IPL 2026 SRH vs RCB Match Highlights | हैदराबाद की विशाल जीत पर भारी पड़ी बेंगलुरु की 'रणनीति', हारकर भी टॉप पर बेंगलुरु, क्वालीफायर-1 में गुजरात से भिड़ंत
आईपीएल (IPL) के एक बेहद रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 55 रनों से मात दे दी। हालांकि, रनों के इस महासंग्राम में बाजी हारकर भी बेंगलुरु की टीम बाजीगर साबित हुई। हैदराबाद के विशाल स्कोर के सामने आरसीबी ने चतुराई भरी बल्लेबाजी की बदौलत अंक तालिका (Points Table) में अपना शीर्ष (नंबर-1) स्थान और क्वालीफायर-1 का टिकट सुरक्षित कर लिया। अब पहले क्वालीफायर मुकाबले में 26 मई को धर्मशाला में आरसीबी का सामना गुजरात टाइटन्स से होगा, जबकि तीसरे स्थान पर रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अभिषेक शर्मा (56 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी, ईशान किशन (79 रन) के बेखौफ अंदाज और हेनरिक क्लासेन (51 रन) की ताकतवर हिटिंग की बदौलत चार विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। आरसीबी को शीर्ष दो में रहने के लिए 166 रन का स्कोर बनाना था और 178 रन से ज्यादा रन का स्कोर बनाने से उसका शीर्ष स्थान तय था। कप्तान रजत पाटीदार (56 रन) और कृणाल पंड्या (नाबाद 41) के बीच चौथे विकेट के लिए 58 गेंद में 84 रन की भागीदारी से आरसीबी ने 20 ओवर में चार विकेट पर 200 रन बनाकर हारने के बावजूद पहला स्थान सुनिश्चित किया।
आरसीबी (प्लस 0.783), गुजरात टाइटन्स (प्लस 0.695) और सनराइजर्स हैदराबाद (प्लस 0.524) के 18-18 अंक हैं लेकिन नेट रन रेट से क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। अब पहले क्वालीफायर में आरसीबी का सामना 26 मई को धर्मशाला में गुजरात टाइटन्स से होगा। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद 27 मई को एलिमिनेटर में खेलेगी।
आरसीबी ने पावरप्ले में तू्फानी शुरूआत की और जैकब बेथेल की अनुपस्थिति में इस सत्र में पहली बार पारी का आगाज करने उतरे वेंकटेश अय्यर (19 गेंद में 44 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत चार ओवर में 57 रन बना लिए थे। पांचवें ओवर में ईशान मलिंगा (33 रन देकर दो विकेट) ने वेंकटेश की पारी समाप्त की जिनका कैच अभिषेक शर्मा ने लिया जबकि विराट कोहली (15 रन) छठे ओवर में साकिब हुसैन की गेंद पर कवर पर आर स्मरण के हाथों लपके गए। लेकिन तब तक आरसीबी ने छह ओवर में दो विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए थे।
देवदत्त पडिक्कल (21 रन) भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और मलिंगा की गेंद पर डीप मिडविकेट पर अभिषेक के हाथों लपके गए। दस ओवर बाद आरसीबी का स्कोर तीन विकेट पर 100 रन था। पाटीदार और कृणाल ने टीम को 16.4 ओवर में 166 रन तक पहुंचाकर शीर्ष दो में रहना सुनिश्चित किया। अगले ओवर में पाटीदार ने एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
पाटीदार को ट्रेविस हेड (एक ओवर में सात रन देकर एक विकेट) ने आउट किया। जिसके बाद कृणाल और टिम डेविड (नाबाद 15 रन) ने टीम को 200 रन तक पहुंचाया। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घरेलू मैदान पर हर हाल में आक्रामक बल्लेबाजी करने की अपनी रणनीति को बरकरार रखा। अभिषेक (22 गेंद) ने जहां एक बार फिर 20 गेंद में अर्धशतक जड़ा तो वहीं उप-कप्तान किशन ने सटीक टाइमिंग और चतुर बल्लेबाजी से गैप ढूंढकर महज 44 गेंद में तूफानी पारी खेली।
