सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बवाल, जावद थाने से जब्त ट्रैक्टर गायब होने से भड़के ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
नीमच में जावद-सुवाखेड़ा मार्ग पर बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद आज सुबह जमकर हंगामा खड़ा हो गया। हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद पुलिस द्वारा जब्त किया गया दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर थाने से ही रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। इस लापरवाही से नाराज परिजनों और सुवाखेड़ा के ग्रामीणों ने थाने के बाहर और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर तहसीलदार और स्थानीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा पहुंचे और समझाइश शुरू की।
अंधेरे में खड़े ट्रैक्टर से हुई थी टक्कर
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब 8:10 बजे जावद-सुवाखेड़ा मार्ग पर हुआ। सुवाखेड़ा निवासी राहुल प्रजापत नामक युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी स्कूल के पास खड़े एक ट्रैक्टर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में राहुल की दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर काले रंग के तिरपाल से ढका हुआ था, जिस पर न तो कोई लाइट चालू थी और न ही कोई रेडियम रिफ्लेक्टर लगा था। आरोप यह भी है कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था और अंधेरे में वाहन रोककर खड़ा हो गया जो राहुल को दिखाई नहीं दिया और यह जानलेवा हादसा हो गया। घटना के बाद चालाक भाग गया ।
डायल 100 ने जब्त कर थाने पहुंचाया, सुबह गायब
हादसे की सूचना मिलने के बाद रात को डायल 100 मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर जावद थाने ले आई। लेकिन सुबह जब परिजन और ग्रामीण थाने पहुंचे, तो वहां से जब्त ट्रैक्टर गायब मिला। जब इस संबंध में पुलिसकर्मियों से सवाल किए गए, तो पुलिस ने कोई ठोस जानकारी न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
सीसीटीवी फुटेज और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
थाने से सीधे ट्रैक्टर गायब होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब वाहन को पुलिस अभिरक्षा में थाने में खड़ा किया गया था, तो वह रातों-रात कहां चला गया? ग्रामीणों ने थाने के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों व ट्रैक्टर चालक के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
तहसीलदार और विधायक ग्रामीणों के पास पहुंचे
चक्काजाम की सूचना पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ओमप्रकाश सखलेचा भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की बात सुनकर निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।
महाकाल मंदिर पहुंची ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर, पूजन कर नंदी के कान में बोली मनोकामना, व्यवस्थाओं की करी सराहना
12 ज्योतिर्लिंग में से एक भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने के लिए गुरुवार सुबह ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर उज्जैन पहुंचीं। वह यहां प्रातः कालीन होने वाली भस्म आरती में शामिल हुईं और विधि विधान से बाबा की पूजन अर्चन कर आशीर्वाद लिया।
मनु ने बताया कि पिछले कुछ समय से वह महाकाल दर्शन करने के लिए आना चाहती थी और आज उनकी इच्छा पूरी हो गई है। उन्होंने बाबा महाकाल का पूजन अर्चन करने के बाद नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इस दौरान वो पूरी तरह से भक्ति में डूबी हुई नजर आईं।
महाकाल पहुंची मनु भाकर
बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंची मनु पूरी तरह से भक्ति में डूबी हुई नजर आईं। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने दर्शन किए और इसके बाद नंदी महाराज के कान में अपने मनोकामना भी बोली। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक अगर व्यक्ति नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना बोलता है, तो वह सीधे भोलेनाथ तक पहुंचती है।
मंदिर समिति ने किया स्वागत
महाकाल मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से दर्शन करने पहुंची मनु भाकर का स्वागत कर सत्कार किया गया। अधिकारी और कर्मचारियों ने दर्शन पूजा की व्यवस्था में सहयोग किया। इस दौरान वह पारंपरिक सलवार कुर्ती पहनी हुई थी और बड़ी श्रद्धा के साथ उन्होंने पूजन पाठ किया।
मनु ने क्या कहा
महाकाल दर्शन करने के बाद मनु को मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की भक्ति की सराहना करते हुए देखा गया। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से महाकालेश्वर मंदिर जाकर बाबा महाकाल के दर्शन करना चाहती थी। उन्होंने कहा कि उन्हें ज्यादा समय नहीं मिल पाया लेकिन कम समय में भी यहां की भक्ति और व्यवस्थाओं से उनका मन प्रसन्न हो गया है। वह महाकाल मंदिर के संचालक और कर्मचारियों की मेहनत की प्रशंसा करती नजर आईं। उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रार्थना की है कि भगवान की कृपा सभी पर बनी रहे हो सभी लोग इसी तरह मेहनत करते हुए आगे बढ़ते रहें। उन्होंने उज्जैन यात्रा को संभव बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News









