North Korea ने US-South Korea सैन्य अभ्यास को युद्ध का पूर्वाभ्यास बताकर दी चेतावनी
उत्तर कोरिया ने अमेरिका एवं दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास को युद्ध का पूर्वाभ्यास बताते हुए शुक्रवार को इसकी निंदा की और आत्मरक्षा के अपने अधिकार का इस्तेमाल करने की धमकी दी। अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेनाएं सोमवार से अपना वार्षिक व्यापक सैन्य अभ्यास शुरू करेंगी। दोनों देशों ने कहा है कि इस साल अभ्यास का दायरा पिछले वर्षों के समान होगा।
दोनों सहयोगी देशों ने कहा है कि ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ अभ्यास का उद्देश्य उत्तर कोरिया के खतरों से निपटने की उनकी तैयारियों को मजबूत करना है। उन्होंने दोहराया कि यह अभ्यास रक्षात्मक प्रकृति का है। उत्तर कोरिया की चेतावनी से संकेत मिलता है कि वह आगामी दिनों में हथियारों के और परीक्षण कर सकता है।
उसके पड़ोसी देशों ने पिछले सप्ताह उत्तर कोरिया के पूर्वी तट से दो बैलिस्टिक मिसाइलों के प्रक्षेपण की जानकारी दी थी। उत्तर कोरिया ने इन प्रक्षेपणों पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन विशेषज्ञों का आकलन है कि इनका संभावित उद्देश्य अमेरिका-दक्षिण कोरिया सैन्य अभ्यास का विरोध करना या हथियार प्रणालियों को उन्नत करना था। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को सरकारी मीडिया में जारी एक बयान में अमेरिका-दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास को ‘‘आक्रामक युद्ध का ऐसा पूर्वाभ्यास’’ बताया जिससे ‘‘क्षेत्र में अलग स्तर की अस्थिरता पैदा हो रही है।’’ बयान में कहा गया, ‘‘किसी नए स्तर के खतरे का जवाब नए स्तर की प्रतिरोधक क्षमता से देकर सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा सतत सिद्धांत है।’’ उत्तर कोरिया ने कहा कि वह ‘‘किसी भी खतरे और चुनौती से निपटने के लिए वैध आत्मरक्षा के अधिकार का जिम्मेदारी और दृढ़ता से इस्तेमाल करके दुश्मनों के प्रति अपना रुख और स्पष्ट रूप से जाहिर करेगा।’’ उत्तर कोरिया ने यह भी कहा कि यह अभ्यास ‘‘पिछले साल की तुलना में कहीं अधिक उकसावे वाला और खतरनाक’’ होगा।
हालांकि, दक्षिण कोरिया एवं अमेरिका ने ऐसा कुछ नहीं कहा है।
US Court में Abhishek Vijaykumar ने स्वीकार किया बाल शोषण सामग्री रखने का अपराध
सागर कुलकर्णी वाशिंगटन, 14 अगस्त अमेरिका के न्यूजर्सी राज्य की एक संघीय अदालत में भारतीय मूल के एक व्यक्ति ने नाबालिगों से जुड़ी यौन शोषण सामग्री तक पहुंच बनाने का अपराध स्वीकार कर लिया है। न्याय विभाग ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, न्यूजर्सी के हैसब्रुक हाइट्स निवासी अभिषेक विजयकुमार ने मार्च 2024 में इस गैरकानूनी सामग्री तक जानबूझकर पहुंच बनाई थी।
जांच के दौरान विजयकुमार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पड़ताल में बाल शोषण से जुड़ी 200 से अधिक तस्वीरें बरामद की गईं। न्याय विभाग के आपराधिक प्रभाग के सहायक अटॉर्नी जनरल ए. टाइसन डुवा ने कहा कि बुधवार को विजयकुमार द्वारा अपराध स्वीकार किया जाना बाल यौन शोषण के खिलाफ जारी लड़ाई में एक और महत्वपूर्ण कदम है। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के नेवार्क क्षेत्रीय कार्यालय की प्रभारी विशेष एजेंट स्टेफनी रॉडी ने कहा, “एफबीआई बाल यौन शोषण और उत्पीड़न करने वालों की पहचान करने और उन्हें रोकने के अपने निरंतर प्रयास जारी रखेगा।” विजयकुमार को छह जनवरी 2027 को सजा सुनाई जाएगी।
उसे अधिकतम 20 वर्ष की कैद हो सकती है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









