दुनिया के वित्तीय क्षेत्र में एआई का असर तेजी से बढ़ता दिख रहा है और इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रमुख कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनी एन्थ्रोपिक ने वैश्विक बैंकों के साथ अपनी साझेदारी का विस्तार करते हुए नए समाधान पेश किए।
मौजूद जानकारी के अनुसार, कंपनी ने वित्तीय कामकाज के लिए 10 नए स्वचालित सहायक प्रणाली तैयार किए हैं, जो निवेश प्रस्तुति तैयार करने, वित्तीय मॉडल बनाने, लेखा जांच करने और मूल्यांकन जैसे कार्यों में मदद करेंगे। बता दें कि इन योजनाओ को विशेष रूप से वित्तीय संस्थानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
गौरतलब है कि एन्थ्रोपिक का प्रमुख उत्पाद “क्लॉड” अब माइक्रोसॉफ्ट के दफ्तर संबंधी अनुप्रयोगों के साथ भी काम करेगा। इसका मतलब यह है कि अगर कोई बदलाव एक जगह किया जाता है, तो उसका असर अन्य संबंधित दस्तावेजों में भी अपने आप दिखाई देगा। इससे काम की गति और सटीकता दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
कंपनी ने डेटा के क्षेत्र में भी अपनी साझेदारी मजबूत की है। मौजूद जानकारी के अनुसार, उसने डन एंड ब्रैडस्ट्रीट, मूडीज और थर्ड ब्रिज जैसी संस्थाओं के साथ सहयोग बढ़ाया है, ताकि बेहतर और भरोसेमंद जानकारी के आधार पर निर्णय लिए जा सकें।
इस बीच, कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दारियो अमोदेई और जेमी डाइमोन ने न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम के दौरान इन साझेदारियों पर चर्चा की। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी निकोलस लिन के अनुसार, उनका लक्ष्य यह है कि नई तकनीक को लागू करने में लगने वाला समय महीनों से घटाकर कुछ दिनों तक लाया जाए।
बता दें कि एन्थ्रोपिक पहले से ही वित्तीय क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बना चुका है और कई बड़े बैंक उसकी सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं। हालांकि इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ रही है, जहां ओपनएआई ने भी हाल ही में वित्तीय कार्यों के लिए नए उपकरण पेश किए हैं।
गौरतलब है कि एन्थ्रोपिक ने वर्ष 2025 में वित्तीय उपयोग के लिए एक विशेष प्रणाली शुरू की थी, जिसने इस क्षेत्र में बड़े बदलाव की शुरुआत की। माना जा रहा है कि आने वाले समय में कंपनी सार्वजनिक होने की तैयारी कर रही है, ऐसे में यह कदम उसकी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
Continue reading on the app