रणवीर सिंह@41; 12 की उम्र में कंडोम खरीदा:रजा मुराद ने मारे 24 थप्पड़, प्रोड्यूसर ने भगाकर कुत्ता पीछे छोड़ा, धर्मेंद्र की बेटी थीं गर्लफ्रेंड
एक लड़का, जो बचपन से ही फिल्मों का दीवाना था और जब उसने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा, तो उसे शुरुआत में कई रिजेक्शन झेलने पड़े। कास्टिंग काउच जैसे कड़वे अनुभवों का भी सामना करना पड़ा। यहां तक कि एक दिन जब वह काम की तलाश में अपना पोर्टफोलियो लेकर एक प्रोड्यूसर के घर पहुंचा, तो प्रोड्यूसर ने उसके पीछे कुत्ता छोड़ दिया। वही लड़का आज बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक है। उसने अपने करियर में 'धुरंधर', 'धुरंधर 2', 'पद्मावत' और 'बाजीराव मस्तानी' जैसी कई सुपरहिट फिल्में दीं। जी हां, हम बात कर रहे हैं रणवीर सिंह की। उनके बर्थडे के खास मौके पर आइए, उनकी जिंदगी को करीब से जानते हैं किस्सा-1 क्रिकेटर बनना चाहते थे; अमरनाथ ने कर दिया था रिजेक्ट सातवीं क्लास में रणवीर ने एक स्कूल मैच में सिर्फ 46 गेंदों पर 71 रन बना दिए। इस शानदार पारी के बाद उन्होंने क्रिकेटर बनने का फैसला किया। अपने दोस्तों के साथ उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहिंदर अमरनाथ की क्रिकेट अकादमी में ट्रायल देने का मन बनाया। रणवीर ने साल 2017 में फिल्म '83' के एक इवेंट में यह किस्सा सुनाया था। उन्होंने कहा, ‘मेरे दोस्त क्रिकेट को लेकर काफी सीरियस थे और समय पर पहुंच गए, लेकिन मैं देर से पहुंचा। अमरनाथ सर पिच के पास खड़े थे। उन्होंने मुझे देर से आने और मेरा खेल देखने के बाद रिजेक्ट कर दिया। उस दिन उन्होंने मुझे रिजेक्ट करके बिल्कुल सही फैसला किया, वरना आज मैं यहां एक एक्टर के रूप में नहीं बैठा होता।’ दादी ने एक्टर बनने का सपना दिखाया था रणवीर सिंह की दादी चांद बर्क 1950 और 1960 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस थीं। उन्होंने राज कपूर की फिल्म 'बूट पॉलिश' से हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बनाई और नरगिस, राज कपूर समेत कई बड़े सितारों के साथ काम किया। इसके अलावा वह 'बसंत बहार', 'सोहनी महिवाल', 'लाजवंती', 'अदालत' और 'दुश्मन' जैसी फिल्मों में भी नजर आईं। सिमी ग्रेवाल को दिए एक इंटरव्यू में रणवीर सिंह ने बताया था कि सबसे पहले उनकी दादी ने ही उनके भीतर एक्टर बनने का सपना जगाया था। उन्होंने कहा था कि उनके अंदर एक्टर बनने का कीड़ा सबसे पहले उनकी दादी ने ही डाला था। शाहरुख की फिल्म के गाने की वजह से सस्पेंड हुए थे रणवीर साल 1998 में फिल्म 'दिल से' रिलीज हुई थी और उसका सुपरहिट गाना 'छैंया-छैंया' हर किसी की जुबान पर था। उस समय रणवीर सिंह करीब 13 साल के थे और स्कूल में पढ़ते थे। शाहरुख के जबरदस्त फैन रहे रणवीर पर इस गाने का ऐसा जादू चला कि वह खुद को इसे सुनने से रोक नहीं पाए। एक दिन रणवीर क्लासरूम में चुपके से वॉकमैन पर 'छैंया-छैंया' सुन रहे थे और पूरी तरह गाने में खोए हुए थे। लेकिन उनकी यह शरारत ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी। तभी उनकी टीचर ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। क्लास में पढ़ाई के दौरान गाना सुनना स्कूल के नियमों के खिलाफ था। अनुशासन तोड़ने पर स्कूल प्रशासन ने सख्त कदम उठाया और रणवीर सिंह को कुछ दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया। रणवीर सिंह और धर्मेंद्र की बेटी अहाना देओल एक समय रिलेशनशिप में थे। