Kerala में भारी बारिश और तबाही के बीच प्रभावित परिवारों की मदद कर रही सरकार: Rahul Gandhi
नयी दिल्ली, दो अगस्त कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने केरल में भारी बारिश से हुई तबाही के बीच रविवार को कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की मदद करने और राहत व बचाव कार्यों के समन्वय के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से भी इन प्रयासों में हर संभव मदद करने की अपील की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘केरल में भारी बारिश से हुई तबाही से मैं बहुत दुखी हूं।
जिन आठ लोगों की जान गई है, उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। कामना करता हूं कि जो लोग अभी लापता हैं, वे सुरक्षित मिलें और घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की मदद करने और राहत व बचाव कार्यों का समन्वय करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मैं कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से अपील करता हूं कि वे इन प्रयासों में हर संभव सहयोग करें।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी ने कहा, ‘‘कृपया सतर्क रहें, खासकर पहाड़ी इलाकों में, और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।’’ उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा केरल एकजुट होकर खड़ा है।
गांधी ने कहा, ‘‘मैं हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा हूं।’’ केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कहा कि एक दिन पहले हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव और राज्य के कई हिस्सों में संपत्ति का नुकसान हुआ। सतीशन ने कहा कि आठ लोगों की मौत हुई और आठ अन्य लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि बारिश जनित घटनाओं में 13 लोग घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 27 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, 196 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है और 5,792 लोगों को राज्य में बनाए गए 209 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार मृतकों के परिवारों और जिन लोगों ने अपने घर और आजीविका खो दी है, उन्हें हर संभव सहायता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश कम होने के बावजूद लोगों को, खासकर पहाड़ी इलाकों में, सतर्क रहना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवक राहत कार्यों में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।
Vadodara: मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना आज
वडोदरा, दो अगस्त गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का नतीजा सोमवार को आयेगा। इस सीट के परिणाम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा के मजबूत गढ़ वडोदरा शहर में कांग्रेस कितनी कड़ी चुनौती पेश कर पाती है। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी, जिसके लिए पहले से ही व्यापक इंतजाम किए जा चुके हैं।
इस सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव हुआ था। भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का निधन हो जाने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। उपचुनाव में केवल 37.5 प्रतिशत मतदान हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि उस निर्धारित केंद्र पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जहां मतगणना की जाएगी। भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने अपनी प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी पर दांव लगाया है। वर्ष 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में इस निर्वाचन क्षेत्र में 60.15 प्रतिशत मतदान हुआ था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi





















