अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले जा रहे इकलौते टेस्ट के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। कप्तान शुभमन गिल और अनुभवी केएल राहुल ने शानदार शतक जड़कर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। वहीं, साई सुदर्शन भी अपने पहले टेस्ट शतक के करीब पहुंचे, लेकिन 81 रन बनाकर आउट हो गए।
दिन की शुरुआत भारत के लिए अच्छी रही, हालांकि यशस्वी जायसवाल एक अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन मोहम्मद सलीम की अतिरिक्त उछाल वाली गेंद पर विकेटकीपर अफसर जजई को कैच थमा बैठे। लंच तक भारत ने 1 विकेट पर 96 रन बना लिए थे।
इसके बाद साई सुदर्शन और केएल राहुल ने पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन की अहम साझेदारी कर भारत को मजबूत आधार दिया। सुदर्शन ने अपने खेल में आत्मविश्वास और आक्रामकता दोनों का शानदार मिश्रण दिखाया। तमिलनाडु के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 13 चौकों की मदद से 81 रन बनाए। हालांकि उन्हें 2 जीवनदान भी मिले, लेकिन वह अपने पहले टेस्ट शतक से चूक गए।
दूसरी ओर केएल राहुल पूरी तरह कंट्रोल में नजर आए। उन्होंने संयम और आक्रामकता के बीच बेहतरीन संतुलन बनाया। अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने उन्हें परेशान करने की कोशिश की, लेकिन राहुल ने शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए अपना 12वां टेस्ट शतक पूरा किया। उनकी पारी में कई आकर्षक चौके शामिल रहे। हालांकि एक मौके पर उनके बल्ले का किनारा लगा, लेकिन अफगान टीम ने अपील नहीं की, जिससे उन्हें बड़ा जीवनदान मिला।
राहुल के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना 11वां टेस्ट शतक पूरा किया। गिल ने 138 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की। उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। कप्तान की यह पारी ऐसे समय आई जब टीम को एक बड़े स्कोर की जरूरत थी।
अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने बीच-बीच में कुछ अच्छे स्पेल जरूर फेंके, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के सामने वे ज्यादा असरदार साबित नहीं हो सके। नई पीसीए स्टेडियम की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर भारतीय बल्लेबाजों ने पूरे दिन नियंत्रण बनाए रखा।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और अफगानिस्तान पर दबाव बढ़ा दिया। भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 368 रन बना लिए थे। ऋषभ पंत ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। अब दूसरे दिन टीम इंडिया की नजर विशाल स्कोर खड़ा करने पर होगी।