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे, जहां उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों करीब 4 से 5 साल तक रिश्ते में रहे। रणवीर ने 'कॉफी विद करण' में बिना नाम लिए खुलासा किया था कि उनकी कॉलेज गर्लफ्रेंड ने अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के लिए उनसे ब्रेकअप कर लिया था। प्रोड्यूसर ने रणवीर का पालतू कुत्ता पीछे छोड़ दिया आज रणवीर सिंह सुपरस्टार हैं, लेकिन संघर्ष के दिनों में उन्हें कई कड़वे अनुभवों से भी गुजरना पड़ा। 19वें माराकेश फिल्म फेस्टिवल के 'इन कन्वर्सेशन विद…' सेशन में उन्होंने एक ऐसा किस्सा शेयर किया था। रणवीर ने बताया था कि एक बार वह काम की तलाश में अपना पोर्टफोलियो लेकर एक प्रोड्यूसर से मिलने उनके घर पहुंचे थे। वह बरामदे में बैठकर घंटों इस उम्मीद में इंतजार करते रहे कि शायद उनसे मिलने का मौका मिल जाए, लेकिन अंदर वह अपने दोस्तों के साथ बीयर पी रहे थे और मौज-मस्ती कर रहे थे। रणवीर के मुताबिक, उस व्यक्ति ने मजा करने के लिए अपने पालतू कुत्ते को उनके पीछे छोड़ दिया। अचानक बड़ा सा कुत्ता उनकी तरफ दौड़ पड़ा और वह डर के मारे पूरे बरामदे में भागने लगे। रणवीर ने कहा, "मैं बुरी तरह डर गया था। सोचिए, एक संघर्ष कर रहे कलाकार के साथ ऐसा मजाक किया गया।" हालांकि, उन्होंने उस प्रोड्यूसर का नाम नहीं बताया था। सगाई को तीन साल तक सीक्रेट रखा साल 2015 में रणवीर सिंह ने दीपिका पादुकोण को शादी के लिए प्रपोज किया था। उस वक्त दोनों ने अपनी सगाई की बात दुनिया से छिपाकर रखी और करीब तीन साल तक यह राज सिर्फ परिवार के कुछ लोगों तक ही सीमित रहा। करण जौहर के शो में रणवीर ने बताया था कि उस समय उन्होंने अपनी मां और बहन की मदद से एक खूबसूरत डायमंड रिंग खरीदी थी। वह रिंग उनकी हैसियत से कहीं ज्यादा महंगी थी, लेकिन उनके लिए दीपिका की खुशी सबसे बढ़कर थी। हॉलिडे के दौरान रणवीर ने तय किया कि प्रपोज करने का यही सही मौका होगा। मालदीव में समुद्र के बीचों-बीच एक छोटी-सी रेतीली जगह थी। चारों तरफ सिर्फ नीला पानी था और दूर-दूर तक कोई नहीं था। नाव उन्हें वहां छोड़कर चली गई। रणवीर को लगा कि इससे बेहतर पल शायद कभी नहीं मिलेगा। उन्होंने बाद में मजाक में यह भी स्वीकार किया था कि उन्होंने जानबूझकर इतना परफेक्ट माहौल चुना था, ताकि दीपिका के लिए उन्हें 'न' कहना लगभग नामुमकिन हो जाए। रणवीर घुटनों के बल बैठे, दीपिका को अंगूठी पहनाई और अपने दिल की बात कह दी। दीपिका इस सरप्राइज के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं। उनकी