KL Rahul Century: दिल्ली कैपिटल्स के बैटर केएल राहुल ने शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में शतक ठोक इतिहास रच दिया। ये राहुल का इस सीजन का पहला शतक है और ओवरऑल छठा। इसके साथ ही राहुल आईपीएल में सबसे अधिक शतक ठोकने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में क्रिस गेल (6) के बराबर आ गए। आईपीएल में सबसे ज्यादा 8 शतक विराट कोहली के नाम हैं।
राहुल ने महज 47 गेंद में अपना शतक पूरा किया। वो तीन अलग-अलग टीमों के खिलाफ एक से अधिक शतक ठोकने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। वो पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए दो-दो शतक ठोक चुके हैं। केएल राहुल नाबाद लौटे और उन्होंने 67 गेंद में 152 रन की पारी खेली। राहुल की इस पारी में 9 छक्के और 16 चौके आए। यानी बाउंड्री से ही उन्होंने 118 रन ठोक डाले।
केएल राहुल पारी की शुरुआत से ही पूरे रंग में नजर आए। उन्होंने दूसरे ही ओवर में लगातार 2 चौके ठोके अपने इरादे जता दिए थे। इसी सिलसिले को बरकरार रखते हुए महज 26 गेंद में पचास रन के पार पहुंच गए। फिफ्टी के बाद राहुल ने पूरी तरह गियर बदल लिए और 14वें ओवर में अर्शदीप सिंह के खिलाफ तीन चौके और छक्का लगाकर 90 रन का आंकड़ा पार कर लिया। अगले ही ओवर में राहुल ने चौका लगाकर अपना शतक पूरा कर लिया। राहुल ने शतक पूरा करने के लिए 12 चौके और 5 छक्के उड़ाए। शतक जड़ने के बाद उनका जश्न देखने लायक था। राहुल दिल्ली के लिए सबसे तेज सेंचुरी पूरी करने वाले बैटर बन गए। वहीं, आईपीएल में उनका यह मे पहली सेंचुरी है, जो 50 से कम गेंदों में आई।