मोटोरोला एज 70 फ्यूजन का नया वैरिएंट लॉन्च:स्मार्टफोन में 50MP सोनी कैमरा और 7000mAh बैटरी, मिलिट्री ग्रेड बॉडी के साथ IP69 प्रोटेक्शन; कीमत ₹36,999
टेक कंपनी मोटोरोला ने मार्च में एज 70 फ्यूजन लॉन्च किया था, आज कंपनी ने इसका 12GB रैम और 512GB स्टोरेज वाला नया वैरिएंट लॉन्च किया है। यह फोन 50MP सोनी कैमरा, स्नैपड्रैगन 7s जेन 4 प्रोसेसर और 7000mAh बैटरी के साथ आता है। वहीं, इसमें मिलिट्री ग्रेड बॉडी के साथ IP69 प्रोटेक्शन भी मिलेगी। इसकी कीमत 36,999 रुपए रखी गई है। फोन अब 4 वैरिएंट में अवेलेबल है। इसे 26,999 रुपए शुरुआती कीमत में उतारा गया था, लेकिन अब इसका प्राइस बढ़कर 29,999 रुपए हो चुका है। नया वैरिएंट ऑफलाइन और ऑनलाइन अवेलेबल है। इस पर 2000 रुपए के बैंक कार्ड डिस्काउंट के साथ भी खरीदा जा सकता है। मोटोरोला एज 70 फ्यूजन: वैरिएंट वाइस प्राइस डिजाइन: मिलिट्री ग्रेड बॉडी और क्वाड-कर्व्ड स्क्रीन स्पेसिफिकेशन: पावरफुल प्रोसेसर और AI का सपोर्ट डिस्प्ले: इसमें 6.8-इंच की 1.5K एक्सट्रीम एमोलेड स्क्रीन है। यह 144Hz रिफ्रेश रेट और 5200 निट्स की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i लगा है। इसमें 'स्मार्ट वॉटर टच' फीचर भी है, जिससे हाथ गीले होने पर भी टच काम करता है। परफॉर्मेंस: फोन में परफॉर्मेंस के लिए क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 7s जेन 4 प्रोसेसर दिया गया है। कंपनी का दावा है कि इसका AnTuTu स्कोर 11.49 लाख से ज्यादा है। यह फोन 'मोटो एआई 2.0' के साथ आता है, जो स्मार्ट फीचर्स को आसान बनाता है। कैमरा: फोटोग्राफी के लिए फोन के रियर पैनल पर ट्रिपल कैमरा सेटअप है। इसमें मेन कैमरा 50MP सोनी LYT710 सेंसर है, जो ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) के साथ आता है। साथ में 13MP का अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस और लाइट सेंसर दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 32MP का कैमरा है। बैटरी और चार्जिंग: फोन में 7000mAh की बैटरी दी गई है। इसे चार्ज करने के लिए बॉक्स में 68W का टर्बोपावर फास्ट चार्जर मिलेगा। सॉफ्टवेयर और अन्य फीचर्स फोन एंड्रॉयड 16 पर चलता है। कंपनी ने वादा किया है कि इस पर 3 साल तक OS अपग्रेड (एंड्रॉयड 19 तक) और 5 साल तक सिक्योरिटी अपडेट्स मिलते रहेंगे। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 6E, ब्लूटूथ 6.0 और NFC जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सिक्योरिटी के लिए इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर है।
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:बुजुर्ग के कपड़े फाड़कर आग लगाई, पार्षद को बीच सड़क पीटा; CM मान का अकाल तख्त में पेशी का VIDEO
नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर CM भगवंत मान की श्री अकाल तख्त साहिब में पेशी का वीडियो है। CM मान 15 जनवरी को पेश हुए थे। इस दौरान जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने CM से उनके कथित शराब वाले वायरल वीडियो को लेकर सवाल-जवाब किए। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. CM मान की अकाल तख्त में पेशी का VIDEO, जत्थेदार गुरुदोषी घोषित कर चुके सिख कौम की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त साहिब ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पेशी का वीडियो सार्वजनिक किया। वीडियो में मुख्यमंत्री और जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के बीच कथित विवादित वीडियो को लेकर हुए सवाल-जवाब सामने आए। CM मान 15 जनवरी 2026 को पेश हुए थे। वीडियो में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनके संबंध में प्रसारित की जा रही वीडियो पूरी तरह से फर्जी और AI से तैयार की गई है। CM ने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में किसी भी व्यक्ति की नकली वीडियो बनाई जा सकती है, इसलिए मामले की वैज्ञानिक जांच जरूरी है। इससे पहले जत्थेदार ने CM से भिंडरांवाले और पंथ की मर्यादा को लेकर कई सवाल पूछे। CM ने भी हर सवाल का जवाब दिया। बीते सोमवार (15 जून) को अकाल तख्त CM मान को पंथ विरोधी और गुरु दोषी घोषित कर चुका है। यह फैसला जत्थेदार गड़गज ने अमृतसर में गोल्डन टेंपल परिसर स्थित अकाल तख्त सचिवालय की फसील (प्राचीर) से सुनाया। अकाल तख्त ने यह फैसला भगवंत मान की कथित शराब वाली वायरल वीडियो की जांच कराने के बाद सुनाया था। पढ़ें पूरी खबर… 2. BJP अध्यक्ष 3 दिवसीय दौरे पर, गोल्डन टेंपल-दुर्ग्याणा