आंखें नम हो गईं और उन्होंने मुस्कुराते हुए 'हां' कह दिया। उस एक जवाब ने रणवीर को ऐसा एहसास कराया, मानो उन्होंने पूरी दुनिया जीत ली हो। तीन साल बाद, नवंबर 2018 में इटली के लेक कोमो में दोनों ने शादी की। सितंबर 2024 में उनकी बेटी दुआ का जन्म हुआ। रणवीर सिंह साल 2014 में ड्यूरेक्स के ब्रांड एम्बेसडर बने थे। इस दौरान उन्होंने सेक्स एजुकेशन को लेकर भी खुलकर बात की थी। जीक्यू इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में रणवीर ने बताया था कि ड्यूरेक्स के विज्ञापन का कॉन्सेप्ट उन्होंने खुद तैयार किया था। रणवीर ने कहा था, “मैंने ड्यूरेक्स को खुद फोन किया और कहा कि मैं उनके साथ काम करना चाहता हूं। कोई बड़ा सेलिब्रिटी कंडोम ब्रांड का प्रचार नहीं करता, लेकिन मैंने सोचा, क्यों न मैं यह करूं?” इंटरव्यू के दौरान रणवीर ने यह भी कहा था कि वह 12 साल की उम्र से ही ड्यूरेक्स का इस्तेमाल कर रहे थे। जब उनसे पूछा गया कि 12 साल की उम्र में ऐसा कौन करता है, तो रणवीर ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, "14 साल की लड़की!" 'बेफिक्रे' में रणवीर ने वाणी को 23 बार किस किया था फिल्म 'बेफिक्रे' में रणवीर सिंह और वाणी कपूर के बीच कुल 23 किसिंग सीन फिल्माए गए थे। नवंबर 2016 में जब दोनों अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए 'द कपिल शर्मा शो' (एपिसोड 63) में पहुंचे, तब इन 23 किसिंग सीन्स को लेकर शो में खूब हंसी-मजाक हुआ। बातचीत के दौरान रणवीर ने शूटिंग का एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा था, “शूटिंग के दौरान मैं तो थक गया था यार, वाणी को किस करते-करते।” रणवीर ने बताया कि लगातार इतने किसिंग सीन शूट करते-करते यह सब उनके लिए रोजमर्रा का हिस्सा बन गया था। कभी दाईं तरफ से शॉट देना होता, कभी बाईं तरफ से, फिर रीटेक... देखते-देखते पूरा प्रोसेस एक रूटीन जैसा हो गया था। वहीं, वाणी ने कहा था कि एक समय ऐसा आ गया था जब उन्हें इन सीन्स से कोई फर्क ही नहीं पड़ता था। दोनों इतने सहज हो गए थे कि कई बार खाना खाने के तुरंत बाद भी बिना किसी खास तैयारी के शूटिंग शुरू कर देते थे। 'पद्मावत' के एक सीन के लिए रजा मुराद ने रणवीर को 24 थप्पड़ मारे थे फिल्म 'पद्मावत' की शूटिंग के दौरान एक सीन में रजा मुराद को रणवीर सिंह को थप्पड़ मारना था। आमतौर पर ऐसे सीन एक-दो टेक में पूरे हो जाते हैं, लेकिन निर्देशक संजय लीला भंसाली अपनी बारीकी और परफेक्शन के लिए जाने जाते हैं। इसलिए इस सीन को बेहतरीन ढंग से फिल्माने के लिए उन्होंने कई रीटेक करवाए। हर रीटेक में रजा मुराद को रणवीर को थप्पड़ मारना पड़ा। नतीजा यह हुआ कि रणवीर ने इस एक सीन के लिए 24 थप्पड़ खाए। आखिरकार सीन तो ओके हो गया, लेकिन रणवीर के गालों की लाली लंबे समय तक नहीं गई। 