तीसरे नंबर से नीचे बल्लेबाजी करने वाले सभी टीमों के बल्लेबाजों में सबसे निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी क्लासेन (24 गेंद) ने जोश हेजलवुड जैसे विश्व-स्तरीय गेंदबाज की गेंदों को मनमुताबिक खेला। उन्होंने हेजलवुड के तीसरे ओवर (पारी का 13वां ओवर था) में 27 रन बटोरे जिससे टीम ने सुनिश्चित कर लिया कि बल्लेबाजी के लिए एकदम सपाट पिच पर वे 250 रनों के आंकड़ा पार कर लेंगे। किशन और क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 113 रन की साझेदारी निभाई।
पर इसकी शुरुआत अभिषेक ने की, उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को उनके पहले स्पेल में पूरी तरह बेअसर कर दिया। उन्होंने भुवनेश्वर की एक गेंद को बड़ी खूबसूरती से लांग ऑफ के काफी बाहर से ऊपर उठाकर अपना पहला छक्का जड़ा। भुवनेश्वर को उन्होंने कोई मौका नहीं दिया और लगातार दो गेंदों पर उन्हें स्क्वायर-लेग के ऊपर से और दूसरी बार डीप मिड-विकेट के ऊपर से फ्लिक किया। रोमारियो शेफर्ड की गेंदों से दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज को कोई परेशानी होने की उम्मीद नहीं थी, और ऐसा हुआ भी नहीं।
उन्होंने शेफर्ड की गेंदों पर सीधे दो छक्के जड़े, जबकि सुयश शर्मा की गेंद को भी उन्होंने बिना ज्यादा फुटवर्क के ही हवा में ऊपर तक पहुंचा दिया। एक तरफ जहां किशन ने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की और वैसी ही निरंतरता दिखाई जिसकी उम्मीद उनके जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी से की जाती है, वहीं क्लासेन की तारीफ के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे। क्लासेन अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलते हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी क्रिकेट की दुनिया में वह सबसे ज्यादा भरोसेमंद खिलाड़ी बन गए हैं।
आरसीबी के गेंदबाजों ने किशन के पैड्स पर गेंदें डालकर गलती की जिससे उन्हें मनमुताबिक हाथ खोलने का मौका मिल गया। वहीं क्लासेन को न तो सीधी गेंदों से कोई परेशानी हुई और न ही उनके लिए फेंकी गई वाइड गेंदों से। उन्होंने जिस तरह हेजलवुड की गेंदों को धुना, वह रजत पाटीदार की रणनीति को ध्वस्त करने के लिए काफी था। नीतिश रेड्डी ने 12 गेंद में नाबाद 29 रन बनाकर पारी को शानदार अंदाज में खत्म किया। सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने कुल 20 चौके और 16 छक्के जड़े।
For the latest scores, match updates, and in-depth coverage, explore Live Cricket Updates in Hindi on Prabhasakshi
बिहार में विधानसभा स्टाफ के लिए पटना की सड़कों पर दौड़ेंगी गुलाबी और इलेक्ट्रिक बसें, इन 3 रूटों पर होगा संचालन
Bihar News: बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर अब विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष बसें दौड़ती हुई नजर आएंगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने विधानसभा स्टाफ के दैनिक आवागमन को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध बनाने के लिए एक शानदार पहल की है. इस नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों के लिए गुलाबी, हरे रंग की और आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को तैनात किया जाएगा. इस विशेष परिवहन सेवा को सुचारू रूप से चलाने के लिए तीन समर्पित मार्गों को पूरी तरह से अंतिम रूप दे दिया गया है.
यह महत्वपूर्ण निर्णय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और परिवहन मंत्री दामोदर रावत के बीच हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान लिया गया. इस बैठक में सचिवालय के कर्मचारियों के लिए एक बेहतर और संगठित परिवहन सेवा शुरू करने पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी.
