Responsive Scrollable Menu

हमारी रोजमर्रा की आदतें बिगाड़ रही हैं पेट की सेहत, समय रहते बदलाव क्यों है जरूरी

नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। अक्सर हम पाचन संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं। यहां तक कि पेट में होने वाले दर्द और कब्ज को जीवन का हिस्सा भी मान लेते हैं। यहां तक कि बवासीर जैसी समस्याओं को भी हम कभी-कभार होने वाली दिक्कत के तौर पर ले लेते हैं। लेकिन अब डॉक्टर साफ तौर पर कह रहे हैं कि आज की जीवनशैली इन दिक्कतों को पहले से ज्यादा बढ़ा रही है। यानी यह सिर्फ छोटी परेशानी नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की आदतों का नतीजा भी हो सकती है।

हाल ही में, अमेरिकन गैस्ट्रोएंटरोलॉजिकल एसोसिएशन ने कुछ नई गाइडलाइंस जारी की हैं जिनमें बताया गया है कि हमारी खाने-पीने और बाथरूम से जुड़ी आदतें सीधे तौर पर पाचन तंत्र को प्रभावित करती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अगर पेट रोज सही तरीके से साफ होता रहे, तो हम पाचन संबंधी कई समस्याओं से बच सकते हैं।

हमारे पाचन को ठीक रखने में फाइबर बहुत अहम भूमिका निभाता है। यह मल को नरम बनाता है और उसे आसानी से बाहर निकलने में मदद करता है। लेकिन सच यह है कि ज्यादातर लोग रोज़ जितना फाइबर लेना चाहिए, उतना नहीं ले पाते। आजकल लोगों का झुकाव हाई प्रोटीन डाइट की ओर ज्यादा हो गया है। वजन घटाने या फिट रहने के चक्कर में लोग प्रोटीन, खासकर मांस ज्यादा खाने लगे हैं, जिसमें बिल्कुल भी फाइबर नहीं होता है। समस्या यह नहीं कि प्रोटीन खराब है। समस्या यह है कि इस दौड़ में फाइबर वाली चीजें हमारी थाली से गायब होती जा रही हैं। जब इस तरह की उच्च प्रोटीन वाली चीजें हमारे खान-पान का मुख्य आहार बन जाती हैं तो पाचन धीमा पड़ जाता है, जिससे कब्ज और आगे चलकर बवासीर का खतरा बढ़ सकता है।

डॉक्टर साफ़ कहते हैं कि समाधान बहुत मुश्किल नहीं है। बस अपनी प्लेट में संतुलन लाना होगा, यानी दालें और बीन्स, साबुत अनाज (जैसे दलिया, ओट्स), ताजे फल, हरी सब्जियां, बीज और मेवे। क्योंकि ये सभी चीजें फाइबर से भरपूर होती हैं और पाचन को बेहतर बनाए रखती हैं। अगर ये रोज के खाने में शामिल हों, तो कब्ज की समस्या काफी कम हो सकती है।

दिलचस्प तथ्य जीवनशैली से जुड़ा हुआ यह भी है कि सिर्फ खाना ही नहीं, हमारी बाथरूम से जुड़ी आदतें भी बड़ी भूमिका निभाती हैं। आजकल एक आम आदत बन गई है- टॉयलेट में फोन लेकर बैठना। लोग वहां बैठकर सोशल मीडिया देखते रहते हैं, मैसेज पढ़ते हैं और कई बार जरूरत से ज्यादा देर तक बैठे रहते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, यह आदत नुकसानदेह हो सकती है। लंबे समय तक टॉयलेट सीट पर बैठे रहने से निचले हिस्से की नसों पर दबाव बढ़ता है, जिससे सूजन और बवासीर का खतरा बढ़ जाता है। बवासीर असल में शरीर के निचले हिस्से की नसों में सूजन होती है, जो अक्सर तब होती है जब हम मल त्याग के दौरान ज्यादा ज़ोर लगाते हैं।