'धुरंधर 2' में 48 डिग्री की गर्मी में लेदर जैकेट और विग पहन की थी शूटिंग रणवीर की ब्लॉकबस्टर फिल्में 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया। दोनों फिल्मों ने दुनिया भर में ₹3000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर नया रिकॉर्ड बनाया। लेकिन पर्दे पर दिखने वाले इन दमदार दृश्यों के पीछे रणवीर की कड़ी मेहनत और समर्पण छिपा था। 'धुरंधर 2' के क्लाइमेक्स की शूटिंग किसी चुनौती से कम नहीं थी। 47–48 डिग्री की झुलसाती गर्मी, चारों ओर तपते मेटल कंटेनर, भारी पठानी सूट, लेदर जैकेट और सिर पर विग पहनकर रणवीर ने लगातार शूटिंग की। मेकअप और प्रोस्थेटिक आर्टिस्ट करनदीप सिंह ने बताया था कि सिर्फ इस क्लाइमेक्स सीन की तैयारी में, रिहर्सल समेत, 15 से 20 दिन लगे। लुधियाना के बाहरी इलाके में फिल्माए गए इस एक्शन सीक्वेंस में रणवीर को जलते कंटेनरों पर छलांग भी लगानी पड़ी। हालात इतने मुश्किल थे कि पूरी टीम के लिए खाना खाना तक आसान नहीं था। इसके बावजूद रणवीर ने बिना किसी शिकायत के हर सीन पूरे डेडिकेशन और भरपूर एनर्जी के साथ पूरा किया। ________________________ बॉलीवुड से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें.... धर्मेंद्र ने कॉलर पकड़ी तो राजकुमार ने छोड़ी फिल्म:बप्पी लाहिड़ी के गहने देखकर बोले- मंगलसूत्र भी पहन लो, अमिताभ के सूट को पर्दा कहा "ये कौन हैं?" सलमान खान का सवाल सुनते ही जवाब आया- "जानी…, अपने अब्बा से जाकर पूछना, हम कौन हैं।" यही थे राजकुमार। वो अभिनेता, जो फ्लॉप फिल्म के बाद भी अपनी फीस बढ़ा देते थे। कहते थे- ‘मेरी पिक्चर चले न चले, मैं फेल नहीं हुआ। कभी बप्पी लाहिड़ी के गहने पहनने का सरेआम मजाक बना देते थे, तो कभी गोविंदा जैसे कलाकारों की शर्ट काटकर रूमाल बना लेते थे। पूरी खबर पढ़ें....
आज गौरी से शादी करेंगे आमिर खान:20 की उम्र में घरवालों से छिपकर पड़ोसी से पहली कोर्ट मैरिज की, जानिए 3 अहम रिश्तों की कहानी
मशहूर कहावत है कि ‘दूसरा मौका सिर्फ कहानियां देती हैं, जिंदगी नहीं’, लेकिन बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने ये कहावत गलत साबित कर दी। दो नाकाम शादियों के बाद आमिर ने जिंदगी को नया मौका दिया है और आज वो 61 की उम्र में गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी कर रहे हैं। दोनों आमिर के घर में रजिस्टर्ड मैरिज करेंगे, जिसमें परिवार के लोगों के अलावा चुनिंदा करीबी दोस्त शामिल होंगे। आमिर की पूर्व पत्नियां रीना दत्ता और किरण भी इस शादी में पहुंच सकती हैं। आमिर की पिछली दो शादियां भले ही नाकाम रहीं, लेकिन वो आज भी दोनों को जिंदगी के अहम किरदार मानते हैं। आमिर महज 20 साल के थे, जब उन्हें पड़ोस में रहने वालीं रीना से प्यार हो गया। तब वो फिल्मों में नहीं आए थे। घरवालों से चोरी-छिपे मुलाकात होना और घरवालों का गुस्सा, आमिर के खाते में आया। उन्होंने हार नहीं मानी और फिल्मी हीरो की तरह दुनिया की नजरों से छिपकर कोर्ट में शादी कर ली, जिसमें 10 रुपए खर्चा आया। दोनों कानूनी तौर पर पति-पत्नी बने, लेकिन दुनिया की नजरों में अपनी-अपनी जिंदगी जीते थे। संघर्ष लंबा रहा, लेकिन फिर दुनिया उनके प्यार के आगे झुकी और उनके