं और यह प्रक्रिया घर बैठे भी की जा सकती है। इसलिए आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय आज ही अपनी LPG e-KYC स्थिति जांचें और जरूरत होने पर आधार आधारित सत्यापन पूरा करें।
EPFO Pension: ईपीएफओ ने 1.49 लाख पेंशन पेमेंट ऑर्डर किए मंजूर, उमंग ऐप से ऐसे चेक करें स्टेटस
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने ज्यादा पेंशन के लिए आवेदन करने वाले रिटायर्ड कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। संगठन ने सुप्रीम कोर्ट के नवंबर 2022 के आदेश के बाद अब तक 1.49 लाख से ज्यादा पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) मंजूर किए हैं।
जिन लोगों ने ज्यादा पेंशन के विकल्प के तहत आवेदन किया है, वे अपने आवेदन और पेंशन की स्थिति ऑनलाइन भी चेक कर सकते हैं।
श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे ने 10 अगस्त को लोकसभा में लिखित जवाब में बताया कि ज्यादा पेंशन के लिए 15,24,365 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 5 अगस्त 2026 तक 11,595 आवेदन लंबित थे। ईपीएफओ की कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) में 31 मार्च 2026 तक करीब 85 लाख पेंशनर थे। इस दौरान पेंशन के रूप में 15,819.28 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
अगर आपने भी ज्यादा पेंशन के लिए आवेदन किया है तो इसका स्टेटस घर बैठे कई तरीकों से देखा जा सकता है। इसके लिए UMANG ऐप, EPFO के आधिकारिक पोर्टल, एसएमएस, मिस्ड कॉल और हेल्पलाइन का इस्तेमाल किया जा सकता है।
UMANG ऐप से ऐसे चेक करें पेंशन स्टेटस
सबसे आसान तरीका उमंग ऐप है। इसके लिए पहले गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से UMANG ऐप डाउनलोड करें। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करें और 4 अंकों का एम-पिन बनाएं।
लॉगिन करने के बाद ऑल सर्विसेस में जाकर ईपीएफओ चुनें। इसके बाद इम्प्लॉयई सेंट्रिक सर्विसेस या पेंशनर सर्विसेस पर जाएं। यहां ट्रैक क्लेम विकल्प चुनकर अपना 12 अंकों का यूएएन दर्ज करें। रजिस्टर्ड मोबाइल पर आए ओटीपी को डालने के बाद आपको PPO से जुड़ी जानकारी, ट्रैकिंग आईडी और आवेदन की स्थिति दिखाई देगी।
EPFO पोर्टल से भी कर सकते हैं चेक
EPFO के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर भी पेंशन की जानकारी देखी जा सकती है। नो योर पीपीओ नंबर विकल्प के जरिए बैंक अकाउंट या सदस्य आईडी की मदद से पीपीओ नंबर पता किया जा सकता है। इसके बाद ऑनलाइन सर्विसेस में जाकर नो योर पेंशन स्टेटस विकल्प चुनें। यहां पेंशन की क्रेडिट तारीख और भुगतान की जानकारी देखी जा सकती है।
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर EPFOHO UAN ENG लिखकर एसएमएस भेजा जा सकता है। भाषा बदलने के लिए ENG की जगह HIN, PAN, GUJ, MAR, KAN, TEL, TAM, MAL या BEN लिखा जा सकता है।
इसके अलावा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर मिस्ड कॉल देकर भी ईपीएफओ खाते से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर 1800 118 005 या 1800 114 470 पर EPFO की हेल्पलाइन से संपर्क किया जा सकता है।
(प्रियंका कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi








