मध्य प्रदेश मौसम का ताजा हाल, बुधवार को 16 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, कुछ जगहों पर चलेगी हीटवेव, मानसून की दस्तक जल्द
मानसून की दस्तक से पहले मध्यप्रदेश में मौसम के दो रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ तापमान बढ़ने से गर्मी और उमस हो रही है वही दूसरी तरफ चक्रवाती परिसंचरण के असर से कई जिलों में आंधी-बारिश की स्थिति बनी हुई है। बुधवार को भी 16 जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
साथ ही बुधवार-गुरुवार ( 10 व 11 जून 2026) को भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में हीटवेव की संभावना जताई गई है। हालांकि 12 जून से फिर बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। मुरैना, भिंड, टीकमगढ़ और छतरपुर में ओले गिर सकते हैं। इसके असर से तापमान में भी 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी देखने को मिल सकती है।
मंगलवार को खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के 26 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में पारा 40 डिग्री के आसपास रहा। लेकिन ग्वालियर में 42.8 डिग्री दर्ज हुआ।
बता दें कि मौसम विभाग ने इस वर्ष प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा की संभावना जताई है, हालांकि प्रदेश के 14 जिलों में अब तक 100 प्रतिशत से लेकर 672 प्रतिशत तक अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। 1 से 9 जून के बीच प्रदेश में औसतन आधा इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। निवाड़ी में सामान्य 1.9 मिमी के मुकाबले 14.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो 672 प्रतिशत अधिक है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून 9 जून 2026 को पूर्वोत्तर भारत के शेष भागों, संपूर्ण सिक्किम तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ भागों में आगे बढ़ गया है। आगामी 4-5 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और भागों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु एवं दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के शेष भागों, पश्चिम-मध्य एवं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों तथा पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड एवं बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं, ऐसे में 15 से 20 जून के बीच प्रदेश में मानसून की दस्तक होने की प्रबल संभावना है। मानसून के सबसे पहले मध्यप्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में प्रवेश करने के प्रबल संकेत हैं। सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार 3-4 दिन की देरी से आने की संभावना जताई जा रही है। पिछले वर्ष मानसून एक दिन की देरी से 16 जून को पहुंचा था।
बुधवार को 16 जिलों में बारिश का अलर्ट
बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
लगातार सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री बनने जा रहे PM नरेंद्र मोदी, आज NDA की बैठक में पास होगा अभिनंदन प्रस्ताव
दिल्ली में 10 जून को NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों की बड़ी बैठक होने जा रही है। दरअसल इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया जाएगा। बैठक में बीजेपी और NDA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के लगातार 12 साल पूरे होने के मौके पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और फिर 2024 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर उन्होंने अपना कार्यकाल जारी रखा। अब 10 जून 2026 को वह लगातार सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम करने जा रहे हैं।
क्या है BJP की तैयारी?
वहीं भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने को बड़े स्तर पर पेश कर रही है। पार्टी देशभर में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम चला रही है। दिल्ली में आयोजित बैठक में भी मोदी सरकार के कामकाज और विकास परियोजनाओं पर चर्चा होगी। जानकारी के मुताबिक, मोदी सरकार ने पिछले वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया, रेलवे, एक्सप्रेसवे, रक्षा और गरीब कल्याण योजनाओं पर काम किया है। इसी क्रम में पार्टी ने दिल्ली स्थित मुख्यालय में प्रदर्शनी भी लगाई है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में कई बड़े कदम उठाए हैं।
झंडेवाला मंदिर में पूजा और अन्य कार्यक्रम
वहीं इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में झंडेवाला मंदिर में पूजा और आरती कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी संगठन इस मौके को राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से भी अहम मान रहा है। दरअसल जवाहरलाल नेहरू भारत के पहले प्रधानमंत्री थे। उन्होंने 1952 में पहला आम चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री पद संभाला था। 1947 से 1952 तक वह अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे थे। इसी वजह से लगातार चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल की अलग गणना की जाती है।
नरेंद्र मोदी अब लगातार चुनाव जीतकर 12 साल तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने वाले नेता बन गए हैं। इससे पहले इंदिरा गांधी का कुल कार्यकाल करीब 14 साल रहा था, लेकिन वह लगातार नहीं था। मोदी का मौजूदा कार्यकाल लगातार तीसरी बार की सरकार के रूप में जारी है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News














/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)