रिश्ते को स्वीकार कर लिया। दोनों के 2 बच्चे आयरा और जुनैद हुए। शादी के 15 साल बाद ये रिश्ता टूट गया। आमिर के लिए ये असहनीय था। उन्होंने शराब का सहारा लिया और खुद को दुनिया से छिपा लिया, लेकिन कभी पहली पत्नी रीना और परिवार पर आंच नहीं आने दी। कुछ समय बाद आमिर की जिंदगी में एक रोज किरण राव की एंट्री हुई, जो उन्हीं की फिल्म की असिस्टेंट डायरेक्टर थीं। न कोई प्यार-मोहब्बत की बातें हुईं, न इजहार, न फैंसी डेट और न कोई प्लानिंग। कहानी महज एक आधे घंटे के कॉल से शुरू हुई। और फिर क्या था चट मंगनी और पट ब्याह। इस शादी से एक बेटा आजाद हुआ, लेकिन 2021 में दोनों ने अपनी-अपनी जिंदगियों को अहमियत देते हुए शादी तोड़ दी। लेकिन दोस्ती और एहसास बरकरार रहा। अब आमिर 61 की उम्र में गौरी स्प्रैट से शादी कर रहे हैं। गौरी तलाकशुदा हैं, जिनकी पिछली शादी से एक बेटा है। आज आमिर की तीसरी शादी के खास मौके पर, जानिए उनकी जिंदगी के इन 3 सबसे अहम चैप्टर्स की कहानी- आमिर महज 20 साल के थे। वो बॉम्बे की जिस बिल्डिंग के चौथे माले पर रहते थे, उसके ठीक सामने एयर इंडिया की बिल्डिंग थी। दोनों का फासला महज 100 मीटर था। एक दिन खिड़की पर खड़े आमिर की नजर सामने की बिल्डिंग की खिड़की पर पड़ी। सामने उन्हें गोरी-खूबसूरत लड़की दिखी। पहली नजर में ही आमिर को वो लड़की इस कदर पसंद आई कि उनका ज्यादातर समय खिड़की पर ही कटने लगा। कुछ दिनों बाद आमिर ने गौर किया कि वो लड़की भी देर तक खिड़की पर ही दिखती है, कहीं उसे भी वो पसंद तो नहीं करती। आमिर की शिल्पा नाम की दोस्त भी उसी बिल्डिंग में रहती थी। आमिर ने नाम पता किया, जो था रीना दत्ता। आमिर ने एक दिन शिल्पा से कहा- मुझे वो लड़की बहुत पसंद है, लेकिन वो हमेशा भीड़ में रहती है। वो तुम्हारी दोस्त है, उसे दुकान से सामान लेने के बहाने साथ लेकर निकलो और बुक्स लेने के बहाने मेरे घर ले आना। ठीक ऐसा ही हुआ, शिल्पा, रीना को आमिर के घर ले आईं। तीनों बेडरूम में बैठे और फिर शिल्पा, विक्की नाम के दोस्त से अर्जेंट काम के बहाने 2 मिनट का समय मांगकर वहां से निकल गईं। आमिर ने रीना को सच बता दिया कि इस कमरे में होना कोई संयोग नहीं बल्कि प्लान है। जवाब मिला- मैं समझ गई थी। आमिर ने झट से कहा- रीना, मैं आपको बहुत पसंद करता हूं। जवाब मिला- मुझे कोई इंट्रेस्ट नहीं। आमिर ने दबाव देकर पूछा, तब भी रीना ने यही कहा- मुझे दोस्ती नहीं करनी, कभी आगे फैसला बदला तो जरूर बताऊंगी। आमिर उदास हो गए और बस इतना ही कहा- चलो अब हम भी विक्की के घर ही चलते हैं। कुछ दिन बाद आमिर ने दोस्त के जरिए फिर रीना को मैसेज भेजा कि वो उनसे बस एक बार मिलना चाहते हैं। बात बन गई। आमिर ने रीना को कॉलेज से पिक किया और कैफे ले गए। आमिर ने सीधे पूछा- मुझे यकीन नहीं होता कि आप मुझे पसंद नहीं करतीं। अगर ऐसा है, तो आप घंटों मुझे देखते हुए खिड़की पर क्यों खड़ी रहती थीं। रीना का जवाब शॉकिंग था, उन्होंने कहा- बस ऐसे ही फन के लिए। आमिर का दिल टूट गया, उन्हों खिड़की पर जाना ही बंद कर दिया। एक महीने बाद बस स्टॉप के पास उनका रीना से सामना हुआ। आमिर हाय-हैलो कर आगे बढ़ गए कि पीछे से आवाज आई- आमिर। वो पलटे तो रीना घबराई हुई पास आईं और कहा- मुझे तुमसे जरूरी बात करनी है। उन्होंने कहा- बताओ। रीना ने कहा- यहां नहीं, कल घर आऊंगी। 