Adhaar App Alert: बंद होने जा रहा है पुराना mAadhaar ऐप, तुरंत डाउनलोड करें सरकार का नया नया प्लेटफॉर्म
Adhaar App Alert: अगर आप अपने स्मार्टफोन में आधार कार्ड से जुड़े कामों के लिए पुराने mAadhaar ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए एक बड़ी और बेहद जरूरी खबर है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी यूआईडीएआई (UIDAI) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि पुराना mAadhaar ऐप जल्द ही बंद होने जा रहा है. डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा देने और लोगों की प्राइवेसी को और मजबूत करने के लिए सरकार ने एक नया और एडवांस आधार ऐप पेश किया है. यह नया ऐप पूरी तरह से लाइव हो चुका है और यूजर्स इसे आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं. पुराने ऐप की सेवाएं जल्द ही समाप्त कर दी जाएंगी, इसलिए सभी नागरिकों को नए ऐप पर शिफ्ट होना होगा.
नए आधार ऐप में क्या है खास
यह नया ऐप पुराने ऐप के मुकाबले काफी अलग और एडवांस तकनीक से लैस है. पुराने mAadhaar ऐप में सबसे बड़ी कमी यह थी कि जब भी कोई वेरिफिकेशन होता था, तो यूजर की पूरी प्रोफाइल और सारी निजी जानकारियां सामने आ जाती थीं. नए आधार ऐप में इस समस्या को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है. अब इसमें सेलेक्टिव डेटा शेयरिंग यानी चुनिंदा जानकारी साझा करने की सुविधा दी गई है. इसका मतलब यह है कि किसी जगह वेरिफिकेशन के वक्त आप केवल वही जानकारी शेयर कर पाएंगे जिसकी वहां जरूरत है, बाकी का सारा पर्सनल डेटा पूरी तरह से सुरक्षित और छुपा रहेगा.
शानदार फीचर्स से लैस है नया प्लेटफॉर्म
नए ऐप के आने से आम जनता को कई बेहतरीन और आधुनिक फीचर्स मिलेंगे. इसमें सबसे बड़ा बदलाव सुरक्षा को लेकर किया गया है. अब यूजर ऐप के जरिए ही अपने फिंगरप्रिंट, चेहरे और आंखों के डेटा यानी आइरिस बायोमेट्रिक्स को पूरी तरह से लॉक कर सकते हैं. एक बार बायोमेट्रिक लॉक होने के बाद कोई भी आपकी मर्जी के बिना आपके आधार डेटा का गलत इस्तेमाल नहीं कर पाएगा. इसके अलावा, इस नए ऐप में डिजिटल रूप से प्रमाणित ई-आधार कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा भी दी गई है. इस ऐप की मदद से लोग घर बैठे अपने आधार में मोबाइल नंबर और पता भी अपडेट कर सकते हैं.
क्यूआर कोड और फेस ऑथेंटिकेशन
सुरक्षा को और कड़ा करने के लिए यूआईडीएआई ने इस नए ऐप में सुरक्षित क्यूआर कोड आधारित शेयरिंग और फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा पहचानना) की सुविधा जोड़ी है. पहले जहां केवल मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी के भरोसे ही सारा काम होता था, वहीं अब नए ऐप में सुरक्षा की कई परतें दी गई हैं. अब होटल, अस्पताल, सरकारी दफ्तर या किसी भी सर्विस काउंटर पर इन-पर्सन वेरिफिकेशन के लिए केवल क्यूआर कोड स्कैन करना होगा. इससे कागजी कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ेगी और पहचान की जांच भी बहुत तेजी से और सुरक्षित तरीके से हो जाएगी.
नए ऐप में कैसे करें लॉग इन
नए आधार ऐप को इस्तेमाल करने की प्रक्रिया बहुत ही आसान और सुरक्षित बनाई गई है. इसके लिए सबसे पहले आपको अपने फोन के गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर पर जाकर नया 'Aadhaar' ऐप डाउनलोड करना होगा. ऐप डाउनलोड करने के बाद आपको अपनी पसंदीदा भाषा चुननी होगी. इसके बाद आपको अपना वह मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा जो आपके आधार कार्ड से लिंक है. मोबाइल नंबर डालते ही आपके फोन पर एक ओटीपी आएगा जिसे ऐप में डालना होगा.
रखना होगा इस बात का ध्यान
सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए कुछ यूजर्स से इस चरण पर फेस ऑथेंटिकेशन यानी चेहरा स्कैन करने के लिए भी कहा जा सकता है. इसके बाद आपको ऐप को सुरक्षित रखने के लिए छह अंकों का एक सीक्रेट पिन या पासवर्ड सेट करना होगा. अगर आपका फोन फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक सपोर्ट करता है, तो आप उसे भी इनेबल कर सकते हैं. इसके बाद अपना आधार नंबर डालकर और आखिरी बार ओटीपी डालकर आपकी पूरी प्रोफाइल नए ऐप पर सुरक्षित तरीके से एक्टिव हो जाएगी. ध्यान रहे कि सुरक्षा कारणों से एक डिवाइस में केवल एक ही आधार प्रोफाइल चालू रखी जा सकती है.
Tech Tips: गर्मियों में फ्रिज की कूलिंग हो गई कम? मिनटों में करें ये आसान टेस्ट



News Nation
prabhasakshi
















