एनएफएल प्लेयर जैक क्रॉफर्ड का लाइफ लेसन:स्टेडियम के स्टार को 12 लोगों ने डराया, ओपन माइक ने सिखाया- डर का सामना करो
6 फीट 5 इंच लंबा शरीर, एनएफएल के बड़े-बड़े स्टेडियमों का अनुभव और करोड़ों दर्शकों के सामने खेलने का आत्मविश्वास। लेकिन जब अमेरिकी फुटबॉलर जैक क्रॉफर्ड पहली बार न्यूयॉर्क के एक छोटे से कॉमेडी क्लब में ओपन माइक करने पहुंचे, तो उनके हाथ कांप रहे थे। कमरे में मुश्किल से 12 लोग थे। पांच मिनट की परफॉर्मेंस में उनके जोक्स पर कोई नहीं हंसा। इसी असफलता ने उन्हें जिंदगी का सबसे बड़ा सबक सिखाया कि डर से भागने के बजाय उसका सामना करो। 1. डर का सामना करने से बढ़ता है आत्मविश्वास 37 वर्षीय जैक क्रॉफर्ड कई सालों से स्टैंडअप कॉमेडी करना चाहते थे, लेकिन लोगों के जज करने का डर उन्हें रोकता रहा। फिर एक दिन उनका दोस्त उन्हें अचानक ओपन माइक में ले गया। पहली परफॉर्मेंस बुरी रही, लेकिन उसी दिन उन्होंने महसूस किया कि सबसे बड़ा डर असलियत में उतना बड़ा नहीं होता। इसके बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया। उन्होंने कहा, ‘जब आप सबसे डरावनी चीज कर लेते हैं, तो बाकी चीजें छोटी लगने लगती हैं। ’2. गलतियां करना हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) के करियर में भी क्रॉफर्ड का सबसे बड़ा दुश्मन डर ही था। अभ्यास में वे शानदार खेलते थे, लेकिन मैच में गलती का डर उन्हें रोक देता था। डलास काउबॉयज के कोच रॉड मारिनेली ने उनसे कहा, ‘खूब गलती करो, लेकिन मैच में पूरी ताकत से खेलो।’ इसी सोच से उनकी जिंदगी बदल गई। क्रॉफर्ड ने समझा कि हर गलती शर्मिंदगी नहीं होती, बल्कि सीखने का मौका होती है। यही सोच उन्हें स्टैंडअप कॉमेडी में भी काम आई। 3. असहजता कमजोरी नहीं, बल्कि ग्रोथ का संकेत शिकागो यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च में पाया गया कि जो लोग असहज और शर्मिंदगी वाले हालात को सीखने का हिस्सा मानते हैं, वे तेजी से आगे बढ़ते हैं। क्रॉफर्ड के मुताबिक, स्टैंडअप कॉमेडी ‘एक्सपोजर थेरेपी’ की तरह है। जब इंसान बार-बार शर्मिंदगी झेलता है, तो डर खत्म होने लगता है। उन्होंने महसूस किया कि लोग उतना ध्यान नहीं देते जितना हम सोचते हैं। यही सोच मानसिक मजबूती देती है। 4. कभी भी शर्मिंदगी से भागना नहीं चाहिए हाल ही में क्रॉफर्ड ने फिर खराब परफॉर्म किया। दर्शक उनके मजाक से जुड़ नहीं पाए। उन्हें बुरा लगा, लेकिन फर्क यह था कि अब वे उस डर से टूटते नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘अब शर्मिंदगी चुभती जरूर है, लेकिन पहले जितनी नहीं। सबसे जरूरी बात यह है कि अब मैं उससे डरता नहीं हूं।’ क्रॉफर्ड की कहानी यही बताती है कि आत्मविश्वास का मतलब डर खत्म होना नहीं, बल्कि डर के बावजूद आगे बढ़ते रहना है।
कुणाल कोहली बोले-रणवीर सिंह फिर फ्लॉप फिल्म कर सकते हैं:फ्लॉप फिल्मों से स्टारडम खत्म नहीं होता, बॉक्स ऑफिस से एक्टर को जज न करें