7 सितंबर 1985 को घर आते ही रीना ने कहा- मैं भी तुम्हें पसंद करती हूं। मैं उस दिन डर गई थी। पेरेंट्स स्ट्रिक्ट हैं, इसलिए न कहा था। रिश्ता शुरू हुआ। दोनों खिड़कियों से इशारों में बात करते और मौका पाते ही टेलीफोन पर बातें करते। 1986 की 1 जनवरी को रीना और आमिर ने आधे घंटे कॉल पर बात की और रीना की मम्मी ने एक्सेंटशन फोन से पूरी बात सुन ली। आमिर को घर बुलाया गया। रीना की मां ने आमिर को डांटकर भगा दिया और कहा कि 2 दिन बाद रीना के पिता बात करेंगे। जब तक आमिर घर पहुंचे, सारी खिड़कियां बंद कर दी गईं। रीना को घर में बंद कर दिया गया। 4-5 दिन बाद एक रोज आमिर ने एक आधी खुली खिड़की से रीना को रोते देखा और आग बबूला हो गए। उन्होंने कॉल कर रीना की मां से मिन्नतें कीं, लेकिन बात नहीं बनी। कुछ दिन बाद रीना के छोटे भाई-बहन आमिर को समझाने पहुंचे कि रीना से दूर रहो। उल्टा गुस्से में आमिर रीना के घर पहुंच गए। रीना के मां-बाप ने धमकी दी कि मेरी बेटी से दूर रहो वर्ना टांगे तुड़वा दी जाएंगी। आमिर घर लौटे। कुछ दिनों बाद रीना को कॉलेज जाने की परमिशन मिली। खबर मिलते ही आमिर कॉलेज पहुंचे और रीना से पूछा कि क्या वो साथ रहना चाहती हैं। रीना की हामी मिलते ही आमिर को तसल्ली हुई। घरवालों से छिपकर बात करने के लिए दोनों सड़क पर रोज एक सीक्रेट स्पॉट पर लेटर छोड़ने लगे। कुछ दिनों आमिर ने खत में घरवालों से छिपकर शादी करने का प्रस्ताव दिया। शादी सिर्फ इसलिए, जिससे रीना के घरवाले उनकी कहीं और शादी न करवा सकें। रीना ने एक दिन का समय मांगा और हां कर दिया। आमिर ने दोस्त सत्या के घर जाकर स्पेशल मैरिज एक्ट पढ़ा। अब दिक्कत ये थी कि फरवरी 1986 में आमिर महज 20 के थे, जबकि शादी की लीगल उम्र 21 साल थी। 14 मार्च 1986 को आमिर 21 के हुए और अगले दिन जाकर उन्होंने शादी के लिए एप्लीकेशन दे दी। एक महीने बाद 15 अप्रैल को एप्लीकेशन वैलिड हुई, लेकिन 16-17 को वीकेंड होने की वजह से 18 अप्रैल को दोनों चोरी-छिपे मैरिज रजिस्टार के दफ्तर पहुंचे और शादी की। आमिर का भाई फैसल, दोस्त विक्की, सत्या और स्वाति गवाह बने। शादी के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए। 8 महीने तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन फिर एक दिन भावनाओं में बहकर रीना ने छोटी बहन अन्नू को शादी की बात बता दी। उस दिन रीना के पेरेंट्स चेन्नई गए हुए थे। छोटी बहन ने तुरंत कॉल कर उन्हें सारी बात बता दी। पेरेंट्स अगले दिन लौटने वाले थे। आमिर बहुत डर गए। वो रीना को घर ले आए और अपने घरवालों को इकट्ठा किया। सबको लगा कि आमिर अपनी गर्लफ्रेंड से मिलवाएंगे, लेकिन रोते-बिलखते आमिर ने कहा- मैंने शादी कर ली है। सन्नाटा पसर गया। औरतें रोने लगीं। आमिर भी खूब रो रहे थे। तभी पिता पास आए और गले लगाकर कहा- अब तो शादी हो गई, अब क्यों रो रहे हो। आमिर ने कहा- रीना के घरवाले आज बॉम्बे आ रहे हैं, उन्हें भी अभी पता चला है। उनका क्या करेंगे। पिता ने कहा, वो रीना के पेरेंट्स से बात करेंगे। रीना ने घर पर कॉल किया, तो जवाब मिला- घर आने और मिलने की जरुरत नहीं है। रीना फिर घर नहीं गईं। 