PSL Final: पीएसएल फाइनल में दर्शकों को एंट्री मिलेगी या नहीं? प्रधानमंत्री की तरफ से हो गया फैसला
PSL Final 2026: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में अब दर्शकों को स्टेडियम में बैठकर मैच देखने का मौका मिलेगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने फ्रेंचाइजी मालिकों की मांग को मंजूरी दे दी है। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक रूप से घोषणा की कि 3 मई को लाहौर में होने वाले फाइनल मैच में प्रशंसकों को प्रवेश दिया जाएगा।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी, जो सरकार में आंतरिक मंत्री भी हैं, ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने फाइनल में दर्शकों की मौजूदगी को स्वीकृति दे दी है। इससे क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है।
पीएसएल के लीग मुकाबले बिना दर्शकों के खेले गए
इस साल पाकिस्तान सुपर लीग की शुरुआत बंद दरवाजों के पीछे हुई थी। टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में दर्शकों को स्टेडियम आने की अनुमति नहीं थी। इसकी मुख्य वजह ईरान युद्ध के चलते बढ़ी ईंधन कीमतें और देश में लागू बचत उपाय बताए गए थे।
पीएसएल फाइनल में दर्शकों की एंट्री होगी
सरकार ने उस समय लोगों से यात्रा कम करने और घर से काम करने की अपील की थी। ऐसे में बोर्ड अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा था कि जब जनता से घर पर रहने को कहा जा रहा है, तब रोजाना हजारों दर्शकों को मैच देखने बुलाना उचित नहीं होगा।
2 शहरों में ही खेले गए मुकाबले
स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस सीजन लीग के आयोजन स्थलों की संख्या भी घटा दी थी। पहले जहां मुकाबले 6 शहरों में खेले जाने थे, वहीं बाद में इसे घटाकर सिर्फ दो शहरों तक सीमित कर दिया गया। लाहौर और कराची में मैच हुए, लेकिन वहां भी दर्शकों की एंट्री पर रोक थी।
अब फाइनल मुकाबले में दर्शकों को अनुमति मिलने से टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ गया। लाहौर का स्टेडियम खचाखच भरा नजर आ सकता है। पाकिस्तान सुपर लीग देश का सबसे बड़ा खेल आयोजन माना जाता है और हर साल इसे लेकर जबरदस्त उत्साह रहता है।
तीन टीमों ने प्लेऑफ में जगह बना ली
टूर्नामेंट की बात करें तो बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर जाल्मी, मुल्तान सुल्तांस और तीन बार की चैंपियन इस्लामाबाद यूनाइटेड ने प्लेऑफ के लिए जगह बना ली है। वहीं चौथे स्थान के लिए मुकाबला अभी बाकी है।
मौजूदा चैंपियन लाहौर कलंदर्स, पहली बार खेल रही हैदराबाद किंगमेन और कराची किंग्स अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बने हुए हैं। आने वाले मुकाबले तय करेंगे कि अंतिम चार में कौन सी टीम पहुंचेगी।
फाइनल में दर्शकों की वापसी से खिलाड़ियों का जोश भी बढ़ेगा। लंबे समय बाद स्टेडियम में शोर, तालियां और समर्थन का माहौल देखने को मिलेगा। अब सबकी नजर 3 मई को लाहौर में होने वाले खिताबी मुकाबले पर है।
IPL Slapgate: 'हरभजन ने 1 करोड़ कमाए...' IPL थप्पड़कांड पर श्रीसंत का बड़ा आरोप, भज्जी को किया ब्लॉक
IPL Slapgate: इंडियन प्रीमियर लीग के पहले सीजन का चर्चित 'स्लैपगेट' विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर नए आरोप लगाए। श्रीसंत ने कहा कि 2008 में हुए उस विवादित थप्पड़ कांड का इस्तेमाल हरभजन ने अपने फायदे के लिए किया।
एक मलयालम मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में श्रीसंत ने दावा किया कि हरभजन सिंह ने हाल ही में एक विज्ञापन किया, जिसमें 2008 की घटना का जिक्र था। श्रीसंत के मुताबिक, इस विज्ञापन से हरभजन ने करीब 80 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये तक कमाए।
श्रीसंत ने यह भी कहा कि हरभजन ने उनसे उस विज्ञापन को सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए कहा था। इस पर उन्होंने साफ मना कर दिया। श्रीसंत ने कहा, 'मैं माफ कर सकता हूं, लेकिन भूल नहीं सकता। अगर भूल जाऊं, तो वही चीज फिर हो सकती है।'
मैंने इंस्टाग्राम पर हरभजन को ब्लॉक किया: श्रीसंत
उन्होंने बताया कि अब उन्होंने हरभजन सिंह को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया और दोनों के रिश्ते पूरी तरह खत्म हो चुके। श्रीसंत का कहना है कि पिछले कुछ समय में दोनों के बीच जो सार्वजनिक मंचों पर हंसी-मजाक दिखा, वह वास्तविक नहीं था।
श्रीसंत ने यह भी आरोप लगाया कि हरभजन हाल की बातचीतों में उनकी बेटी का नाम लेकर अपनी छवि बेहतर दिखाने की कोशिश कर रहे थे, जिससे वह असहज महसूस कर रहे थे।
क्या था 'स्लैपगेट' मामला?
यह विवाद अप्रैल 2008 का है, जब आईपीएल के पहले सीजन में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच खेला गया था। मुकाबले के बाद हाथ मिलाने के दौरान हरभजन सिंह ने श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। घटना के बाद श्रीसंत मैदान पर रोते नजर आए थे।
इस विवाद के बाद हरभजन सिंह को पूरे सीजन से निलंबित कर दिया गया था और उनकी मैच फीस भी काट ली गई थी। यह आईपीएल इतिहास के सबसे चर्चित विवादों में से एक माना जाता है।
पिछले साल यह मामला फिर चर्चा में आया था, जब पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने इस घटना से जुड़ा पुराना वीडियो साझा शेय़र किया था। तब हरभजन सिंह ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण गलती बताया था और पछतावा भी जताया था। उस समय श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने ललित मोदी की आलोचना की थी और कहा था कि पुराने मामले को दोबारा उछालने की जरूरत नहीं थी। हालांकि ललित मोदी ने अपने बयान का बचाव किया था। फिलहाल हरभजन सिंह ने श्रीसंत के नए आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। लेकिन 18 साल पुराना यह विवाद एक बार फिर क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi



