फिल्म डायरेक्टर कुणाल कोहली ने अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्मों के फ्लॉप परफॉरमेंस और बॉक्स ऑफिस के दबाव पर खुलकर बात की है। एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में कुणाल ने कहा कि रणवीर सिंह आगे भी हिट फिल्में देंगे और वे फिर से फ्लॉप फिल्म भी दे सकते हैं, यह कोई बड़ी बात नहीं है। कुणाल के मुताबिक, दुनिया का कोई भी बड़ा स्टार फ्लॉप फिल्मों से बच नहीं सकता है। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि किसी भी कलाकार के टैलेंट को सिर्फ फिल्म के हिट या फ्लॉप होने से तय न करें। फ्लॉप फिल्म देना कोई बड़ी बात नहीं कुणाल कोहली ने फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों के रवैये पर बात की। उन्होंने कहा कि जब किसी स्टार की फिल्म नहीं चलती, तो लोग जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया देने लगते हैं। फिल्म इंडस्ट्री में कोई भी ऐसा सुपरस्टार नहीं है जिसकी कोई फिल्म फ्लॉप न हुई हो। हर एक्टर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के जीवन में ऐसा समय आता है। एक फ्लॉप फिल्म किसी कलाकार की काबिलियत तय नहीं कर सकती। रणवीर सिंह फिर से हिट फिल्म देंगे और वे दोबारा फ्लॉप फिल्म भी दे सकते हैं। यह सब फिल्म बिजनेस का हिस्सा है, इसे लेकर ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। बॉक्स ऑफिस से जज करना दर्शकों की कमजोरी रणवीर सिंह की एक्टिंग की तारीफ करते हुए कुणाल ने कहा कि वे एक शानदार अभिनेता हैं। फिल्म 'धुरंधर' में उन्होंने कुछ दृश्यों में बेहतरीन काम किया है। यही नहीं, रणवीर ने उन फिल्मों में भी शानदार एक्टिंग की है जो बॉक्स ऑफिस पर नहीं चल सकी थीं। कुणाल ने दर्शकों को नसीहत देते हुए कहा कि केवल टिकटों की बिक्री देखकर किसी के काम का फैसला करना फिल्म देखने वालों की कमजोरी को दिखाता है। दर्शकों को इस सोच से आगे बढ़कर फिल्म की कहानी और परफॉर्मेंस पर ध्यान देना चाहिए। 'धुरंधर 2' का समर्थन किया था इससे पहले रिलीज होने के समय कुणाल धुरंधर 2 का समर्थन किया था। उन्होंने बताया कि फिल्म की रिलीज से पहले इंडस्ट्री के कई बड़े निर्देशकों का मानना था कि यह फिल्म फ्लॉप हो जाएगी। कुणाल कोहली ने स्क्रीन से बातचीत में कहा कि जब फिल्म रिलीज होने वाली थी, तब उन्होंने कई बड़े निर्देशकों से बात की थी। कुणाल के मुताबिक, इंडस्ट्री ने इस फिल्म का सपोर्ट नहीं किया था। मैंने जिन बड़े डायरेक्टर्स से बात की, उनका कहना था कि फिल्म सोमवार को बैठ जाएगी। भारत की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करते हुए भारत में दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने का रिकॉर्ड बनाया। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने अब तक 1800 करोड़ रुपए ग्रॉस कमाई कर ली है। धुरंधर 2 में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में थे। इसके अलावा फिल्म में संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, गौरव गेरा और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी नजर आए। जबकि पहले पार्ट में अक्षय खन्ना ने भी अहम भूमिका निभाई थी। धुरंधर (2025) और धुरंधर 2 (2026) दोनों ही फिल्मों का निर्देशन आदित्य धर ने किया। फिल्म को ज्योति देशपांडे और आदित्य धर ने मिलकर जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 













.jpg)