4 महीने बाद रीना के पिता की तबीयत बिगड़ी तो रीना आमिर के साथ हॉस्पिटल पहुंचीं। पिता ने बात नहीं की, लेकिन आमिर ने पैर छुआ तो उन्होंने चेहरा हिलाकर आशीर्वाद दिया। कुछ दिनों बाद जब वो डिस्चार्ज हुए, तो आमिर घर जाने लगे। एक दिन खाना खाते हुए उन्होंने आमिर से कहा- मुझे पहले ही तुम से मिल लेना था। रीना के लिए तुमसे अच्छा लड़का मुझे कभी नहीं मिलता। शादी के कुछ समय बाद ही आमिर खान की फिल्म कयामत से कयामत तक रिलीज हुई, जिससे वो स्टार बन गए। आमिर ने स्टारडम पर असर न पड़े, इसलिए शुरुआती कुछ सालों तक उन्होंने शादी राज रखी। इस शादी से उन्हें दो बच्चे आयरा और जुनैद हुए। हालांकि, बढ़ते स्टारडम के साथ आमिर का परिवार को समय देना मुश्किल होता चला गया। यही वजह रही कि रीना ने 2001 में आमिर का घर छोड़कर चली गईं। इसी साल आमिर की लगान रिलीज हुई, जो ब्लॉकबस्टर रही। रीना इसकी को-प्रोड्यूसर थीं। आमिर ने अपना ड्राइवर और कुक रीना और बच्चों के साथ भेजा और अकेले रहने लगे। तलाक से आमिर इस कदर टूट गए कि कभी शराब को हाथ न लगाने वाले आमिर शराबी बन गए। करीब डेढ़ साल तक आमिर रोज इतनी शराब पीते थे, जिससे उन्हें नींद आ जाए। उन्होंने काम करना भी लगभग बंद कर दिया। जूही चावला, अनिल कपूर जैसे कई दोस्त उन्हें सहारा देने घर भी पहुंचते थे। एक साल अलग रहने के बाद 2002 में दोनों का आधिकारिक तौर पर तलाक हुआ और बच्चों की कस्टडी रीना को मिल, लेकिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को बच्चे 2 से 6 बजे तक आमिर से मिलने आते थे। सिर्फ यही वो समय था, जब आमिर शराब छूते तक नहीं थे। आमिर खान की किरण राव से पहली मुलाकात फिल्म लगान के सेट पर हुई। किरण राव मिडिल क्लास परिवार से ताल्लुक रखती थीं, जो लगान के डायरेक्टर आशूतोष गोवारिकर की असिस्टेंट डायरेक्टर थीं। तब दोनों ने एक-दूसरे को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। कुछ समय बाद आमिर ने कोकाकोला एड में काम किया, जिसे आशूतोष ने डायरेक्टर और किरण ने असिस्टेंट डायरेक्ट किया था। 2003 में काम के सिलसिले में आमिर-किरण की बातचीत होने लगी। फिर आया साल 2004, आमिर खान महाराष्ट्र के मेनावली में केतन मेहता के निर्देशन की फिल्म मंगल पांडे की शूटिंग कर रहे थे, ठीक इसी जगह शाहरुख की फिल्म स्वदेश की भी शूटिंग चल रही थी, जिसे आशूतोष गोवारिकर बना रहे थे। मेनावली गांव में शूटिंग के दौरान अक्सर किरण और आमिर की बातें होने लगीं। वो कभी-कभी साथ ड्राइव पर जाते थे। एक रोज किरण ने आमिर को काम के सिलसिले में कॉल किया। आधे घंटे की बातचीत के बाद आमिर ने खुशी महसूस की और