पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कांग्रेस कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की कथित हत्या के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। इस घटना पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी की सरकार पर सीधा निशाना साधा है। राहुल गांधी ने इसे बंगाल में लोकतंत्र की जगह 'टीएमसी का गुंडा राज' चलने जैसा बताया है। देबदीप चटर्जी आसनसोल उत्तर से कांग्रेस उम्मीदवार श्री प्रसेनजीत पुइतांडी के साथ काम करते थे।
राहुल गांधी ने टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि चुनाव के बाद टीएमसी से जुड़े गुंडों द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की हत्या बेहद शर्मनाक है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बंगाल में विपक्ष की आवाजों को डराना, उन्हें मारना और मिटाना टीएमसी का स्वभाव बन गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में हो रही राजनीतिक हिंसा लगातार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है।
कांग्रेस हमेशा अहिंसा के रास्ते पर रही है
राहुल गांधी ने अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति कभी हिंसा पर नहीं टिकी है और न ही कभी टिकेगी। उन्होंने कहा, "हमने भी अपने कई कार्यकर्ता खोए हैं, लेकिन इसके बावजूद हमने हमेशा अहिंसा और संविधान का रास्ता चुना है। यही हमारी विरासत है और यही हमारा संकल्प है।"
कांग्रेस की मांग
कांग्रेस ने ममता सरकार से इस मामले में तत्काल और ठोस कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने अपनी मांग साफ तौर पर रखी है कि सभी दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें सबसे सख्त सजा मिले। देबदीप के परिवार को पूरी सुरक्षा दी जाए और परिवार को उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
राहुल गांधी ने अंत में कहा कि भारत की अहिंसक परंपरा को कलंकित करने वाली इस राजनीति के सामने कांग्रेस झुकने वाली नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय जरूर मिलेगा।
Continue reading on the app