रोनाल्डो 6 वर्ल्डकप में गोल करने वाले पहले फुटबॉलर:पुर्तगाल के लिए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल का रिकॉर्ड बनाया; उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया
पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो 6 फुटबॉल वर्ल्डकप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। 41 साल के रोनाल्डो ने ह्यूस्टन स्टेडियम में उज्बेकिस्तान के खिलाफ छठे मिनट में गोल दागकर यह रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद उन्होंने 39वें मिनट में दूसरा गोल भी किया। इन्हीं गोल की मदद से पुर्तगाल ने 5-0 की जीत हासिल की। रोनाल्डो पुर्तगाल के लिए वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले प्लेयर भी बने। उनके नाम 10 गोल हैं। उन्होंने पुर्तगाल के स्ट्राइकर यूसेबियो के 9 गोल को पीछे छोड़ा। रोनाल्डो ने 2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और अब 2026 वर्ल्डकप में गोल किया है। उनके बाद अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी हैं। उन्होंने 2010 को छोड़कर 2006, 2014, 2018, 2022 और 2026 वर्ल्ड कप में गोल किए हैं। पुर्तगाल के लिए रोनाल्डो के अलावा नूनो मेंडेस (17वें मिनट) और राफेल लेओ (87वें मिनट) ने गोल किया। 59वें मिनट में उज्बेकिस्तान के गोलकीपर अब्दुवोहिद नेमातोव से बॉल टकराकर गोल में चली गई। इसे ओन गोल माना गया। मौजूदा टूर्नामेंट में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 2 गोल हो चुके हैं। वे पहले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ गोल नहीं कर सके थे। रोनाल्डो की 5 फोटो... छठे मिनट में रचा इतिहास मैच की शुरुआत से ही पुर्तगाल अटैकिंग दिखा। चौथे मिनट में नूनो मेंडेस के क्रॉस पर रोनाल्डो मौका चूक गए, लेकिन दो मिनट बाद उन्होंने गलती नहीं दोहराई। जोआओ कैंसिलो के लो क्रॉस पर रोनाल्डो ने शानदार राइट-फुटेड शॉट लगाकर गेंद को नेट में पहुंचाया। इसी गोल के साथ वह 6 वर्ल्डकप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। नूनो मेंडेस ने बढ़त दोगुनी की 14वें मिनट में उज्बेकिस्तान के खामरोबेकोव ने पेड्रो नेटो को फाउल किया। यहां पुर्तगाल को फ्री-किक मिली। सभी को लगा कि रोनाल्डो शॉट लेंगे, लेकिन उन्होंने गेंद छोड़ दी और नूनो मेंडेस ने 17वें मिनट में शानदार लो शॉट लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया। रिव्यू से छीना उज्बेकिस्तान का गोल 29वें मिनट में उज्बेकिस्तान के अजीज गानिएव ने दूर से शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के टॉप कॉर्नर में पहुंचा दिया था। हालांकि रिव्यू में पुर्तगाल के जोआओ कैंसिलो पर फाउल पाया गया और गोल नहीं दिया गया। रोनाल्डो का दूसरा गोल, यूसेबियो का रिकॉर्ड टूटा 38वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडिस ने मिडफील्ड से बेहतरीन थ्रू बॉल दी। रोनाल्डो डिफेंस से निकलते हुए आगे बढ़े और गेंद को पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया। इस गोल के साथ उन्होंने वर्ल्डकप में अपना 10वां गोल किया और यूसेबियो का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पहले हाफ तक पुर्तगाल 3-0 से आगे था। दूसरे हाफ में भी पुर्तगाल का दबदबा ब्रेक के बाद भी पुर्तगाल ने हमले जारी रखे। 57वें मिनट में रोनाल्डो फ्री-किक पर गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन नेमातोव ने शानदार बचाव किया। 59वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडिस के कॉर्नर पर जोआओ फेलिक्स ने बैक-हील फ्लिक किया, जो डिफेंडर अब्दुकोदिर खुसानोव से टकराकर गोलकीपर नेमातोव के दस्तानों से होते हुए नेट में चली गई। इसे ओन गोल माना गया और स्कोर 4-0 हो गया। हैट्रिक से चूके रोनाल्डो 73वें मिनट में रोनाल्डो के पास हैट्रिक पूरी करने के दो मौके आए। पहले उनका शॉट डिफ्लेक्ट होकर बाहर चला गया, फिर उन्होंने गोलकीपर पर दबाव बनाकर गेंद छीनी, लेकिन नेमातोव ने शानदार सेव कर दिया। इससे पहले पहले हाफ के इंजरी टाइम में भी खुसानोव ने उनकी कोशिश गोललाइन से क्लियर कर दी थी। राफेल लियाओ ने लगाई जीत पर मुहर 83वें मिनट में मैदान पर आए राफेल लियाओ ने 87वें मिनट में पुर्तगाल का पांचवां गोल दाग दिया। नेल्सन सेमेडो के कट-बैक पर रोनाल्डो गेंद तक नहीं पहुंच सके, लेकिन पीछे खड़े लियाओ ने दमदार शॉट लगाकर गेंद को टॉप कॉर्नर में भेज दिया। इसके साथ ही पुर्तगाल ने मुकाबला 5-0 से अपने नाम कर लिया। मेसी के साथ खेल रहे छठा वर्ल्ड कप रोनाल्डो और अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी इस साल छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। दोनों ही 6 वर्ल्डकप खेलने वाले पहले खिलाड़ी हैं। मेसी ने 2006, 2014, 2018, 2022 और 2026 में गोल किए हैं, जबकि रोनाल्डो ने अपने हर वर्ल्डकप में गोल दागा है। 