मंदिर में माथा टेका भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 3 दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं। आज वह अमृतसर पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने अमृतसर में गोल्डन टेंपल, जलियांवाला बाग, श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री राम तीर्थ मंदिर में माथा टेका। अमृतसर के बाद नितिन नबीन जालंधर और लुधियाना भी जाएंगे। लुधियाना में नितिन नबीन जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात कर उनका फीडबैक लेंगे। इसके बाद आगामी चुनावों को लेकर माइक्रो प्लानिंग पर चर्चा करेंगे। भाजपा नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पंजाब भाजपा के लिए नई ऊर्जा भरेगा। नितिन नबीन पंजाब के तीनों क्षेत्रों माझा, दोआबा और मालवा में कार्यकर्ताओं व नेताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति और भाजपा की जमीनी हकीकत का आकलन करेंगे। पढ़ें पूरी खबर… 3. आंगन में टहल रहे पूर्व सरपंच पर ताबड़तोड़ फायरिंग गुरदासपुर जिले के बटाला के नजदीकी गांव किला लाल सिंह में उस समय भारी दहशत का माहौल बन गया, जब शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व सरपंच के घर पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने सरेआम फायरिंग कर दी। इस दौरान आंगन में सैर कर रहे अकाली नेता ने मुस्तैदी दिखाते हुए घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद नेता ने भी अपने बचाव में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। ये पूरी वारदात पड़ोसी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें सामने आया है कि 2 हमलावरों ने 4 गोलियां चलाई और फरार हो गए। हमलावरों की ओर से चलाई गई गोलियां पूर्व सरपंच के घर के किचन और ड्राइंग रूम में जा लगीं। एक गोली दीवार को पार करते हुए पड़ोस में रहने वाले इंदरबीर सिंह रंधावा की गाड़ी पर भी जा लगी। घटना की सूचना मिलते ही थाना किला लाल सिंह की पुलिस पार्टी तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पढ़ें पूरी खबर… 4. बिजली विभाग में 2,437 युवाओं को मिलेगी नौकरी पंजाब सरकार ने राज्य के हजारों युवाओं को बड़ी राहत देते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 2,437 अप्रेंटिस युवाओं को नियमित रूप से विभाग में शामिल करने का फैसला लिया है। इन युवाओं को असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि PSPCL ने करीब आठ-नौ महीने पहले ITI पास युवाओं के लिए 2,600 अप्रेंटिसशिप पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। इसके लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए चुना गया। इनमें से 2,437 युवाओं ने विभाग में प्रशिक्षण शुरू किया और वे पिछले 6 महीने से अधिक समय से फील्ड में कार्य कर अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर… 5. लुधियाना में 100KM की रफ्तार से कार ने 2 लोगों को उड़ाया लुधियाना में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे 2 लोगों को उड़ा दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की चपेट में आए लोग 15 फीट दूर जाकर गिरे। हादसे में एक की बाजू पर चोट आई है, जबकि दूसरे के टांके लगे हैं। वहीं, यह सारी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, हादसे वाली कार वॉशिंग सेंटर पर आई थी। वॉशिंग सेंटर मालिक ने 2 नाबालिगों को कार साइड लगाने को दे दी। तभी दोनों कार को बीच बाजार घुमाने ले गए। एक नाबालिग ने 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से कार दौड़ा दी। तभी ड्राइवर कार पर से नियंत्रण खो बैठे और गाड़ी सड़क पर चल रहे लोगों को रौंदती चली गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर… 6. चावला मोबाइल पॉइंट पर फायरिंग, लोगों ने हमलावर को पीटा जालंधर के मशहूर चावला मोबाइल पॉइंट के बाहर फायरिंग हुई। फायरिंग करने वाले को लोगों ने दबोच लिया और जमकर पीटा। थाना भार्गव कैंप के अधीन आते इलाके में गोली चलने पर लोगों की भीड़ लग गई। गोली चलने की पुलिस को सूचना दी गई है। फायरिंग के बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। गोली चलने से चावला मोबाइल की दुकान का शीशा टूट गया। बताया जा रहा है कि 2 युवकों ने मोबाइल दुकान के बाहर गोलियां चलाईं। घटना के बाद एक युवक मौके से फरार हो गया। फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन घटनास्थल पर चर्चा है कि मोबाइल शॉप संचालक को फिरौती के लिए कॉल आई थी। बताया जा रहा है कि मोबाइल विक्रेता से कुछ सप्ताह से 50 लाख रुपए की फिरौती की मांग की जा रही थी। