राजगढ़ में डंपर में जा घुसी कार, 3 की मौत, 2 घायल, उज्जैन दर्शन के लिए निकला था परिवार
रफ्तार हमेशा हादसों का कारण बनती है। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के राजगढ़ इलाके से सामने आया है। जहां ब्यावरा फोरलेन एनएच-52 पर सारंगपुर के नजदीक एक कार डंपर में घुस गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक यह परिवार राजस्थान के धौलपुर से उज्जैन के लिए बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए निकला था। सारंगपुर के समीप इनकी कार हादसे का शिकार हो गई। कार में कुल सात लोग सवार थे, जिसमें ड्राइवर सहित परिवार के 6 सदस्य हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे में 3 की मौत, 2 घायल, 2 सुरक्षित
आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे में कार सड़क किनारे खड़े हुए डंपर में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें बैठे मां, बेटे और बहू की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार परिवार का एक सदस्य और ड्राइवर घायल हुए हैं जबकि दो बच्चे सुरक्षित हैं। घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शिकार हुए ये सदस्य
इस घटना में 65 वर्षीय सोमा, 42 वर्षीय अंकुर और 40 वर्षीय अर्चना की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं 22 वर्षीय निहाल और कार चालक अब्दुल गंभीर रूप से घायल है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के समय कार में अंकुर और अर्चना के दो बेटे 14 वर्षीय अंश और 10 वर्षीय तेजस मौजूद थे। दोनों बच्चों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
इस घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। गाड़ी की हालत देखकर इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है की टक्कर कितनी जबरदस्त तरीके से हुई थी। यह बताया जा रहा है कि एनएच-52 पर कार चालक ओवरटेक कर रहा था। तभी वह सड़क के किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रक में पीछे से टकरा गया। यह घटना मंगलवार सुबह 5:30 बजे की बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। जिन लोगों की घटना में मौत हुई है उनके शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। शुरुआती जांच में ओवरटेक के दौरान हादसा होने की बात कही गई है।
छतरपुर में सरकारी गाड़ी में अधिकारी की सीट पर बैठा दिखा कुत्ता, वीडियो हुआ वायरल, प्रशासन पर उठे सवाल
छतरपुर जिले से सामाजिक न्याय विभाग के शासकीय वाहन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल वीडियो में सरकारी गाड़ी की अधिकारी के लिए आरक्षित सीट पर एक कुत्ता बैठा नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी वाहनों के इस्तेमाल और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी सौरभ तिवारी के लिए आरक्षित सीट पर अधिकारी मौजूद नहीं हैं। उनकी जगह वाहन में एक कुत्ता बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। इस अजीबोगरीब नजारे को देखकर वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया।
स्थानीय लोगों ने बनाया वीडियो
दरअसल घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया और बाद में इसे सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर कर दिया। वीडियो इंटरनेट पर सामने आते ही तेजी से वायरल होने लगा।
वीडियो वायरल होने के बाद लोग सरकारी वाहन के इस तरह इस्तेमाल को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे प्रशासनिक लापरवाही बता रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस मामले को लेकर चुटकी भी ले रहे हैं।
सरकारी वाहन के इस्तेमाल पर उठे सवाल
सरकारी वाहनों का इस्तेमाल आमतौर पर शासकीय कार्यों और विभागीय अधिकारियों के आवागमन के लिए किया जाता है। ऐसे में अधिकारी की तय सीट पर कुत्ते के बैठे होने का वीडियो सामने आने के बाद सरकारी वाहन के उपयोग को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों का कहना है कि शासकीय वाहनों और सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल तय नियमों के अनुसार होना चाहिए। इस तरह की घटनाओं से प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर गलत संदेश जाता है।
अधिकारी की ओर से नहीं आया कोई स्पष्टीकरण
वहीं इस पूरे मामले में फिलहाल संबंधित विभाग या जिम्मेदार अधिकारी सौरभ तिवारी की ओर से कोई आधिकारिक सफाई या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। वीडियो वायरल होने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर इस मामले में क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
सुबोध त्रिपाठी की रिपोर्ट
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News










