Gwalior News : स्वतंत्रता दिवस परेड की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद सिंह तोमर करेंगे ध्वजारोहण
दो दिन बाद हमारा देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है,राज्य शासन के निर्देश के बाद जिला स्तर पर होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ग्वालियर का मुख्य समारोह SAF ग्राउंड पर आयोजित किया जायेगा जिसमें विधान सभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ध्वजारोहण करेंगे, आज गुरुवार को परेड की फुल ड्रेस फ़ाइनल रिहर्सल की गई।
गौरवशाली भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से पूरे देश के साथ साथ ग्वालियर में भी मनाया जायेगा। जिले का मुख्य समारोह 15 अगस्त को कम्पू स्थित एसएएफ मैदान पर आयोजित होगा जहाँ विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।
फाइनल रिहर्सल में भी दिखा वही जज्बा
मुख्य समारोह की तैयारियां लगभग पूर्ण हो गई हैं। मुख्य समारोह में आयोजित होने वाली संयुक्त परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी कार्यक्रमों की गुरुवार 13 अगस्त को एसएएफ मैदान पर फुल ड्रेस एवं फाईनल रिहर्सल की गई, इसमें पुलिस, बीएसएफ, एसएएफ, एनसीसी , होम गार्ड सहित वे सभी टुकडियां शामिल रहीं जो 15 अगस्त को संयुक्त परेड का हिस्सा होंगी ।
परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को अंतिम रूप दिया
फ़ाइनल रिहर्सल में स्कूली बच्चों और अन्य दलों में भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को अंतिम रूप दिया, सभी कार्यक्रमों की तैयारियां कई दिनों से चल रहीं थी, ग्राउंड पर परेड की भी रिहर्सल की जा रही थी जिसे आज अंतिम रूप दिया गया, परम्परा के अनुसार 15 अगस्त से एक दिन पूर्व इन कार्यक्रमों की प्रेक्टिस को विराम दिया जाता और आर फिर 15 अगस्त को ही इसका प्रदर्शन SAF ग्राउंड पर होता है। फाइनल रिहर्सल के अवसर पर अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद व अनिल बनवारिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर एवं एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री के संदेश का होगा सीधा प्रसारण
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को भोपाल में आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रातः 9:25 से 9:55 बजे संदेश वाचन किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण एसएएफ ग्वालियर में आयोजित होने जा रहे जिले के मुख्य समारोह में भी होगा। इसके बाद ग्वालियर के समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष तोमर ग्वालियर जिले के संक्षिप्त संदेश का वाचन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संदेश सुनने के लिये एसएएफ मैदान पर बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।
गांधी मेडिकल कॉलेज स्थापना दिवस: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने दी बड़ी सौगात, आधुनिक फुटसल स्पोर्ट्स एरीना का किया लोकार्पण
गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) भोपाल के विद्यार्थियों को अब तनावमुक्त माहौल देने के लिए परिसर में ही आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी, वहीं कैंसर मरीजों के सटीक इलाज के लिए विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। कॉलेज के 71वें स्थापना दिवस समारोह में पहुंचे उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पूर्व छात्रों के सहयोग से करीब 35 लाख रुपए की लागत से तैयार आधुनिक फुटसल स्पोर्ट्स एरीना का लोकार्पण किया और साथ ही अस्पताल में मल्टी डिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड की शुरुआत भी की। इस गरिमामयी समारोह में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, जीएमसी डीन डॉ. कविता सिंह, हमीदिया अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनीत टंडन, जीएमसी एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गुरुदत्त तिवारी और सचिव डॉ. अजय मेहता सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षक, पूर्व छात्र और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान के पूर्व छात्रों का अपने संस्थान से लगातार जुड़ाव रहना नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए हमेशा एक बड़ी प्रेरणा का काम करता है। उन्होंने रेखांकित किया कि स्वास्थ्य सेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी दिशा में प्रदेश के भीतर चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य अधोसंरचना का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। सरकार द्वारा एमबीबीएस, पीजी और विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा की सीटों को लगातार बढ़ाया जा रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर सुपर स्पेशियलिटी स्तर तक की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहद मजबूत किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के आम नागरिकों को बेहतर और आधुनिक इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।
उप मुख्यमंत्री का बीमारियों की रोकथाम पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने वर्तमान समय में बढ़ रहे बीमारियों के बोझ पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केवल बीमारी का उपचार कर देना ही काफी नहीं है, बल्कि प्रिवेंटिव हेल्थ केयर, स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता के माध्यम से बीमारी के मूल कारणों को नियंत्रित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अंगदान का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए इसे एक जनआंदोलन बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अंगदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे पवित्र माध्यम है। अंगदान करने वाले परिवारों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से अंगदाताओं को गार्ड ऑफ ऑनर देने और उनके परिजनों को स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस के अवसरों पर सम्मानित करने की महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है।
GMC में शुरू हुआ मल्टी डिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड
कैंसर पीड़ितों के इलाज को और सुगम बनाने के लिए जीएमसी में शुरू किए गए मल्टी डिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड के बारे में डीन डॉ. कविता सिंह ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत कैंसर उपचार से जुड़े अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक एक साथ बैठकर मरीज की वास्तविक स्थिति पर चर्चा करेंगे और उसके उपचार की सर्वश्रेष्ठ रणनीति तय करेंगे। इससे विभिन्न डॉक्टरों की राय में होने वाले संभावित अंतर को खत्म किया जा सकेगा और मरीज को एक ही स्थान पर समन्वित उपचार मिल सकेगा। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरी मल्टी डिसिप्लिनरी सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे मरीजों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और उनके इलाज में तेजी आएगी।
35 लाख रुपए की लागत से तैयार हुआ स्पोर्ट्स एरीना
जीएमसी एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गुरुदत्त तिवारी ने बताया कि लगभग 9 हजार वर्गफुट क्षेत्र में 35 लाख रुपए की लागत से यह आधुनिक फुटसल स्पोर्ट्स एरीना तैयार किया गया है, जिसे स्थापना दिवस पर कॉलेज को समर्पित किया गया है। यह परिसर विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस, टीमवर्क और अनुशासन की भावना को बढ़ावा देने के साथ ही उन्हें तनावमुक्त जीवनशैली प्रदान करने में बेहद उपयोगी साबित होगा। एसोसिएशन ने कॉलेज और विद्यार्थियों के हित में भविष्य के विकास कार्यों के लिए करीब एक करोड़ रुपए का एक स्थायी कॉर्पस फंड (एफडी) भी तैयार किया है।
समारोह में मौजूद राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने डॉक्टरों की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है और स्वास्थ्य सुविधाओं को तेजी से सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी मेडिकल कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान प्रदेश को उत्कृष्ट चिकित्सक और विशेषज्ञ प्रदान कर रहे हैं, इसलिए सभी डॉक्टरों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छता जागरूकता प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News