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद दुकानदारों ने घटनास्थल के निकट पुलिस के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों की ओर से व्यापारियों की सुरक्षा की मांग की जा रही है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है। भीड़ ने आरोपी को पीट दिया, जिसमें आरोपी को काफी चोटें आई हैं। पढ़ें पूरी खबर… 7. पार्षद को बीच सड़क घेरकर पीटा, भाजपा नेता पर FIR लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर-2 क्षेत्र में एक मौजूदा पार्षद निक्कू भारती के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पार्षद ने आरोप लगाया है कि ये लोग डराकर 2-2 हजार रुपए वसूलते हैं। फिलहाल पुलिस ने भाजपा नेता विक्की सहोता, उनके भाई सहित 7 लोगों के खिलाफ शुक्रवार को मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपी ढोलेवाल पुल के नीचे काम करने वाले लोगों से कथित रूप से अवैध वसूली करते हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के साथ-साथ 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर… 8. अस्पताल से बच्ची चुराने की कोशिश, महिला पकड़ी लुधियाना में अस्पताल परिसर के भीतर से बच्ची चोरी करने का प्रयास किया गया। गनीमत रही कि बच्ची की मां और वहां मौजूद लोगों की सूझबूझ से आरोपी महिला को मौके पर ही पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। सिविल अस्पताल परिसर में बच्ची के इलाज के लिए आई पीड़ित महिला पूजा ने बताया कि उसकी बेटी अस्पताल में भर्ती है। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह डॉक्टरों से बातचीत कर रही थी। तभी उसकी 10 वर्षीय भतीजी डेढ़ साल की बच्ची को गोद में लेकर पास खड़ी थी। पूजा के अनुसार, एक अज्ञात महिला पिछले कुछ समय से उन पर नजर रख रही थी और अचानक उसने भतीजी के हाथ से बच्ची छीनने की कोशिश की। जब भतीजी ने बच्ची को देने से इनकार किया तो आरोपी महिला ने जबरदस्ती करने का प्रयास किया। पढ़ें पूरी खबर… 9. इंग्लैंड में सिख से मारपीट, कपड़े फाड़े, खून से लथपथ मिले इंग्लैंड के स्मेथविक शहर में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति से मारपीट कर उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया। बुजुर्ग खून से लथपथ था और शरीर पर चोटों के निशान मिले। पुलिस के अनुसार, उसे जलाने की भी आशंका है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सिख व्यक्ति के कपड़े फटे हुए हैं और वह कुछ बोल भी नहीं पा रहा। लोग उसे उठाने की कोशिश करते हैं, लेकिन थोड़ा हिलने पर भी उन्हें दर्द होता है। मामले में स्थानीय पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस के अनुसार, घटना 14 जून की रात हुई थी और मामले की जांच लगातार जारी है। एक युवक को फिलहाल अदालत में पेश किया गया है। पेशी के बाद उसे फिलहाल यूथ डिटेंशन भेज दिया गया है। 17 जुलाई को मामले की अगली सुनवाई होगी। दूसरे संदिग्ध को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले से जुड़े अलग-अलग एंगल से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने साफ कहा कि इस हमले के पीछे की मुख्य वजह क्या थी, इसकी हर एंगल से जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… खबर हटके… 10. AAP ने BJP प्रदेश अध्यक्ष आवास घेरा, ढिल्लों चाय-पानी ले आए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नाम पर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को बरनाला में प्रदर्शन किया। इस दौरान AAP कार्यकर्ताओं ने पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों का आवास घेरा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में जमा हुए AAP कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की, लेकिन इस तीखे विरोध प्रदर्शन का जवाब केवल ढिल्लों ने बड़ी सकारात्मकता के साथ दिया। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने प्रदर्शन कर रहे AAP कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए ठंडे पानी और गर्म चाय का विशेष प्रबंध करवाया। केवल सिंह ढिल्लों के निजी सहायक (PA) दीप संघेरा ने कहा कि राजनीतिक विचारधारा अपनी जगह है, लेकिन इस भीषण गर्मी में लोग परेशान हो रहे थे। हमने विशुद्ध रूप से इंसानियत और पंजाबियत के नाते यह फैसला लिया। पढ़ें पूरी खबर… (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)




















