टेक्सास के हिल कंट्री इलाके में विंबर्ली के पास छोटा विमान क्रैश, पांच लोगों की मौत
वाशिंगटन, 1 मई (आईएएनएस)। टेक्सास के हिल कंट्री इलाके में विंबर्ली के पास 30 अप्रैल की रात एक छोटा विमान हादसे का शिकार हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की वजह जानने के लिए संघीय एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
हेस काउंटी के अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 11:05 बजे आपातकालीन टीमों को सूचना मिली कि इलाके में एक विमान क्रैश हो गया है।
यह विमान सेसना 421सी बताया गया है, जिसमें कुल पांच लोग सवार थे। अधिकारियों ने पुष्टि की कि हादसे में सभी पांच लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना विंबर्ली के पास हुई, जो लगभग 3,000 लोगों का छोटा सा शहर है और सैन मार्कोस से करीब 15 मील पश्चिम और ऑस्टिन से लगभग 40 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं और शुक्रवार सुबह तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा। अधिकारियों ने कहा कि मौजूदा निष्कर्षों के आधार पर हवा में किसी अन्य विमान से टकराने का कोई संकेत नहीं मिला है।
एक दूसरा विमान भी उस समय उसी इलाके के पास उड़ान भर रहा था, जो सुरक्षित रूप से न्यू ब्रौनफेल्स में लैंड कर गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी यह साफ नहीं है कि दोनों विमान साथ उड़ रहे थे या नहीं, और न ही यह पता चला है कि वे कहां से उड़ान भरकर आए थे।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) को इस हादसे की जानकारी दे दी गई है और वे इसकी जांच करेंगे। अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और कहा है कि उनके परिजनों को जानकारी देने के बाद ही नाम जारी किए जाएंगे।
मामले को लेकर जारी जांच में बताया गया है और अधिकारियों ने कहा है कि जैसे-जैसे नई जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा।
सेसना 421सी एक दो इंजन वाला छोटा विमान है, जिसमें आमतौर पर छह लोग बैठ सकते हैं और इसे ज्यादातर निजी और बिजनेस यात्रा के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
पिछले कुछ महीनों में टेक्सास हिल कंट्री में हुआ दूसरा घातक विमान हादसा है। इससे पहले दिसंबर में फ्रेडरिक्सबर्ग के पास एक लैंकेयर लिगेसी विमान क्रैश हुआ था, जिसमें उसमें सवार एकमात्र व्यक्ति की मौत हो गई थी। छोटे विमानों के हादसे वैसे तो बहुत आम नहीं होते हैं, लेकिन इनकी जांच एनटीएसबी की ओर से की जाती है, जो मौसम, तकनीकी खराबी और पायलट की स्थिति जैसे कारणों की जांच करके अंतिम रिपोर्ट तैयार करता है।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
सीओएएस उपेंद्र द्विवेदी और अस्रयान की अहम बैठक, भारत-आर्मेनिया रक्षा सहयोग पर जोर
नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आर्मेनिया की सशस्त्र सेनाओं के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान से मुलाकात की।
इस दौरान दोनों के बीच मौजूदा वैश्विक रणनीतिक हालात, रक्षा सहयोग को मजबूत करने, सैन्य सहयोग बढ़ाने और आपसी हितों वाले क्षेत्रों में मिलकर काम करने पर बातचीत हुई।
भारतीय सेना के एडीजीपीआई (भारतीय सेना के अतिरिक्त जन सूचना महानिदेशालय) ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर बताया, “लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान ने सीओएएस जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। बातचीत में मौजूदा रणनीतिक हालात, भारत-आर्मेनिया रक्षा सहयोग को मजबूत करने, सैन्य साझेदारी बढ़ाने और आपसी हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग पर ध्यान दिया गया।”
इस समय भारत के आधिकारिक दौरे पर आए लेफ्टिनेंट जनरल अस्रयान ने इससे पहले रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से भी मुलाकात की थी, जिसमें रक्षा सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
आर्मेनिया के रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर लिखा, “भारत दौरे के दौरान आर्मेनिया के रक्षा उपमंत्री और सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान ने भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर बातचीत हुई।”
इससे पहले मंगलवार को लेफ्टिनेंट जनरल अस्रयान ने भारतीय वायु सेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह से भी मुलाकात की। इस बैठक में ऑपरेशनल सहयोग बढ़ाने, आपसी तालमेल (इंटर-ऑपरेबिलिटी) मजबूत करने और वायु सेना के स्तर पर संबंध बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।
भारतीय वायु सेना के मीडिया कोऑर्डिनेशन सेंटर ने एक्स पर बताया, “लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान ने एयर चीफ मार्शल एपी सिंह से मुलाकात की। बातचीत में ऑपरेशनल सहयोग, आपसी तालमेल और द्विपक्षीय वायु शक्ति संबंधों को मजबूत करने पर फोकस रहा।”
आर्मेनिया के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक में भी रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा, लेफ्टिनेंट जनरल अस्रयान ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान से भी मुलाकात की। दोनों ने मिलकर सैन्य उपकरणों के विकास में संयुक्त परियोजनाओं की संभावनाओं पर बात की।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation




















