ऑस्ट्रेलिया में मोदी के कार्यक्रम पर विवाद:आयोजकों ने कहा- पैसे देकर लोगों को नहीं बुलाया; कांग्रेस ने कहा था- PM के स्वागत में भाड़े के लोग आए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेलबर्न में हुए 'मेलबर्न मीट्स मोदी' कार्यक्रम पर आयोजकों ने कहा कि इस कार्यक्रम में आने के लिए लोगों को पैसे नहीं दिए गए थे। इससे पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए आरोप लगाया था कि 9 जुलाई को हुए इस कार्यक्रम में लोगों को पैसे देकर चार्टर्ड प्लेन से बुलाया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्यक्रम के आयोजकों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लेटर लिखकर माफी और बयान वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसा बयान भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय का अपमान है। इसका खर्च BJP, भारत सरकार या ऑस्ट्रेलिया सरकार ने नहीं उठाया। दरअसल, पीएम मोदी 9 और 10 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थे, जहां हुए 'मेलबर्न मीट्स मोदी' कार्यक्रम में करीब 30 हजार लोग शामिल हुए थे। कांग्रेस ने कहा था कि मोदी के स्वागत के लिए भाडे़ के NRI लाए गए 11 जुलाई को कांग्रसे नेता पवन खेड़ा समेत कांग्रसे के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के कार्यक्रम एक एक वीडियो शेयर कर लिखा था कि मोदी के स्वागत के लिए भाड़े पर NRI लाए गए हैं। वहीं, 25-30 हजार लोगों को पैसे देकर यहां बुलाया गया था। आयोजकों बोले- महीनों की तैयारी के बाद हुई थी चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयोजकों का कहना है कि चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था के लिए महीनों तक योजना बनाई गई। इसके लिए बातचीत, यात्रियों का समन्वय और प्रशासनिक काम किए गए। कई स्वयंसेवकों ने अपने परिवार के साथ समय बिताने का मौका छोड़ा, अपने कारोबार और पेशेवर जिम्मेदारियों से समय निकाला, व्यक्तिगत आर्थिक जोखिम उठाया और इस पहल को सफल बनाने के लिए लगातार काम किया। आयोजकों ने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री मोदी और BJP की आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन भारत के प्रवासी समुदाय की लोकतांत्रिक पसंद को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। पीएम ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी मोदी ने मेलबर्न में कहा था ऑपरेशन सिंदूर की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी मेलबर्न मीट्स मोदी में पीएम मोदी ने कहा था कि हमारे फार्मा और डिफेंस की क्रेडिबिलिटी दुनिया देख रही है। आपने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान डेमो तो देख ही लिया होगा। धमाके आतंकियों के अड्डों पर हो रहे थे और गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही थी। उन्होंने आगे कहा कि ये शो हाउसफुल है, ब्लॉकबस्टर है। इससे पहले मैं दो बार सिडनी में आप सभी से मिला हूं। मेलबर्न वालों से मिलने का मुझे भी इंतजार था। इसीलिए सोचा कि इस बार मेलबर्न ही चलो। जिस एनर्जी से आपने हम सभी को वेलकम किया है वह और भी अमेजिंग है। भारत को यूरेनियम सप्लाई करेगा ऑस्ट्रेलिया इसी दौरे के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यूरेनियम डील पर भी मुहर लग गई है। मेलबर्न में पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज ने मीटिंग के बाद जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, स्पेस और महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स) समेत कई क्षेत्र में समझौतों की घोषणा की। मोदी ने कहा- भारत और ऑस्ट्रेलिया मिलकर क्रिटिकल मिनरल्स कॉरिडोर भी विकसित करेंगे। कोकोस (कीलिंग) द्वीप पर स्पेस ट्रैकिंग टर्मिनल बनाया जाएगा, जिससे भारत के गगनयान मिशन को मदद मिलेगी। पूरी खबर पढ़ें… ----------------------------------- पूरी खबर पढ़ें… मोदी ऑस्ट्रेलिया से न्यूजीलैंड पहुंचे:दोनों देश FTA डील फाइनल करेंगे; PM ऑकलैंड में 40 हजार भारतीयों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी अपने छह दिवसीय दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंच गए। यह 40 साल बाद किसी भारतीय पीएम की न्यूजीलैंड यात्रा है। इससे पहले 1986 में राजीव गांधी न्यूजीलैंड के दौरे पर गए थे। पूरी खबर पढ़ें…
बंगाल की खाड़ी में 9 मछुआरों के शव मिले:बॉडी सड़ जाने से पहचान मुश्किल; 8 दिन पहले बोट पलटी थी; 6 अब भी लापता
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के पास बंगाल की खाड़ी में डूबे एक ट्रॉलर से आठ दिन बाद नौ मछुआरों के शव बरामद किए गए हैं। छह मछुआरे अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। 'जय मां काली' नाम का ट्रॉलर 2 जुलाई को पूर्व मेदिनीपुर जिले के शंकरपुर मछली बंदरगाह से 15 मछुआरों को लेकर समुद्र में मछली पकड़ने निकला था। 6 जुलाई के बाद ट्रॉलर से संपर्क टूट गया था। अधिकारी ने बताया कि समुद्र में कई दिन रहने के कारण शव बुरी तरह सड़ चुके हैं और उनकी पहचान करना मुश्किल है। अब उनकी पहचान डीएनए (DNA) जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पीएमएनआरएफ (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। आठ दिन की तलाश के बाद मिला डूबा ट्रॉलर जिला प्रशासन के मुताबिक, पुलिस और भारतीय तटरक्षक बल ने आठ दिन की तलाश के बाद शनिवार को बक्खाली तट से करीब 35 किलोमीटर दूर बाघेर चार के पास डूबे ट्रॉलर का पता लगाया। रविवार को कई मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों की मदद से इसे पाथरप्रतिमा के सीतारामपुर तट तक लाया गया। इसके बाद पूरी रात चले राहत अभियान में ट्रॉलर के अंदर से नौ मछुआरों के शव निकाले गए। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में खराब मौसम के कारण ट्रॉलर पलट गया होगा। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। ओडिशा के तीन सगे भाई भी लापता लापता मछुआरों में ओडिशा के बालासोर जिले के तीन सगे भाई- रवींद्र माझी (52), जयराम माझी (49) और जगन्नाथ माझी (45) शामिल हैं। उनके रिश्तेदार संन्यासी माझी ने बताया कि तीनों पहले भी कई बार मछली पकड़ने के लिए शंकरपुर जाते रहे थे। अधिकारी ने बताया कि ट्रॉलर पर शुरुआत में 16 लोगों के जाने की योजना थी, लेकिन एक व्यक्ति किसी कारणवश नहीं गया। बाकी मृतक और लापता मछुआरे पूर्व मेदिनीपुर, हावड़ा और नदिया जिलों के रहने वाले हैं। काकद्वीप उप-मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी के बाहर उनके परिजन अब भी इंतजार कर रहे हैं। ---------------------------------- ये खबर भी पढ़ें… वृंदावन में यमुना में नाव डूबी, 10 पर्यटकों की मौत:इनमें 7 एक ही परिवार के; लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी; सभी पंजाब के रहने वाले मथुरा के वृंदावन में 37 श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट नाव (स्टीमर) यमुना नदी में पलट गई। हादसे में 10 की डूबने से मौत हो गई। इनमें मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा समेत एक ही परिवार के 7 सदस्य शामिल थे। युवती समेत 5 लोग अभी भी लापता हैं। नाव में सवार सभी श्रद्धालु पंजाब से घूमने आए थे। पूरी खबर पढ़ें…


