20 साल से ज्यादा लंबा सफर रोनाल्डो ने अपना पहला वर्ल्डकप गोल 2006 में 21 साल की उम्र में किया था। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा 143 गोल हैं। वहीं यह मैच उनके करियर का 230वां इंटरनेशनल मुकाबला भी रहा। पुर्तगाल की पहली जीत पुर्तगाल ने अपने पहले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। ऐसे में टीम के लिए यह मुकाबला जीतना जरूरी था। पुर्तगाल ने 5-0 की बड़ी जीत के साथ मौजूदा टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। -------------------------------- वर्ल्डकप से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें... मेसी वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर बने अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी फुटबॉल वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। ऑस्ट्रिया के खिलाफ मेसी ने पहले अपना 17वां गोल दागकर जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजा (16 गोल) का रिकॉर्ड तोड़ा और फिर मैच के आखिरी में एक और गोल कर इसे 18 तक पहुंचा दिया। पढ़ें पूरी खबर…
विमेंस वर्ल्डकप में भारत का सेमीफाइनल पहुंचना मुश्किल:ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश को हराना पड़ेगा; टूर्नामेंट से 4 टीमें बाहर हो चुकी
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में ग्रुप-A का समीकरण पूरी तरह बदल गया है। मंगलवार को मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में उसकी पहली हार दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158/7 रन बनाए थे। आखिरी ओवर में साउथ अफ्रीका ने टारगेट हासिल कर लिया। इस हार के बाद भारत का सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल हो गया है। टीम को अब अपने बाकी दोनों मुकाबले बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीतने ही होंगे। दूसरी ओर पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, आयरलैंड और स्कॉटलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। अब तक का पॉइंट्स टेबल समीकरण क्या है? ग्रुप-A में ऑस्ट्रेलिया, भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच सेमीफाइनल की जंग जारी है। ऑस्ट्रेलिया का रनरेट (+4.391) सबसे बेहतर है। भारत का रनरेट साउथ अफ्रीका से बेहतर है। ग्रुप-B में मेजबान इंग्लैंड और वेस्टइंडीज मजबूत स्थिति में है। भारत कैसे पहुंच सकता है सेमीफाइनल? साउथ अफ्रीका से हार के बाद भारत के दोनों मैच नॉकआउट जैसे हो गए हैं। टीम अपना अगला मुकाबला 25 जून को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 28 जून को उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। भारत के लिए बांग्लादेश के मुकाबले ऑस्ट्रेलिया को हराना कहीं ज्यादा मुश्किल होगा। आंकड़े भी यही बताते हैं। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 23 में से 20 टी-20 जीते हैं। वहीं टी-20 वर्ल्डकप में भी भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ खेले सभी तीन मुकाबले अपने नाम किए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। दोनों टीमों के बीच 38 टी-20 मैचों में भारत को सिर्फ 9 जीत मिली हैं। वहीं टी-20 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 7 मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने 5 और भारत ने सिर्फ 2 मैच जीते हैं। भारत सेमीफाइनल में पहुंचेगा अगर... ऑस्ट्रेलिया के सामने क्या समीकरण है? ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 3 मैचों में 3 जीत और 6 पॉइंट्स के साथ ग्रुप-A में टॉप पर है। टीम का रनरेट सबसे ज्यादा +4.391 है। ऑस्ट्रेलिया के दो मैच पाकिस्तान (23 जून) और भारत (28 जून) के खिलाफ हैं। पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया के 8 पॉइंट्स हो जाएंगे और उसकी सेमीफाइनल की जगह लगभग पक्की हो जाएगी। हालांकि अगर ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान के खिलाफ उलटफेर का शिकार हो जाती है, तो भारत के खिलाफ उसको आखिरी लीग मैच जीतना ही होगा। फिर भी मौजूदा फॉर्म और नेट रनरेट को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया की स्थिति भारत, साउथ अफ्रीका के मुकाबले काफी मजबूत नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंचेगा अगर... साउथ अफ्रीका की राह कैसी है? साउथ अफ्रीका के 3 मैचों में 2 जीत और 4 पॉइंट्स हैं। टीम ने पाकिस्तान और भारत को हराया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से 