Lucknow में Mata Prasad Pandey बोले, मानसून सत्र में महंगाई और बेरोजगारी पर होगी चर्चा
लखनऊ, दो अगस्त उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने रविवार को कहा कि सोमवार से शुरू हो रहे विधानमंडल के मानसून सत्र में राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत जनहित के कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उत्तर प्रदेश विधानमंडल (विधानसभा और विधान परिषद) के दोनों सदनों का मानसून सत्र सोमवार, तीन अगस्त से शुरू होगा। सर्वदलीय बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में माता प्रसाद पांडेय ने कहा, ‘‘शिक्षा, महंगाई, बेरोजगारी और अयोध्या में राम मंदिर के लिए दिए गए चढ़ावे की चोरी से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि किसानों और कृषि से जुड़े विषयों को भी सदन में उठाया जाएगा।
इसके अलावा स्कूल बंद होने के मुद्दे पर भी चर्चा होगी। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने 21 जुलाई को राज्य विधानमंडल के वर्ष 2026 के तीसरे सत्र को तीन अगस्त से बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इस सत्र में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट और अन्य विधायी कार्यों पर चर्चा की जाएगी।
Dilip Ghosh ने पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं को भ्रष्टाचार के खिलाफ आगाह किया
कोलकाता, दो अगस्त पश्चिम बंगाल के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को जबरन वसूली या भ्रष्ट कृत्य में शामिल लोगों से कथित संबंधों को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में राज्य सरकार की कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति बिना किसी अपवाद के लागू की जाएगी। घोष ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और जबरन वसूली में संलिप्त कई लोग अब सरकार बदलने के बाद भाजपा नेताओं से रिश्ते जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जबरन वसूली की संस्कृति रातों-रात खत्म नहीं होगी। भ्रष्टाचार में संलिप्त लोग हमारी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के करीब आने की कोशिश कर रहे हैं।’’ मंत्री ने दावा किया कि कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए ऐसे प्रभाव से बचना मुश्किल हो रहा है और उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को बहकावे में न आने की चेतावनी दी। घोष ने किसी का नाम लिए बिना भाजपा के कुछ नवनिर्वाचित विधायकों पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा,‘‘कुछ नए विधायकों को सत्ता का नशा चढ़ रहा है। जबरन वसूली करने वाले उनसे करीबी संबंध बनाने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि जनता ने राज्य में बदलाव के लिए वोट क्यों दिया था।’’ भाजपा की बंगाल इकाई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष घोष ने रेखांकित किया कि पार्टी अपने नेताओं के आचरण पर नजर रख रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के सिद्धांतों से किसी भी तरह के भटकाव की जांच की जाएगी। घोष का यह बयान भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के मौजूदा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की उस चेतावनी के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने पार्टी नेताओं को जबरन वसूली में शामिल होने के खिलाफ आगाह किया था और कहा था कि अगर गड़बड़ियां जारी रहीं तो संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi

















