LBSNAA पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, 2024 बैच के IAS अफसरों को दिया मार्गदर्शन
Vice President Radhakrishnan Visits LBSNAA: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उत्तराखंड के मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) पहुंचे. गुरुवार को उन्होंने 2024 बैच के IAS अधिकारी प्रशिक्षुओं के फेज-II प्रशिक्षण के समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को सफल प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई देते हुए कहा कि सिविल सेवा देश के विकास और सरकार की नीतियों को जमीन पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में सिविल सेवकों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी वर्ग इससे वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को ‘सेवा भाव और कर्तव्य बोध’ को अपने कार्य का मार्गदर्शक मंत्र बनाना चाहिए।
व्यक्तिगत नहीं, टीम की सफलता पर दें जोर
सीपी राधाकृष्णन ने युवा अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को व्यक्तिगत उपलब्धियों के बजाय टीम की सफलता और बेहतर परिणामों पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही, सहयोगियों को प्रेरित करने और पूर्व अधिकारियों की अच्छी कार्यप्रणालियों को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
सिविल सेवा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी
उपराष्ट्रपति ने 2024 बैच में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी सराहा। उन्होंने बताया कि इस बैच में करीब 41 प्रतिशत महिला अधिकारी हैं। उन्होंने इसे ‘नारी शक्ति’ का मजबूत उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रतिभा किसी भी रूढ़ि से ऊपर होती है और दृढ़ संकल्प हर बाधा को पार कर सकता है।
AI और नई तकनीक अपनाने की अपील
उपराष्ट्रपति ने अधिकारियों से बदलती तकनीक के साथ खुद को लगातार अपडेट रखने की अपील की। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (NLP), मशीन लर्निंग (ML) और ब्लॉकचेन जैसी तकनीकों को प्रशासन में अपनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नई तकनीकों के सही इस्तेमाल से सरकारी कामकाज में दक्षता, पारदर्शिता और नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने में मदद मिल सकती है। उन्होंने अधिकारियों को लगातार सीखते रहने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की सलाह दी।
ईमानदारी को बताया सच्चे नेतृत्व की नींव
उपराष्ट्रपति ने कहा कि लोक सेवा में चरित्र और ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि सच्चे नेतृत्व की पहचान पद या शक्ति से नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी सही और नैतिक फैसला लेने की क्षमता से होती है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने IAS अधिकारियों से देश के दूरदराज इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की समस्या सुनी जाए और लोगों को सशक्त बनाने के लिए पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम किया जाए। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, उत्तराखंड सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और LBSNAA के निदेशक डॉ. बी. राजेंद्र समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Uttarakhand: जिला चिकित्सालय चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का हुआ लोकार्पण, CM धामी ने वर्चुअली किया संबोधित
Uttarakhand: जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से तैयार ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार (20 अगस्त) को लोकार्पण किया गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया. उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है. स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है.
आपात स्थिति में मरीजों को मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत उनके लिए सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है. जिले में पहली बार ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की सुविधा शुरू हुई है. इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को जरूरत के अनुसार अलग-अलग रक्त घटक समय पर मिल सकेंगे. इससे गंभीर मरीजों के इलाज में मदद मिलेगी और उन्हें रक्त के लिए दूसरे जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. इससे पहले कुमाऊं मंडल में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ के जिला अस्पतालों में उपलब्ध थी. मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है. अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी शुरू हो चुकी हैं. करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग और पहली व दूसरी मंजिल पर डायग्नोस्टिक विंग तथा ऑपरेशन थिएटर का निर्माण किया जा रहा है.
VIDEO | Dehradun: Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) virtually addresses inauguration programme of the Blood Component Separation Unit at the District Hospital, Champawat.
— Press Trust of India (@PTI_News) August 20, 2026
He says, “…It is a matter of great satisfaction that an excellent initiative has been… pic.twitter.com/OMbY1xBNMi
चंपावत में तेजी से बढ़ रही सुविधाएं
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है. चंपावत में सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के साथ जाम की समस्या दूर करने के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. चंपावत रोडवेज स्टेशन पर 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण जल्द शुरू होगा. जिले में 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम बनाया जा रहा है. भूमिगत बिजली लाइनों का काम भी तेजी से चल रहा है. वहीं, 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाओं पर भी काम हो रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और विकास के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श जिला बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. जिले के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
#WATCH | Dehradun, Uttarakhand: CM Pushkar Singh Dhami says, "...Previously, this facility was available only in Rudrapur and Pithoragarh in the entire Kumaon division. Now, in times of emergency, patients in Champawat will be able to access essential blood components promptly,… https://t.co/zHuFL0WEuj pic.twitter.com/BtSJYGVamT
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) August 20, 2026
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई नेता व अधिकारी
इस अवसर पर सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पाण्डेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि (चंपावत) प्रकाश चन्द्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पाण्डेय, वर्चुअल माध्यम से जिला पंचायत अध्यक्ष (चंपावत) आनन्द सिंह अधिकारी, चम्पावत के भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद (चंपावत) प्रेमा पाण्डेय, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद (लोहाघाट) गोविन्द वर्मा, श्याम नारायण पाण्डेय, मनोज कालाकोटी, मुकेश महराना, हेमा जोशी, किरन देवी, बलाॅक प्रमुख (चंपावत) अंचला बोहरा, भाजपा के जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर CM पुष्कर धामी ने बहनों को दिया तोहफा, दो दिन सरकारी बसों में कर सकेंगी फ्री में यात्रा
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation







