उप स्वास्थ्य केंद्र में सीएम डॉ. मोहन यादव ने परखी जमीनी स्वास्थ्य व्यवस्था, दवाइयों-टीकाकरण से लेकर सिकलसेल मरीजों तक की ली जानकारी
भोपाल। बड़वानी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र तलून के उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को जमीनी स्तर पर परखा। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध दवाइयों और टीकाकरण की स्थिति जानने के साथ गर्भवती महिलाओं, बच्चों और सिकलसेल से प्रभावित मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य अमले से हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान और उनकी नियमित निगरानी को लेकर भी सवाल किए।
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की कैसे हो रही निगरानी, सीएम ने पूछा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर से क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की संख्या और उनकी नियमित जांच के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खास तौर पर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) वाली महिलाओं की पहचान और उनके स्वास्थ्य की निगरानी की व्यवस्था के बारे में पूछा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सिकलसेल से प्रभावित मरीजों की संख्या, उनके इलाज और नियमित स्वास्थ्य जांच की स्थिति भी जानी।
मैप पर देखी गर्भवती महिलाओं, बच्चों और सिकलसेल मरीजों की स्थिति
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आंत्रा फाउंडेशन द्वारा तैयार किए गए स्वास्थ्य मैप को भी देखा। इसमें क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं और बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य जानकारी को अलग-अलग बिंदुओं के जरिए दिखाया गया है।
मैप पर सिकलसेल से प्रभावित मरीजों और कुपोषण की स्थिति को भी चिन्हित किया गया है। इसके जरिए जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उनकी नियमित निगरानी और समय पर जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की मैपिंग का फायदा जरूरतमंद लोगों तक समय पर जांच और इलाज पहुंचाने में मिलना चाहिए।
दवाइयों और टीकाकरण की स्थिति भी जानी
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र पर अनमोल पोर्टल में की जा रही एंट्री की जानकारी भी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण और केंद्र पर जरूरी दवाइयों की उपलब्धता के बारे में स्वास्थ्य कर्मचारियों से पूछा।
कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर ने बताया कि स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज की जा रही है। केंद्र पर आवश्यक दवाइयां भी समय पर उपलब्ध हो रही हैं और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं देने में फिलहाल किसी तरह की परेशानी नहीं आ रही है।
दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़वानी के पाटी क्षेत्र में ग्रीन कमांडो अभियान के तहत किए जा रहे स्वास्थ्य कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और दुर्गम ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हों, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य अमले से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, सिकलसेल से प्रभावित मरीजों और कुपोषित बच्चों की नियमित पहचान और स्वास्थ्य निगरानी करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि पात्र लोगों को समय पर जांच, इलाज, दवाइयां और दूसरी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए।
नई तकनीक और प्रोसेसिंग से बढ़े किसानों की आय, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किसानों से किया सीधा संवाद
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से खेती के पुराने तरीकों के साथ नई तकनीक, प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान केवल फसल उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि फूड प्रोसेसिंग की ओर भी बढ़ें, क्योंकि अनाज के मुकाबले प्रोसेसिंग के बाद तैयार उत्पाद से ज्यादा आमदनी हो सकती है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को विदिशा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को बड़वानी से वर्चुअली संबोधित किया। वहीं बड़वानी में उन्होंने किसानों के बीच पहुंचकर उनसे खेती, सिंचाई, नई तकनीक और सरकारी योजनाओं को लेकर सीधा संवाद किया।
किसानों को अब दिन में बिजली देने की तैयारी
बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए नई तकनीकों को अपनाना जरूरी है। रासायनिक खाद के लगातार इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हुई है, इसलिए प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देना होगा।
उन्होंने किसानों से फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में आगे आने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों के अल्पावधि फसल ऋण की शर्तों में बदलाव किया गया है और 31 मार्च की ड्यू डेट हटाई गई है। किसानों को सिंचाई के लिए रात के बजाय दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। वहीं कवच योजना के जरिए डिफॉल्टर किसानों के ऋण खातों में सुधार किया जा रहा है।
ड्रोन से स्प्रे कर तीन लाख रुपये से ज्यादा कमाए
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विदिशा की ‘ड्रोन दीदी’ प्रभा वर्मा से वर्चुअली बातचीत की। प्रभा वर्मा ने बताया कि वे अब तक खेतों में 1160 स्प्रे कर चुकी हैं। एक स्प्रे के लिए वे 300 रुपये लेती हैं और इससे तीन लाख रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं में हौसले की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है।
बड़वानी में किसानों से पूछा- नई तकनीक से कितना फायदा?
बड़वानी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत किसानों से सीधी बातचीत की। किसानों ने उन्हें फसल उत्पादन, सिंचाई, खाद और दूसरी जरूरतों के साथ खेती में अपनाई जा रही नई तकनीकों के बारे में बताया।
इस दौरान बड़वानी में एचडी पद्धति से की जा रही कपास की खेती पर भी चर्चा हुई। किसानों ने बताया कि इस पद्धति में खाद की जरूरत अपेक्षाकृत कम पड़ती है और उत्पादन बढ़ने से फायदा भी ज्यादा हो रहा है। जिले में शुरुआती तौर पर करीब 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में इस पद्धति से कपास की खेती शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने ऐसी तकनीकों को बढ़ावा देने की बात कही, जिनसे किसानों की लागत कम हो और आमदनी बढ़ सके।
बड़वानी के करीब एक तिहाई हिस्से में कपास की खेती
संवाद के दौरान बताया गया कि बड़वानी जिले के कृषि क्षेत्र के करीब एक तिहाई हिस्से में कपास की खेती होती है। इसके अलावा जिले में बड़ी मात्रा में उद्यानिकी फसलें भी पैदा की जाती हैं।
ग्राम बोरलाई के किसान हरिराम राठौर ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे दुग्ध व्यवसाय से जुड़े हैं और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन किसानों के लिए अतिरिक्त आय का बड़ा जरिया बन सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में गोशालाओं को भी अनुदान दिया जा रहा है। सरकार सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि वे अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर सरकार के सामने रखें। किसानों से मिले सुझावों और खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News