कर्मचारियों की मांग पर लगी मुहर
इस बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरी पहल का मुख्य उद्देश्य विधानसभा कर्मचारियों के लिए रोजाना घर से दफ्तर और दफ्तर से घर आने-जाने की सुविधाओं में बड़ा सुधार करना है. दरअसल, इस परिवहन सेवा का प्रस्ताव खुद विधानसभा सचिवालय की ओर से रखा गया था. सचिवालय ने पटना के प्रमुख आवासीय और प्रशासनिक क्षेत्रों से विधानसभा परिसर तक के लिए समर्पित बस सेवा की मांग की थी, ताकि कर्मचारियों को सड़कों पर लगने वाले लंबे जाम और निजी वाहनों की निर्भरता से मुक्ति मिल सके.
परिवहन सचिव ने प्रस्ताव पर दिखाया सकारात्मक रुख
बैठक के दौरान परिवहन सचिव राज कुमार ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जानकारी दी कि विभाग पहले से ही सचिवालय के कर्मचारियों के लिए शहर के विभिन्न मार्गों पर छह इलेक्ट्रिक बसें और पांच गुलाबी बसें चला रहा है. अब इस नई व्यवस्था का विस्तार होने से विधान सभा के कर्मचारियों को भी सीधा लाभ मिलने लगेगा.
इन तीन रूटों पर चलेंगी स्पेशल बसें
परिवहन विभाग और विधानसभा सचिवालय ने मिलकर जिन तीन मार्गों को फाइनल किया है, वे पटना के लगभग सभी प्रमुख हिस्सों को आपस में जोड़ते हैं. पहला रूट एम्स पटना से शुरू होकर फुलवारीशरीफ, अनीसाबाद से होते हुए चितकोहरा और कच्ची तालाब पहुंचेगा. इसके बाद यह बस गर्दनीबाग और मीठापुर होते हुए सीधे बिहार विधान सचिवालय तक जाएगी.
दूसरा रूट चार्ट सगुना मोड़ से शुरू होगा. यहां से बस आरपीएस, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना मोड़, रामनगरी, राजीव नगर थाना और राजवंशी नगर के रास्ते शास्त्री नगर होते हुए बिहार विधान सचिवालय पहुंचेगी.
तीसरा रूट धनकी मोड़ से निर्धारित किया गया है. यह बस धनकी मोड़ से खुलकर कुम्हरार, भूतनाथ मोड़, एनएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया, आर ब्लॉक और बिहार विधानसभा होते हुए चुनाव आयोग और विकास भवन तक जाएगी. इन रूटों के चयन से पटना के अलग-अलग कोनों में रहने वाले कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी.
प्रदूषण और जाम से मिलेगी बड़ी राहत
इस उच्च स्तरीय और महत्वपूर्ण बैठक में विधानसभा के उपसभापति नरेंद्र नारायण यादव, बिहार राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रशासक अतुल वर्मा सहित परिवहन विभाग और विधान सचिवालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के बाद अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का दोहरा उद्देश्य है. एक तरफ जहां सरकारी कर्मचारियों के लिए परिवहन की सुविधा को बेहद सुगम और आरामदायक बनाया जा रहा है.
पर्यावरण के अनुकूल वाहनों के विस्तार को भी समर्थन
दूसरी तरफ पटना शहर में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी यानी पर्यावरण के अनुकूल वाहनों के विस्तार को भी बड़ा समर्थन दिया जा रहा है. इन इलेक्ट्रिक बसों के चलने से शहर में वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी और एक साथ कई कर्मचारियों के बस से सफर करने के कारण सड़कों पर निजी गाड़ियों का दबाव कम होगा, जिससे पटना के लोगों को जाम की समस्या से भी निजात मिल सकेगी.
यह भी पढ़ें: Bihar News: सैटेलाइट टाउन से लेकर पुलिस दीदी तक, 30 दिन में लिए सम्राट चौधरी ने बिहार बदलने वाले ये बड़े फैसले
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi
News Nation























