Bareilly में Law Student पर 'हलाला' का दबाव बनाने और मारपीट पर FIR
उत्तर प्रदेश के बरेली में विधि की एक छात्रा ने आरोप लगाया कि उसके भाई और भाभी ने तलाकशुदा पति के पास लौटने के लिए उस पर ‘हलाला’ करने का दबाव बनाया और इनकार करने पर उसे पीटा। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। महिला एलएलबी की पढ़ाई कर रही है और बरेली अदालत में एक अधिवक्ता के चैंबर में प्रशिक्षु के तौर पर काम भी करती है।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने इज्जतनगर थाने में अपने भाइयों मोहम्मद आरिफ व मोहम्मद अरशद, अपनी भाभी ताहिरा व सना उर्फ वली तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 351(3) (आपराधिक धमकी) समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी मांग नहीं मानने पर उसे घर से निकालने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रविवार को हुए विवाद के दौरान एक आरोपी ने उसका गला दबाया जबकि दूसरे ने लात-घूंसे बरसाए। महिला ने बताया कि उसने अपने पूर्व पति से अदालत के जरिए तलाक लिया है और वह ‘हलाला’ नहीं कराना चाहती।
उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के कुछ सदस्य उस पर कानून की पढ़ाई और वकालत छोड़ने के लिए भी दबाव बना रहे हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पूर्व पति भी उस पर ‘हलाला’ के लिए दबाव डाल रहा है।
Mahua Moitra विवाद में सांसद अरविंद सावंत ने Om Birla को पत्र लिखा
शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-उबाठा) सांसद अरविंद सावंत ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर उन अधिकारियों के आचरण की जांच की मांग की, जिन्होंने पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर जिले में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा से 14 अगस्त की रात को एक सर्किट हाउस को कथित तौर पर खाली करने के लिए कहा था। पत्र में सावंत ने कहा कि महुआ से जुड़ी इस घटना ने एक सांसद के विशेषाधिकार, गरिमा और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने लिखा, “मौजूदा सांसद के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई बेहद आपत्तिजनक है और इससे विशेषाधिकार, गरिमा और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
मैं आपसे इस सम्मानित सदन के सदस्यों की गरिमा, अधिकारों और विशेषाधिकारों के संरक्षक के तौर पर मामले में तुरंत दखल देने और संबंधित अधिकारियों को महुआ मोइत्रा की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश देने का आग्रह करता हूं।” सावंत ने उन अधिकारियों के आचरण की जांच की भी मांग की, जिन्होंने महुआ से कथित तौर पर सर्किट हाउस से खाली करने के लिए कहा था। उन्होंने अधिकारियों के आचरण को “प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन” करार देते हुए इसके लिए जवाबदेही तय करने की भी मांग की। महुआ ने इस घटना को लेकर बिरला को नादिया के जिलाधिकारी श्रीकांत पल्ली, अपर जिलाधिकारी नृपेंद्र सिंह और नाजरेथ की उपजिलाधिकारी अनामिका बेरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।
तृणमूल सांसद ने आरोप लगाया है कि उन्हें सर्किट हाउस में कमरा आवंटित किए जाने और रात का खाना परोसे जाने के बावजूद देर रात यह कहते हुए कमरा खाली करने के लिए कहा गया कि परिसर वार्षिक रखरखाव और सफाई के लिए बंद है। सावंत ने सर्किट हाउस के बाहर उस समय भीड़ जुटने का भी जिक्र किया, जब महुआ से वहां से जाने के लिए कहा गया था। उन्होंने लिखा, “और भी गंभीर बात यह है कि जब महुआ से देर रात सर्किट हाउस से जाने के लिए कहा जा रहा था, तब परिसर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसने भड़काऊ नारे लगाए और माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
इससे उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं।” मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) सांसद के राधाकृष्णन ने भी इस घटना को लेकर बिरला को पत्र लिखा है और मामले की औपचारिक जांच कराने या इसे विशेषाधिकार समिति के पास भेजने की मांग की है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







