Zeenat Aman: ज़ीनत अमान ने किया अपने असली नाम का खुलासा! मां हिंदू, पिता मुस्लिम, खुद इस धर्म को मानती हैं एक्ट्रेस
Zeenat Aman: 70 के दशक की दिग्गज अदाकारा ज़ीनत अमान इन दिनों काफी चर्चा में हैं। चाहे सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक राय हो या पुराने किस्से, जीनत अमान अक्सर अपने किस्से-कहानियां फैंस को सुनाती आई हैं। अब हाल ही में एक्ट्रेस ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया जिसे जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे। दशकों से लोग जिन्हें ज़ीनत अमान के नाम से जानते हैं, उनका एक और नाम भी है।
अभिनेत्री ने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी फैमिली बैकग्राउंड, धार्मिक विचारों और जीवन दर्शन पर खुलकर बात की।
जीनत ने बताया अपना हिंदू नाम
ज़ीनत ने कहा, "पिता की तरफ से मेरा नाम ज़ीनत अमान है, लेकिन मां की तरफ से मेरा नाम ललितेश्वरी है। मेरी मां का नाम वर्धिनी था। वह बहुत धार्मिक हिंदू महिला थीं और रोज़ाना दो-तीन घंटे पूजा-पाठ में बिताती थीं; मेरी परवरिश का ज़्यादातर हिस्सा उन्हीं के हाथों हुआ।"
‘मैं धार्मिक नहीं हूं’
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे खुद किसी धर्म का पालन करती हैं, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे खुद को धार्मिक व्यक्ति नहीं मानतीं।
ज़ीनत ने कहा कि बचपन से ही उन्होंने अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों को बहुत करीब से देखा है। उनकी मां हिंदू थीं, पिता मुस्लिम थे और उनके बच्चों के पिता भी मुस्लिम हैं। इसके अलावा उन्होंने कैथोलिक स्कूल में पढ़ाई की और उनके सौतेले पिता जर्मनी से थे। ऐसे माहौल ने उन्हें दुनिया को व्यापक नजरिए से देखने की सीख दी।
‘इंसानियत, प्रेम और समानता ही मेरा धर्म है’
ज़ीनत अमान ने कहा कि उन्होंने कभी खुद को किसी एक धर्म तक सीमित महसूस नहीं किया। उनका मानना है कि सभी धर्म अच्छे संदेश देते हैं और किसी को गलत रास्ता अपनाने की शिक्षा नहीं देते।
उन्होंने कहा कि उनके लिए इंसानियत, दया, शांति, समानता और लोगों व जानवरों के प्रति प्रेम ही सबसे बड़ा धर्म है। यही मूल्य उनके जीवन का आधार हैं।
मिस इंडिया से बॉलीवुड स्टार बनने तक का सफर
ज़ीनत अमान ने 1970 में फेमिना मिस इंडिया और मिस एशिया पैसिफिक इंटरनेशनल का खिताब जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। उसी वर्ष उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा, लेकिन उन्हें वास्तविक लोकप्रियता फिल्म ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ से मिली।
इसके बाद 1970 और 1980 के दशक में उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया और बॉलीवुड की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं।
स्टाइल आइकन के रूप में बनाई अलग पहचान
‘यादों की बारात’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘धर्मवीर’, ‘डॉन’, ‘लावारिस’ और ‘पुकार’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय और ग्लैमरस अंदाज से ज़ीनत अमान ने इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम हासिल किया।
उन्हें हिंदी सिनेमा की शुरुआती स्टाइल आइकन और ट्रेंडसेटर अभिनेत्रियों में गिना जाता है। लंबे समय तक फिल्मों से दूरी बनाने के बाद भी उनकी लोकप्रियता बरकरार रही।
हाल के वर्षों में ज़ीनत अमान ने फिर से स्क्रीन पर वापसी की है। उन्हें आखिरी बार वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ में देखा गया था। अब दर्शक उन्हें जल्द ही फिल्म ‘बन टिक्की’ में देखेंगे।
Indore News : को-ऑपरेटिव बैंक में लाखों रुपये की धोखाधड़ी, दो कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित एक को-ऑपरेटिव बैंक में लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फरियादी का आरोप है कि जालसाजों ने 22 लाख रुपये का ओडी लोन स्वीकृत कराया और रुपये निकालकर हड़प लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि फरियादी नवीन सोनी का ट्रांसपोर्ट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की ट्रांसपोर्ट नगर शाखा में खाता है जब उन्होंने अपने ओडी लोन खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि 21 अप्रैल को उनके नाम पर 22 लाख रुपये का ओडी लोन स्वीकृत किया गया है।
खाताधारक के साथ 22 लाख की धोखाधड़ी
नवीन ने कहा कि उन्होंने न तो इस लोन के लिए आवेदन किया, न कोई चेक जारी किया और न ही उन्हें इस राशि की जानकारी थी। शिकायत में कहा गया कि ये किसी का षड्यंत्र है और इसमें बैंक स्टाफ की मिलीभगत हो सकती है, नवीन ने आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारी संतोष श्रीवास्तव और आशीष अग्रवाल पर मिलीभगत कर फर्जी तरीके से लोन स्वीकृत कराया और राशि का गबन कर लिया।
दो आरोपियों पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है, पुलिस का कहना है कि नवीन सोनी के बैंक स्टेटमेंट के आधार पर जाँच की जाएगी और मालूम किया जायेगा कि आरोपियों ने धोखाधड़ी केवल नवीन सोनी के साथ ही की है या किसी अन्य खाताधारक को भी निशाना बनाया है।



Haribhoomi
Mp Breaking News
