बवासीर आमतौर पर कब्ज से जुड़ा होता है। यह भले ही एक आम समस्या की तरह लगे, लेकिन अगर ये समस्या लंबे समय तक बनी रहे या मल के साथ खून दिखे, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कई बार लोग इसे सिर्फ बवासीर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है, जैसे कोलन कैंसर। ऐसे मामलों में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

अंत में पूरी बात का सार यही है कि हमारी छोटी-छोटी रोजमर्रा की आदतें ही हमारी सेहत तय करती हैं। यह कोई जटिल इलाज नहीं, बल्कि जागरूकता और नियमितता का मामला है और अच्छी बात यह है कि इसे हर व्यक्ति अपनी दिनचर्या में आसानी से शामिल कर सकता है।

--आईएएनएस

एएस/

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Continue reading on the app

दिल्ली के विवेक विहार में आग का कहर, चार मंजिला इमारत बनी मौत का जाल; 8 लोगों की गई जान

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार (3 मई) सुबह एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में 8 लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए. आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:48 बजे दमकल विभाग को मिली. बताया जा रहा है कि आग बी-13 नाम की इमारत के दूसरे फ्लोर पर शुरू हुई और धीरे-धीरे पूरे इमारत में फैल गई. आग और धुएं के कारण अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया.

दमकल की टीम ने किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. करीब ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया. इस दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

मौत और घायलों की संख्या

इस हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें कुछ लोग जिंदा जल गए. वहीं 4 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. प्रशासन का कहना है कि सर्च ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही सही आंकड़ा सामने आएगा.

क्या बोले अधिकारी?

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि टीम लगातार इमारत की तलाशी ले रही है. पुलिस, दमकल और स्थानीय प्रशासन की टीमें मिलकर हर फ्लोर की जांच कर रही हैं ताकि कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए.

आग लगने की वजह की जांच

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग एसी में हुए विस्फोट की वजह से लगी हो सकती है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फॉरेंसिक टीम और दमकल विभाग के अधिकारी आग के असली कारण का पता लगाने में जुटे हैं.

इस हादसे के बाद इमारत में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य काफी मुश्किल रहा. फिलहाल प्रशासन ने जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी देने की बात कही है.

यह भी पढ़ें- दिल्ली में DLSA अधिकारी ने की आत्महत्या, घर में फंदे से लटका मिला शव

Continue reading on the app

  Sports

दुनिया के वो 5 बल्लेबाज...जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में जड़े सबसे तेज शतक, एक बैटर का दो बार आया नाम

Fastest Hundreds in T20 world cup: टी20 वर्ल्ड कप में शतकों की कहानी क्रिकेट की बदलती आक्रामकता का प्रमाण है. 2007 में क्रिस गेल के ऐतिहासिक शतक से शुरू हुआ यह सफर, आज एक नए मुकाम पर है. फिन एलेन ने मार्च 2026 में शतक जड़कर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया. हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल की तेजतर्रार पारियों ने साबित कर दिया कि मॉडर्न एरा के बल्लेबाज अब गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी हैं. यह रिकॉर्ड्स टी20 क्रिकेट के निडर और रोमांचक भविष्य की झलक हैं. Tue, 5 May 2026 16:25:55 +0530

  Videos
See all

Mamata Banerjee | Breaking News: मैं हारी नहीं हूं, इस्तीफा नहीं दूंगी - ममता बनर्जी | #breakingnews #tmktech #vivo #v29pro
2026-05-05T11:05:16+00:00

Mamata Banerjee | 'मैं हारी नहीं हूं...इस्तीफा नहीं दूंगी'-ममता बनर्जी | #mamatabanerjee #resign #tmktech #vivo #v29pro
2026-05-05T11:03:38+00:00

West Bengal Election Results 2026 LIVE: बीजेपी की जीत के बाद आपस में भिड़े बीजेपी-TMC कार्यकर्ता #tmktech #vivo #v29pro
2026-05-05T11:11:02+00:00

Mamata Banerjee Resigns LIVE: सीएम पद पर अड़ गईं Mamata Banerjee! | Bengal Election Results 2026 |TMC #tmktech #vivo #v29pro
2026-05-05T11:05:03+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers