MI vs LSG: मुंबई की लखनऊ से टक्कर, दोनों टीमों की जीत पर नजर; क्या प्लेऑफ में पहुंचेंगी?
MI vs LSG IPL 2026: आईपीएल 2026 में सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि दोनों टीमों के लिए करो या मरो की स्थिति जैसा है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों टीमों को हर हाल में जीत की जरूरत है।
मुंबई इंडियंस को सीजन की शुरुआत में खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा था। टीम ने पहले ही मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 221 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर शानदार आगाज किया था। लेकिन इसके बाद टीम की हालत लगातार खराब होती गई। अब MI नौ मैचों में सिर्फ दो जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है और प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म होने की कगार पर हैं।
खिलाड़ियों की चोट से मुंबई परेशान
मुंबई के लिए इस सीजन में लगभग सब कुछ गलत ही हुआ है। कप्तान रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे हैं जबकि सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसे बड़े बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह भी विकेट लेने में संघर्ष कर रहे हैं। हालांकि मैच से पहले रोहित ने फिटनेस टेस्ट दिया और नेट्स में बल्लेबाजी भी की। अगर वह खेलते हैं तो टीम को बड़ा सहारा मिल सकता है।
लखनऊ लगातार 5 मैच हारी
दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स की हालत भी कुछ बेहतर नहीं है। टीम ने शुरुआत में तीन में से दो मैच जीते थे, लेकिन अब लगातार पांच हार के साथ उनकी स्थिति भी कमजोर हो गई है। गेंदबाजी में जहां लखनऊ के तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, वहीं बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही है। खासकर निकोलस पूरन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। नंबर-3 से नीचे आने के बाद उन्होंने आठ पारियों में सिर्फ 82 रन बनाए हैं।
हालांकि लखनऊ के पास अब जोश इंग्लिस जैसे खिलाड़ी उपलब्ध हैं, लेकिन टीम को जीत के लिए सामूहिक बल्लेबाजी प्रदर्शन करना होगा। वहीं मुंबई के लिए नामन धीर एक पॉजिटिव रहे हैं। उन्होंने ऊपर के क्रम में बल्लेबाजी करते हुए पांच पारियों में दो अर्धशतक और एक 45 रन की पारी खेली है। उनके 233 रन टीम में दूसरे सबसे ज्यादा हैं।
मोहसिन खान पर रहेगी नजर
गेंदबाजी में लखनऊ के मोहसिन खान शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने चार मैचों में नौ विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट 6.37 है, जो इस सीजन में बेहतरीन है। वह हार्दिक पांड्या को भी दो बार आउट कर चुके हैं।
आंकड़ों की बात करें तो जसप्रीत बुमराह ने मिचेल मार्श, एडेन मार्करम और ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाजों को हमेशा परेशान किया है। पूरन भी उनके खिलाफ संघर्ष करते दिखे हैं।
पिच नंबर-4 पर खेले जाने वाले इस मैच में एक और हाई स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है। इससे पहले इसी पिच पर पंजाब किंग्स ने 195 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल किया था। मौसम गर्म रहेगा, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मुंबई इंडियंस (संभावित): 1 विल जैक्स, 2 रयान रिकेल्टन (विकेट कीपर), 3 नमन धीर, 4 सूर्यकुमार यादव, 5 तिलक वर्मा, 6 हार्दिक पांड्या (कप्तान), 7 रॉबिन मिंज, 8 शार्दुल ठाकुर, 9 ट्रेंट बोल्ट, 10 एएम गज़नफर, 11 जसप्रीत बुमराह, 12 रघु शर्मा
लखनऊ सुपर जायंट्स (संभावित): 1 मिशेल मार्श, 2 एडेन मार्करम, 3 ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), 4 जोश इंग्लिस/निकोलस पूरन, 5 आयुष बडोनी, 6 हिम्मत सिंह, 7 मुकुल चौधरी, 8 जॉर्ज लिंडे, 9 मोहम्मद शमी, 10 प्रिंस यादव, 11 दिग्वेश राठी, 12 मोहसिन खान
IPL 2026: RCB को आईपीएल के बीच लगा झटका, खूंखार खिलाड़ी अचानक घर लौटा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल 2026 के बीच एक बड़ी चिंता सामने आई। टीम के विस्फोटक ओपनर फिल सॉल्ट उंगली की चोट के कारण इंग्लैंड लौट गए, जहां उनका स्कैन कराया जा रहा। इस वजह से वह पिछले तीन मैचों में भी नहीं खेल पाए थे और अब उनकी वापसी को लेकर सस्पेंस बना हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक, सॉल्ट को यह चोट 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी। वह बाउंड्री बचाने के लिए डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर डाइव लगा रहे थे, तभी उनके बाएं हाथ की उंगली चोटिल हो गई। हालांकि फ्रेंचाइजी ने चोट की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि चोट गंभीर हो सकती है, इसलिए उन्हें स्कैन के लिए इंग्लैंड भेजा गया।
सॉल्ट चोट के कारण इंग्लैंड लौटे
सॉल्ट इस सीजन शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने 6 पारियों में 202 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 168.33 का रहा। ऐसे में उनका टीम से बाहर होना RCB के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब टीम अपने खिताब को बचाने की कोशिश कर रही है।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के कहने पर सॉल्ट को वापस बुलाया गया है, ताकि उनकी चोट की सही स्थिति का आकलन किया जा सके। हालांकि RCB और सॉल्ट दोनों को उम्मीद है कि वह इस महीने के अंत तक टीम के साथ फिर जुड़ सकते हैं।
सॉल्ट की जगह बेथेल खेलेंगे
सॉल्ट की गैरमौजूदगी में जैकब बेथेल को मौका मिला है, जो अब तक टॉप ऑर्डर में विराट कोहली के साथ ओपनिंग कर रहे हैं। हालांकि बेथेल अभी तक कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ 39 रन बनाए हैं, लेकिन सॉल्ट की अनुपस्थिति के चलते उन्हें और मौके मिलने की संभावना है। टीम के पास एक और इंग्लिश बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स भी विकल्प के रूप में मौजूद हैं।
अगर सॉल्ट की चोट ज्यादा गंभीर होती है और वह पूरे सीजन से बाहर हो जाते हैं, तो आईपीएल नियमों के तहत RCB को रिप्लेसमेंट लेने का विकल्प मिलेगा। हालांकि फिलहाल फ्रेंचाइजी उन्हें पूरा समय देना चाहती है ताकि वह जल्द ठीक होकर वापसी कर सकें।
इस बीच, RCB को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार के बाद 6 दिन का ब्रेक मिला है। टीम के कुछ खिलाड़ी इस दौरान मालदीव भी गए हैं, ताकि अगले मुकाबले से पहले खुद को तरोताजा कर सकें। अब RCB का अगला मैच लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होना है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi















.jpg)