उन्होंने किरण के साथ रहने का फैसला कर लिया। जल्द ही दोनों रिलेशनशिप में आ गए और एक-दूसरे को समझने के लिए लिव-इन में रहने लगे। किरण राव के परिवार को जब इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने इस रिश्ते का विरोध किया। आमिर, किरण से 8 साल बड़े थे, तलाकशुदा थे और दो बच्चों के पिता थे। किरण ने परिवार के खिलाफ जाकर 28 दिसंबर 2005 में आमिर से सिविल मैरिज की। मुंबई के पंचगनी में 2 दिनों का सेलिब्रेशन रखा गया और महेरबाई हाउस नाम के पारसी बंगले में उनका रिसेप्शन हुआ। किरण ने 2011 में फिल्म धोबी घाट से डायरेक्टोरियल डेब्यू किया, जिसमें आमिर खान लीड रोल में थे। इसी साल किरण सरोगेसी की मदद मां बनीं। उनके बेटे का नाम आजाद राव खान रखा गया। किरण, आमिर खान प्रोडक्शन से जुड़ी रहीं। साल 2021 में आमिर और किरण ने मिलकर खुशी-खुशी एक वीडियो के जरिए तलाक की अनाउंसमेंट की। दोनों ने कहा कि वो हमेशा दोस्त रहेंगे और मिलकर बेटे आजाद की परवरिश करेंगे। तलाक के बाद भी दोनों पूर्व पत्नियों को देते हैं अहमियत आमिर खान, तलाक के बाद भी रीना दत्ता और किरण राव को पूरा सम्मान देते हैं। 2024 में हुई बेटी आयरा की शादी में आमिर खान ने रीना के साथ मिलकर पूरी जिम्मेदारियां उठाईं और किरण राव भी बेटे आजाद के साथ हर फंक्शन में बराबर की भागीदार रहीं। देखिए, पूर्व पत्नियों के साथ आमिर की तस्वीरें- किरण राव से अलग होने के बाद आमिर खान ने थैरेपी लेनी शुरू की और फिल्म लाल सिंह चड्ढा से कमबैक किया। फिल्म खास नहीं चली और आमिर ने एक्टिंग से ब्रेक लेने की अनाउंसमेंट कर दी। 2025 में आमिर खान ने 60वें जन्मदिन के मौके पर मीडिया और पैपराजी को इनवाइट किया और बताया कि वो एक बड़ी अनाउंसमेंट करने वाले हैं। हर कोई इस उम्मीद में पहुंचा कि आमिर नई फिल्म पर बात करेंगे, लेकिन बात कुछ और ही थी। आमिर ने केक काटने के बाद सबसे गौरी स्प्रैट का परिचय करवाया, आमिर की गर्लफ्रेंड। शुरुआत में गौरी की तस्वीरें क्लिक करने से रोका गया, लेकिन जल्द ही दोनों पब्लिकली साथ स्पॉट होने लगे। आमिर खान ने बताया कि वो गौरी को पिछले 25 सालों से जानते थे, लेकिन 2024 में दोनों की कॉमन लोगों की मदद से फिर बातचीत शुरू हुई और फिर दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। गौरी स्प्रैट बैंग्लोर की रहने वालीं हैं, जिनका पिछली शादी से एक 8 साल का बेटा है। आमिर ने कहा- अब जाकर मुकम्मल हुआ आमिर खान ने गौरी से रिश्ते पर बात करते हुए कहा था, मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे गौरी मिलीं और हमारा रिश्ता शुरू हुआ। वह बेहतरीन हैं और उनके साथ मुझे बहुत शांति मिलती है। हालांकि रीना दत्ता और किरण राव के साथ भी मेरा रिश्ता बहुत गहरा था, लेकिन चीजें आगे नहीं बढ़ पाईं। मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं कि गौरी मेरी जिंदगी में आईं। मुझे लगता है, अब जाकर मैं मुकम्मल हुआ हूं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
