65 रन की बड़ी हार के कारण उसका नेट रनरेट -0.546 है। अब उसे अपने आखिरी दो मुकाबले नीदरलैंड्स (25 जून) और बांग्लादेश (28 जून) के खिलाफ खेलने हैं। भारत के लिए परेशानी की बात यह है कि साउथ अफ्रीका के बाकी दोनों मुकाबले कमजोर टीमों के खिलाफ हैं। ऐसे में उसके 8 पॉइंट्स तक पहुंचने की संभावना ज्यादा है। साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचेगा अगर... बांग्लादेश के पास भी मौका बांग्लादेश को भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। टीम ने अब तक 3 मैचों में 2 जीत हासिल की हैं और उसके 4 पॉइंट्स हैं। सेमीफाइनल के लिए बांग्लादेश को दोनों बचे मैच जीतने होंगे। अगर टीम भारत और साउथ अफ्रीका दोनों को हरा देती है तो उसके 8 पॉइंट्स हो जाएंगे और सेमीफाइनल जाना लगभग तय हो जाएगा। भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच सिर्फ बांग्लादेश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे ग्रुप-A की तस्वीर तय कर सकते हैं। अगर बांग्लादेश इनमें से किसी एक टीम को भी हरा देता है तो सेमीफाइनल की दौड़ और दिलचस्प हो जाएगी। बांग्लादेश सेमीफाइनल में पहुंचेगा अगर... ग्रुप-B में इंग्लैंड सबसे मजबूत दावेदार इंग्लैंड ने अब तक अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। टीम के 3 मैचों में 6 पॉइंट्स हैं। हालांकि ग्रुप-बी में इंग्लैंड की राह अभी पूरी तरह आसान नहीं है। उसे अपने आखिरी दो मुकाबले वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने हैं। अगर इंग्लैंड वेस्टइंडीज को हरा देता है तो उसके 8 पॉइंट्स हो जाएंगे और सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो जाएगा। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच ग्रुप की टॉप-2 रैंकिंग तय कर सकता है। इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचेगा अगर... वेस्टइंडीज को सिर्फ एक जीत की जरूरत वेस्टइंडीज भी तीनों मुकाबले जीत चुका है। टीम के 3 मैचों में 6 पॉइंट्स हैं। अब वेस्टइंडीज के सामने दो बड़े मुकाबले हैं। टीम 24 जून को इंग्लैंड और 27 जून को आयरलैंड से भिड़ेगी। इनमें से आयरलैंड के खिलाफ मैच आसान माना जा रहा है, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला ग्रुप-बी की तस्वीर बदल सकता है। अगर वेस्टइंडीज इंग्लैंड को हरा देती है तो उसके 8 पॉइंट्स हो जाएंगे और सेमीफाइनल तय हो जाएगा। वहीं आयरलैंड पर जीत के साथ टीम 10 पॉइंट्स तक पहुंच सकती है। दूसरी ओर इंग्लैंड से हारने की स्थिति में भी वेस्टइंडीज के पास आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज कर 8 पॉइंट्स तक पहुंचने का मौका रहेगा। वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंचेगा अगर... न्यूजीलैंड-श्रीलंका की उम्मीदें जिंदा, लेकिन दूसरों पर निर्भर न्यूजीलैंड और श्रीलंका की सेमीफाइनल की उम्मीदें अभी कायम हैं, लेकिन अब दोनों टीमों को अपने प्रदर्शन के साथ-साथ दूसरे मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को हराकर 4 मैचों में 4 पॉइंट्स हासिल कर लिए हैं और उसका आखिरी मुकाबला 27 जून को इंग्लैंड से है। वहीं, श्रीलंका ने आयरलैंड को 9 विकेट से हराकर 4 मैचों में 4 पॉइंट्स कर लिए हैं। टीम का आखिरी मैच 26 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ है। दोनों टीमें अधिकतम 6 पॉइंट्स तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में उनके लिए सबसे अहम मुकाबला 24 जून को होने वाला इंग्लैंड और वेस्टइंडीज का मैच होगा। अगर इस मैच में हारने वाली टीम अपना अगला मुकाबला भी हार जाती है, तो न्यूजीलैंड और श्रीलंका के लिए सेमीफाइनल की राह खुली रहेगी। तब दूसरे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला 6-6 पॉइंट्स पर नेट रनरेट से हो सकता है। पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, आयरलैंड और स्कॉटलैंड बाहर ग्रुप-A में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स की टीमें सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। दोनों अपने शुरुआती तीनों मुकाबले हार चुकी हैं। वहीं ग्रुप-B में आयरलैंड और स्कॉटलैंड का सफर भी समाप्त हो गया है। स्कॉटलैंड को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरी हार मिली। टीम ने एकमात्र मैच आयरलैंड के खिलाफ जीता है। टीम का आखिरी मैच श्रीलंका के खिलाफ हैं। इसे जीतकर भी वह 4 पॉइंट्स तक ही पहुंच सकेगी। यह सेमीफाइनल में जाने के लिए काफी नहीं है। आयरलैंड भी अपने चारों मैच हारकर बाहर हो चुका है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 















/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)








