ED ने PSIEC पूर्व अफसरों के 4.01 करोड़ रुपये के बैंक खाते फ्रीज किए
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को बताया कि पिछले सप्ताह पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम (पीएसआईईसी) के दो सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ धन शोधन के एक मामले के तहत की गई छापेमारी के दौरान करीब चार करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि के लेन-देन पर रोक लगा दी। यह जांच निगम के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक सुरिंदर पाल सिंह और पूर्व महाप्रबंधक जसविंदर सिंह रंधावा द्वारा अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और अन्य सहयोगियों के नाम पर औद्योगिक भूखंडों के कथित तौर पर वैध आवंटन से जुड़ी है। ईडी ने बताया कि छापेमारी के दौरान 12.15 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई।
एजेंसी ने बताया कि इसके अलावा सिंह और रंधावा के बैंक खातों में जमा 4.01 करोड़ रुपये की राशि के लेन-देन पर रोक लगा दी गई। ईडी ने दावा किया कि अधिकारियों ने “भारी रिश्वत” के बदले “अवैध” भूखंड आवंटित किए गये। एजेंसी के अनुसार, रिश्वत की रकम अधिकारियों को सीधे या परोक्ष रूप से नकद लेन-देन और कई बार में किये गये भुगतान के जरिए मिली।
CPI ने Special Train रद्द करने को साजिश बताया, बिनय विश्वम बोले- हर हाल में जाएंगे दिल्ली
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि विरोध मार्च के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को केरल से नयी दिल्ली ले जाने वाली विशेष ट्रेन को रद्द करने के पीछे राजनीतिक साजिश है। पार्टी ने कहा कि कार्यकर्ता अन्य माध्यमों से राजधानी पहुंचेंगे। भाकपा की केरल इकाई ने ‘दिल्ली चलो, बदलाव जरूरी है’ अभियान के तहत एक सितंबर को होने वाले विरोध मार्च के लिए कोच्चुवेली से दिल्ली तक 20 डिब्बों वाली विशेष ट्रेन बुक की थी।
ट्रेन 29 अगस्त को रवाना होकर दो सितंबर को वापस लौटने वाली थी। भाकपा के प्रदेश सचिव बिनय विश्वम ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आईआरसीटीसी ने हाल में पार्टी को सूचित किया कि विशेष ट्रेन रद्द कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने ट्रेन की बुकिंग के लिए 10 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में जमा किए थे, जिसे बाद में वापस कर दिया गया।
विश्वम ने कहा, “रुपये भेजने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि कल (बुधवार को) हमें नोटिस मिला, जिसमें बताया गया कि सरकार और रेलवे ने विशेष ट्रेन रद्द कर दी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेन रद्द करने का फैसला राजनीति से प्रेरित है और इसका उद्देश्य लोगों को विरोध मार्च में शामिल होने से रोकना है। भाकपा नेता ने कहा कि ट्रेन रद्द होने से दिल्ली मार्च में शामिल होने की पार्टी की योजना पर कोई असर नहीं पड़ेगा। विश्वम ने कहा, “हमारा फैसला पीछे हटने का नहीं बल्कि आगे बढ़ने का है।
केरल से कम्युनिस्ट पार्टी के साथी हरसंभव माध्यम से दिल्ली पहुंचेंगे।” उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता नियमित ट्रेनों और बसों से यात्रा करेंगे तथा जरूरत पड़ने पर आपस में पैसे जुटाकर विमान से भी दिल्ली पहुंचेंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









